
बेटे ने 14 साल बाद लिया पिता की हत्या का बदला, युवक को गोली मारकर मौत के घाट उतारा
शामली में एक युवक ने 14 साल बाद अपने पिता की मौत का बदला लिया। बेटे ने 45 साल के शख्स की गोली मारकर हत्या कर दी और फरार हो गया। उधर, मर्डर की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच पड़ताल में जुट गई।
यूपी के शामली से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। जहां एक बेटे ने 14 साल बाद अपने पिता की मौत का बदला लिया। युवक ने 45 साल के शख्स की गोली मारकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। उधर, मर्डर की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। वहीं, आरोपित की तलाश में एक टीम को लगा दिया गया।
खून का बदला खून से लेने वाला ये मामला मंगलोरा गांव का है। पुलिस के मुताबिक जयवीर नाम का शख्स जब शनिवार शाम अपने खेतों से काम करके लौट रहा था, तभी 30 साल के राहुल ने उस पर गोली चला दी। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी मिलने पर आला अधिकारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच पड़ताल में जुट गए। पीड़ित के परिवार द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार जयवीर की हत्या पुरानी रंजिश को लेकर की गयी है। राहुल के पिता बृजपाल की 2011 में झिंझना इलाके में जयवीर ने हत्या कर दी थी। इसके लिए जयवीर को 11 साल की जेल हुई थी। जेलसे रिहा होने के बाद जयवीर पिछले तीन साल से गांव में रह रहा था।
इलाके में कड़ी की गई सुरक्षा
इस मामले में अपर पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार सिंह ने बताया कि फरार राहुल के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। शव को कब्जे में लेने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए एक टीम को लगा दिया गया है। जल्द ही वह पुलिस के पकड़ में होगा। इलाके में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और एहतियात के तौर पर अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।





