इंडिगो की 12 फ्लाइटों समेत 14 उड़ानें निरस्त, कई शहरों का संपर्क टूटा, एयरपोर्ट पर यात्रियों का हंगामा

Dec 04, 2025 09:58 pm ISTDinesh Rathour लखनऊ, प्रमुख संवाददाता
share Share
Follow Us on

लखनऊ स्थित चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर गुरुवार को बड़ी अव्यवस्था का माहौल बन गया। एक ही दिन में कुल 14 उड़ानें निरस्त कर दी गईं। इनमें से 12 उड़ानें इंडिगो एयरलाइंस की रहीं, जबकि 2 उड़ानें अन्य एयरलाइन की थीं।

इंडिगो की 12 फ्लाइटों समेत 14 उड़ानें निरस्त, कई शहरों का संपर्क टूटा, एयरपोर्ट पर यात्रियों का हंगामा

यूपी की राजधानी लखनऊ स्थित चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर गुरुवार को बड़ी अव्यवस्था का माहौल बन गया। एक ही दिन में कुल 14 उड़ानें निरस्त कर दी गईं। इनमें से 12 उड़ानें इंडिगो एयरलाइंस की रहीं, जबकि 2 उड़ानें अन्य एयरलाइन की थीं। उड़ानें रद्द होने की खबर से एयरपोर्ट पर मौजूद सैकड़ों यात्रियों में भारी नाराजगी फैल गई। सुबह नौ बजे टर्मिनल-3 में तीन निरस्त फ्लाइटों के 350 यात्री इकट्ठा होकर अचानक नारेबाजी करने लगे। मौके पर सीआईएसएफ और एयरपोर्ट पुलिस चौकी के सुरक्षा कर्मियों ने यात्रियों को समझाने का प्रयास किया लेकिन कोई मानने को तैयार नहीं था। एयरलाइंस के कर्मचारी भी यात्रियों को समझा नहीं पा रहे थे।

इनमें ज्यादातर यात्री ऐसे थे जिनको आखिरी वक्त में रिफंड मिलने या अगले दिन की फ्लाइट से कोई मतलब नहीं था। किसी को शादी समारोह में शामिल होना था, तो किसी की जरूरी मीटिंग थी। निरस्त उड़ानों में कोलकाता पुणे हैदराबाद मुंबई दिल्ली अहमदाबाद बेंगलुरु और दुबई जैसे बड़े शहरों की फ्लाइटें शामिल हैं। सुबह से रात तक एक के बाद एक उड़ानों के रद्द होने से यात्री टर्मिनल भवन में फंसे रहे। कई यात्रियों को न तो समय से सूचना मिली और न ही वैकल्पिक व्यवस्था। यात्रियों का कहना है कि टिकट का पूरा पैसा लिया गया लेकिन उड़ान रद्द होने के बाद न तो होटल दिया गया और न ही भोजन की कोई समुचित व्यवस्था की गई। पुणे से लखनऊ आने वाली एक उड़ान का यात्री करीब 14 घंटे तक एयरपोर्ट पर फंसा रहा। परिजनों ने केंद्र सरकार और नागरिक उड्डयन मंत्रालय तक शिकायत भेजने की बात कही है।

काउंटर तक पहुंचे में लग गया एक घंटा

एयरपोर्ट पर कर्मचारियों की कमी के कारण स्थिति और बिगड़ गई। कई यात्रियों को काउंटर तक पहुंचने में एक से डेढ़ घंटे तक का समय लगा। छोटे बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं सबसे ज्यादा परेशान नजर आए। सोशल मीडिया पर भी यात्रियों का गुस्सा फूट पड़ा। यात्रियों ने एयरलाइंस पर लापरवाही और मनमानी का आरोप लगाया। स्थिति बिगड़ने पर एयरपोर्ट पर सुरक्षा कर्मियों को दखल देना पड़ा। बाद में कुछ यात्रियों को वैकल्पिक उड़ानों में समायोजित करने की प्रक्रिया शुरू की गई लेकिन तब तक यात्रियों में भारी नाराजगी बनी रही। यात्रियों ने मांग की है कि ऐसी स्थिति में एयरलाइंस को समय पर सही जानकारी देनी चाहिए। साथ ही ठहरने और खाने पीने की व्यवस्था भी करनी चाहिए।

इंडिगो ने मांगी माफी

इंडिगो ने एक बयान में कहा, हम मानते हैं कि पिछले दो दिनों से पूरे नेटवर्क में इंडिगो के ऑपरेशन में काफी रुकावट आई है और हम अपने कस्टमर्स से हुई परेशानी के लिए दिल से माफी मांगते हैं। तकनीकी गड़बड़ियों, सर्दियों के मौसम से जुड़े शेड्यूल में बदलाव, खराब मौसम, एविएशन सिस्टम में बढ़ी भीड़ और अपडेटेड क्रू रोस्टरिंग नियमों (फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन) को लागू करने जैसी कई अचानक आई ऑपरेशनल चुनौतियों का हमारे ऑपरेशन पर इतना बुरा असर पड़ा कि इसकी उम्मीद करना मुमकिन नहीं था। रुकावट को रोकने और स्थिरता वापस लाने के लिए हमने अपने शेड्यूल में थोड़ा-बहुत बदलाव करना शुरू कर दिया है। ये उपाय अगले 48 घंटों तक लागू रहेंगे और इससे हम अपने ऑपरेशन को नॉर्मल कर पाएंगे और धीरे-धीरे पूरे नेटवर्क में अपनी पंक्चुएलिटी वापस पा सकेंगे। हमारी टीमें कस्टमर्स की परेशानी को कम करने और ऑपरेशन को जल्द से जल्द स्थिर करने के लिए चौबीसों घंटे काम कर रही हैं। इसके अलावा, जिन कस्टमर्स पर असर पड़ा है, उन्हें अपनी मंज़िल तक पहुंचने के लिए दूसरी यात्रा व्यवस्था या रिफंड, जैसा भी लागू हो, दिया जा रहा है।

सोशल मीडिया पर छलका यात्रियों का दर्द

एक्स पर आनंद वसंत ने बताया कि उनकी लखनऊ से कोलकाता की उड़ान रद्द कर दी गई और अगले दिन भी कोई समायोजन नहीं दिया गया। सुनील डी शालिग्राम ने कहा कि उनका बेटा पुणे-लखनऊ की उड़ान रद्द होने से 14 घंटे तक एयरपोर्ट पर फंसा रहा और कोई मदद नहीं मिली। राकेश कपूर ने शिकायत की कि दिल्ली एयरपोर्ट पर उन्हें अपने परिवार के साथ एक घंटे से अधिक समय तक काउंटर पर इंतजार करना पड़ा।

निरस्त की गई उड़ानों की सूची

लखनऊ से कोलकाता फ्लाइट संख्या 6ई 6139
लखनऊ से कोलकाता फ्लाइट संख्या 6ई 505
लखनऊ से पुणे फ्लाइट संख्या 6ई 338
लखनऊ से हैदराबाद फ्लाइट संख्या 6ई 608
लखनऊ से मुंबई फ्लाइट संख्या 6ई 2442
लखनऊ से दुबई फ्लाइट संख्या आईएक्स 194
लखनऊ से अहमदाबाद फ्लाइट संख्या 6ई 277
लखनऊ से दिल्ली फ्लाइट संख्या 6ई 6614
लखनऊ से कोलकाता फ्लाइट संख्या 6ई 856
लखनऊ से बेंगलुरु फ्लाइट संख्या 6ई 325
लखनऊ से मुंबई फ्लाइट संख्या 6ई 2441
लखनऊ से दिल्ली फ्लाइट संख्या आईएक्स 1507
लखनऊ से अहमदाबाद फ्लाइट संख्या 6ई 279
लखनऊ से दिल्ली फ्लाइट संख्या 6ई 758
Dinesh Rathour

लेखक के बारे में

Dinesh Rathour

दिनेश राठौर लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पिछले आठ सालों से काम कर रहे हैं। वह लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर हैं। कानपुर यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन किया है। पत्रकारिता में 13 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले दिनेश की डिजिटल मीडिया और प्रिंट जर्नलिज्म में अलग पहचान है। इससे पहले लंबे समय तक प्रिंट में डेस्क पर भी काम किया है। कुछ सालों तक ब्यूरो में भी रहे हैं। यूपी और राजस्थान के सीकर जिले में भी पत्रकारिता कर चुके हैं। यूपी की राजनीति के साथ सोशल, क्राइम की खबरों को सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाते हैं। वायरल वीडियो की फैक्ट चेकिंग में दिनेश को महारत हासिल है।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करे| पाएं Lucknow news , Prayagraj News , Varanasi News , Gorakhpur News , Kanpur News , Aligarh News से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में |
;;
;