
सिविल कोर्ट स्टेनो की मौत में पत्नी के दो प्रेमियों समेत 12 पर केस, 5 पेज के सुसाइड नोट में खुला खौफनाक राज
न्यायिक कर्मचारी मोहित के बैग से मिले 5 पन्नों के मार्मिक सुसाइड नोट ने पूरे मामले की दिशा बदल दी है। पुलिस ने मृतक की पत्नी, उसके दो कथित प्रेमियों और ससुराल पक्ष के 12 लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और जान से मारने की धमकी देने का मुकदमा दर्ज किया है।
मुरादाबाद सिविल कोर्ट में स्टेनो (आशुलिपिक) के पद पर तैनात 28 वर्षीय मोहित कुमार की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने रविवार को बड़ी कार्रवाई की है। मोहित के बैग से मिले 5 पन्नों के मार्मिक सुसाइड नोट ने पूरे मामले की दिशा बदल दी है। पुलिस ने मृतक की पत्नी, उसके दो कथित प्रेमियों और ससुराल पक्ष के 12 लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और जान से मारने की धमकी देने का मुकदमा दर्ज किया है।
पांच पेज के सुसाइड नोट में मोहित ने अपनी पत्नी और उसके आशिक मोहम्मद हसीब व डॉ. राजीव यादव के अवैध संबंधों के बारे में भी विस्तार बताया है। यह भी बताया है कि किस तरह उसकी पत्नी इन दोनों से उसे धमकी दिलवाती थी। इतना ही नहीं पत्नी अनीता अपने परिवार वालों और रिश्तेदारों से भी मोहित को धमकी दिलवा कर पीछा छोड़ने के लिए 50 लाख रुपये की मांग कर रही थी।
विवाह के कुछ माह बाद ही शुरू हुआ प्रताड़ना का दौर
मोहित के पिता मुनेश कुमार द्वारा दी गई तहरीर के अनुसार, मोहित का विवाह दिसंबर 2023 में अनीता (जो पेशे से एएनएम है) के साथ हुआ था। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही मोहित को अनीता के मोहम्मद हसीब और डॉ. राजीव यादव के साथ अवैध संबंधों का पता चला। जब मोहित ने इसका विरोध किया, तो पत्नी ने अपने प्रेमियों और मायके वालों के साथ मिलकर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।
50 लाख की मांग और झूठे मुकदमे की धमकी
परिजनों का आरोप है कि आरोपी पत्नी और ससुराल पक्ष ने मोहित पर 'पीछा छुड़ाने' के बदले 50 लाख रुपये देने का दबाव बनाया था। रुपये न देने पर उसे दहेज उत्पीड़न के झूठे मुकदमे में फंसाने और जान से मारने की धमकियां दी जा रही थीं। सुसाइड नोट में मोहित ने स्पष्ट लिखा है कि आरोपियों के टॉर्चर और धमकियों से वह इस कदर टूट गया था कि उसके पास मौत को गले लगाने के अलावा कोई और रास्ता नहीं बचा।
एसएचओ मनोज कुमार परमार ने बताया कि सुसाइड नोट और पिता की तहरीर को आधार बनाकर गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। नामजद आरोपियों में पत्नी अनीता, प्रेमी मोहम्मद हसीब और डॉ. राजीव यादव, ससुर महावीर, सास छिदिया देवी के अलावा ममेरे भाई, मामा, जीजा और बहनों सहित परिवार के कुल 12 सदस्य शामिल हैं।

लेखक के बारे में
Yogesh Yadavयोगेश यादव हिन्दुस्तान में डिप्टी न्यूज एडिटर के पद पर हैं।
और पढ़ें



