लखनऊ के इस अस्पताल में बनेगा 1010 बेड का इमरजेंसी सेंटर; योगी कैबिनेट की मंजूरी मिली

sandeep लाइव हिन्दुस्तान, लखनऊ
share

योगी कैबिनेट की बैठक में लखनऊ के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में 1010 बेड का इमरजेंसी सेंटर बनाने की परियोजना को मंजूरी मिल गई है। जिसके लिए 855 करोड़ 4 लाख 34 हजार रुपये की स्वीकृति दी गई है। 

लखनऊ के इस अस्पताल में बनेगा 1010 बेड का इमरजेंसी सेंटर; योगी  कैबिनेट की मंजूरी मिली

लखनऊ में आज योगी कैबिनेट की बैठक में 12 प्रस्तावों पर मुहर लगी है। जिसमें गोमती नगर स्थित राम मनोहर लोहिया संस्थान में 1010 बेड का अत्याधुनिक इमरजेंसी सेंटर निर्माण की परियोजना को भी मंजूरी मिल गई। वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने बताया कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए 855 करोड़ 4 लाख 34 हजार रुपये की स्वीकृति दी गई है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के अंतर्गत अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त मल्टी स्पेशलिटी इमरजेंसी सेंटर अस्पताल का निर्माण किया जाएगा, जिसमें कुल 1010 बेड स्थापित किए जाएंगे।

इसके साथ ही मरीजों की बढ़ती संख्या और बेहतर उपचार व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए एक नया ओपीडी ब्लॉक भी बनाया जाएगा, जिससे प्रदेशवासियों को अधिक सुव्यवस्थित और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी। परियोजना के अंतर्गत 200 सीटों की क्षमता वाला नया टीचिंग ब्लॉक भी विकसित किया जाएगा। इससे चिकित्सा छात्रों को आधुनिक तकनीक और संसाधनों से युक्त शिक्षण वातावरण मिलेगा तथा मेडिकल शिक्षा की गुणवत्ता में और सुधार होगा।

Voice of UP

इस नई चिकित्सा अवसंरचना के विकसित होने से गंभीर रोगियों को त्वरित और विशेषज्ञ उपचार उपलब्ध कराया जा सकेगा। साथ ही प्रदेश के विभिन्न जिलों से आने वाले मरीजों को भी राजधानी में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा। इसके अलावा कैबिनेट की बैठक में कई फैसले लिए गए।

जिसमें पंचायत चुनाव में ओबीसी आरक्षण तय करने के लिए ओबीसी आयोग के गठन का रहा। इसके अलावा कैबिनेट ने पशु चिकित्सा के छात्रों को भी बड़ी राहत दी है। वेटनरी छात्रों का इंटर्नशिप भत्ता 8 हजार रुपये से बढ़ाकर 12 हजार रुपये कर दिया गया है। इसका लाभ प्रदेश के मथुरा, अयोध्या और मेरठ स्थित तीन पशु चिकित्सा विश्वविद्यालयों के करीब 300 छात्रों को मिलेगा।

बैठक में आगरा मेट्रो रेल प्रोजेक्ट के कॉरिडोर-2 के तहत आगरा कैंट से कालिंदी विहार तक मेट्रो स्टेशन निर्माण के लिए जमीन हस्तांतरण के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। इसके अलावा मिर्जापुर में करीब 2800 करोड़ रुपये की लागत से बड़ा बिजली उपकेंद्र और नई बिजली लाइनें बनाने के प्रस्ताव को स्वीकृति मिली। इससे घरेलू उपभोक्ताओं, दुकानदारों और उद्योगों को बेहतर बिजली आपूर्ति मिल सकेगी।

प्रयागराज के स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल के विस्तार के लिए जमीन चिकित्सा शिक्षा विभाग को देने का फैसला भी लिया गया। वहीं मिर्जापुर में 50.45 एकड़ जमीन पर सरदार पटेल एपेक्स यूनिवर्सिटी खोलने को अंतिम मंजूरी दे दी गई।

sandeep

लेखक के बारे में

sandeep
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।