
101 गांव की पंचायत में लिया तेहरवीं भोज पर रोक का फैसला, माई पूजन और शादी के कार्ड पर भी प्रस्ताव
यूपी के शामली में 101 गांव की पंचायत में सामाजिक कुरीतियों को लेकर तीन फैसले लिए गए। तेहरवीं भोज, माई पूजन और शादी के कार्ड पर अनावश्यक खर्च और औपचारिकता समाप्त करने के प्रस्ताव पारित किए गए।
यूपी के शामली जिले में रविवार को कैराना रोड स्थित एक बारातघर में जनपद शामली के 101 गांवों की प्रथम विशाल चेतना पंचायत का आयोजन किया गया। पंचायत में बड़ी संख्या में क्षेत्र के गणमान्य लोग, बुजुर्ग, युवा व समाज के विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधि शामिल हुए। पंचायत की खास बात यह रही कि राजनीतिक चर्चा पर पूर्ण प्रतिबंध रखा गया और पूरी पंचायत सामाजिक एकता, संस्कार और सुधार के मुद्दों पर केंद्रित रही। तेहरवीं भोज पर रोक, माई पूजन और शादी के कार्ड पर अनावश्यक खर्च और औपचारिकता समाप्त करने के प्रस्ताव पारित किए गए।

पंचायत की अध्यक्षता महाराज सिंह लांक ने की, जबकि संचालन बहादुर सिंह ने किया। पंचायत में उपस्थित सभी लोगों ने आपसी सहमति से तीन महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए। जिसमें तेहरवीं की रस्म में कढ़ाई नहीं चढ़ाई जाएगी, जिससे अनावश्यक खर्च और दिखावे पर रोक लगाई जा सके। गांवों में माता(माई) पूजा करने मायके आने वाली लड़कियों द्वारा दावत नहीं दी जायेगी।
वक्ताओं का कहना था कि माई पूजा के बाद दावत नहीं करनी चाहिए, जिससे समाज में समानता और सादगी को बढ़ावा मिल सके। शादी-ब्याह या अन्य कार्यक्रमों के निमंत्रण पत्र व्यक्तिगत रूप से नहीं बांटे जाएंगे, जिससे अनावश्यक खर्च और औपचारिकता समाप्त हो। इसके साथ ही पंचायत में समाज में फैली बुराइयों को समाप्त करने, फर्जी मुकदमेबाज़ी से बचने, आपसी भाईचारा मजबूत करने और सामाजिक एकजुटता बनाए रखने का भी सर्वसम्मति से आह्वान किया गया।
पंचायत में वक्ताओं ने कहा कि समय की आवश्यकता है कि समाज आपसी मतभेद भुलाकर एकता की मिसाल कायम करे। अनावश्यक खर्च, दिखावा और सामाजिक कुरीतियां समाज को कमजोर करती हैं। सभी ने संकल्प लिया कि आगामी समय में पंचायत द्वारा पारित प्रस्तावों का पूर्ण रूप से पालन किया जाएगा। इस अवसर पर कविन्द्र सिंह टिटौली, चेयरमैन अशोक चौधरी, योगराज सिंह भैसवाल, प्रो. सुधीर पंवार, पूर्व विधायक तेजेन्द्र निर्वाल, यशपाल सिंह मलिक, कर्नल फूल कुमार सिवाच, अशोक सरोहा, बाबूराम पंवार, रिशीपाल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।





