संदीप सिंह

योगी आदित्यनाथ सरकार में दूसरी बार मंत्री बने संदीप सिंह यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के पौत्र हैं। वह अपने दादा की परम्परागत अतरौली विधानसभा सीट से दूसरी बार विधायक बने हैं। यूपी की पिछली सरकार में वह शिक्षा और वित्त राज्यमंत्री थे। इस बार उन्हें राज्य मंत्री प्राथमिक शिक्षा (स्वतंत्र प्रभार) के तौर पर योगी मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है। संदीप सिंह ने अपने राजनीतिक कॅरियर की शुरुआत 2017 में अतरौली से की थी। उन्होंने अतरौली सीट से चुनाव लड़ा और जीते। पहली ही बार विधानसभा पहुंचे संदीप सिंह को सीएम योगी आदित्यनाथ ने अपने मंत्रिमंडल में शामिल किया। महज 30 साल की उम्र में दूसरी बार विधायक बने संदीप सिंह प्रदेश सरकार का युवा चेहरा हैं। संदीप सिंह ने यूके की लीड्स बेकेट यूनिवर्सिटी से पब्लिक रिलेशन एंड स्ट्रैटेजिक कम्युनिकेशन में परास्नातक किया है।अतरौली सीट से संदीप के दादा कल्याण सिंह 10 बार विधायक रहे थे। संदीप के पिता राजवीर सिंह राजू भैया एटा से सांसद हैं।