ओमप्रकाश राजभर
ओम प्रकाश राजभर, यूपी में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली पहली सरकार में पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री रहे हैं। वह सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और विधायक हैं। 1983 में उन्होंने बलदेव डिग्री कॉलेज, बड़ागांव, वाराणसी से स्नातक की उपाधि प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने राजनीति शास्त्र से एमए किया। ओमप्रकाश राजभर ने 1981 में बसपा संस्थापक कांशीराम से प्रभावित होकर राजनीति शुरू की थी लेकिन 2001 में पार्टी सुप्रीमो मायावती से नाराज होकर उन्होंने बसपा छोड़ दी। इसके बाद उन्होंने सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी नाम से अपनी पार्टी बना ली। सुहेलदेव की पार्टी 2004 से चुनाव लड़ रही है। 2017 में भाजपा से गठबंधन करके सुभासपा ने यूपी की सत्ता में शामिल होने का सुख भी प्राप्त किया लेकिन ओमप्रकाश राजभर ज्यादा दिनों तक वहां टिक नहीं सके। नाराज होकर उन्होंने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। 2022 के चुनाव में ओमप्रकाश ने समाजवादी पार्टी से हाथ मिलाया। इस चुनाव में ओमप्रकाश राजभर खुद जहूराबाद सीट से मैदान में थे। उन्होंने भाजपा के कालीचरण राजभर को हराकर जीत हासिल की। चुनाव में सपा गठबंधन को अपेक्षित सफलता नहीं मिलने के बाद अखिलेश यादव से उनके रिश्ते खराब हो गए। अंतत: ओमप्रकाश राजभर सपा गठबंधन से बाहर आ गए।