तीज

तीज का हिंदू धर्म में अपना अलग महत्व है। इस दिन सुहागनें पति की लंबी उम्र के लिए व्रत रखती हैं। उत्तरी भारत में इसे हरियाली तीज, तो पूर्वी भारत में कज्जली तीज कहा जाता है। पंजाब और उत्तर प्रदेश की सुहागन स्त्रियां, खासकर नवविवाहिताएं इस व्रत को बहुत महत्व देती हैं। हरियाली तीज व्रत करने के पीछे कथा है कि मां पार्वती ने भगवान शिव से विवाह करने के लिए बहुत ही कठिन तपस्या की थी। इस तपस्या से प्रसन्न होकर भगवान शिव ने आज ही के दिन यानी श्रावण मास शुक्ल पक्ष की तीज को मां पार्वती के सामने प्रकट हुए और उनसे शादी करने का वरदान दिया था। इस दिन सुहागिन महिलाएं मेहंदी लगाकर विशेष शृंगार करके अपने मायके में शिव-पार्वती की विधि-विधान से पूजा कर अपने सुहाग की लंबी आयु की कामना करती हैं।