शरद पवार के पोते और उनके बेहद करीबी रोहित पवार ने दावा किया है कि सुनेत्रा पवार 9 फरवरी के बाद विलय पर बात कर सकती हैं। इससे पहले भाजपा की ओर से भी कहा जा चुका है कि यदि एनसीपी के विलय का कोई प्लान है तो इस पर सुनेत्रा पवार को ही फैसला लेना होगा।

एक बंद कमरे में शरद पवार की अजित पवार के दोनों बेटों पार्थ और जय के साथ बैठक हुई है। यह बैठक बारामती के विद्या प्रतिष्ठान परिसर में करीब डेढ़ घंटे तक चली। हालांकि, बैठक के एजेंडे को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

एनसीपी के हलकों में चर्चा थी कि प्रफुल्ल पटेल को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया जा सकता है। लेकिन अब यह पद भी सुनेत्रा पवार को ही मिल सकता है। प्रफुल्ल पटेल ने ही खुद को अध्यक्ष बनाए जाने के कयासों को खारिज किया है और कहा कि पार्टी के ज्यादातर लोग चाहते हैं कि सुनेत्रा पवार ही अध्यक्ष बनें।