सायना नेहवाल और श्रीकांत को बड़ा झटका, टोक्यो ओलंपिक खेलने का सपना टूटा

May 28, 2021 03:27 pm ISTNamita Shukla भाषा, नई दिल्ली
share

साइना, श्रीकांत का तोक्यो ओलंपिक का सपना टूटा, बीडब्ल्यूएफ ने कहा अब कोई क्वालीफाइंग टूर्नामेंट नहीं नयी दिल्ली, 28 मई (भाषा) किदांबी श्रीकांत और सायना नेहवाल के लिए टोक्यो ओलंपिक खेलों के लिए...

सायना नेहवाल और श्रीकांत को बड़ा झटका, टोक्यो ओलंपिक खेलने का सपना टूटा

साइना, श्रीकांत का तोक्यो ओलंपिक का सपना टूटा, बीडब्ल्यूएफ ने कहा अब कोई क्वालीफाइंग टूर्नामेंट नहीं
नयी दिल्ली, 28 मई (भाषा)

किदांबी श्रीकांत और सायना नेहवाल के लिए टोक्यो ओलंपिक खेलों के लिए क्वालीफाई करने की उम्मीदें खत्म हो गई, क्योंकि खेल की बैडमिंटन वर्ल्ड फेडरेशन (बीडब्ल्यूएफ) ने शुक्रवार को साफ कर दिया कि क्वालीफिकेशन पीरियड के अंदर कोई और टूर्नामेंट नहीं होगा और मौजूदा रैंकिंग लिस्ट में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा। दुनिया के पूर्व नंबर एक पुरुष खिलाड़ी श्रीकांत और लंदन खेलों (2012 ओलंपिक) की ब्रोन्ज मेडलिस्ट सायना की उम्मीदें लगभग उसी वक्त टूट गई थीं जब कोविड-19 महामारी के कारण सिंगापुर में होने वाले ओलंपिक क्वालीफायर के आखिरी टूर्नामेंट को रद्द कर दिया गया था।

उस समय बैडमिंटन वर्ल्ड फेडरेशन (बीडब्ल्यूएफ) ने हालांकि कहा था कि वह टोक्यो ओलंपिक क्वालीफाइंग को लेकर बाद में एक और बयान जारी करेगा तब लगा था कि इन दोनों खिलाड़ियों के लिए मौका बन सकता है। बीडब्ल्यूएफ ने शुक्रवार को जारी बयान में कहा, 'बीडब्ल्यूएफ पुष्टि कर सकता है कि टोक्यो 2020 ओलंपिक खेलों की क्वालीफाइंग पीरियड के अंदर अब कोई और टूर्नामेंट नहीं खेला जाएगा।' उन्होंने बताया, 'टोक्यो खेलों की क्वालीफाइंग पीरियड आधिकारिक तौर पर 15 जून 2021 को खत्म हो रहा है। ऐसे में मौजूदा रेस टू टोक्यो रैंकिंग लिस्ट में बदलाव नहीं होगा।'

मौजूदा स्वास्थ्य संकट के कारण वर्ल्ड लेवल पर तीन अहम टूर्नामेंट्स स्थगित करने के बाद क्वालीफिकेशन पीरियड को लगभग दो महीने बढ़ाकर 15 जून कर दिया गया था। कोरोना वायरस महामारी की दूसरी लहर के कारण हालांकि इंडिया ओपन, मलेशिया ओपन और सिंगापुर ओपन का आयोजन नहीं हो सका जिससे श्रीकांत और सायना को क्वालीफिकेशन हासिल करने का मौका नहीं मिला।

बीडब्ल्यूएफ के महासचिव थॉमस लुंड ने कहा, 'ओलंपिक क्वालीफिकेशन प्रक्रिया प्रभावी रूप से बंद हो गई है क्योंकि खिलाड़ियों के लिए अंक अर्जित करने के लिए कोई अतिरिक्त मौके नहीं हैं।' भारत के लिए महिला एकल में पीवी सिंधू, पुरुष एकल में बी साई प्रणीत और चिराग शेट्टी और सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी की पुरुष युगल जोड़ी ने क्वालीफिकेशन हासिल किया है।

Namita Shukla

लेखक के बारे में

Namita Shukla
नमिता शुक्ला लाइव हिन्दुस्तान में खेल संपादक के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें हिंदी पत्रकारिता में करीब 15 साल का अनुभव है। 2008 में नवभारत टाइम्स अखबार में बतौर ट्रेनी जर्नलिस्ट बनकर खेल पत्रकारिता का पहला अनुभव हासिल किया। 2009 में स्पोर्ट्स रिपोर्टर के तौर पर फोकस टीवी से जुड़ीं और फिर 2010 में डिजिटल जर्नलिज्म में पारी का आगाज किया। दैनिक जागरण में करीब पौने दो साल काम करने के बाद आजतक में अपनी पारी 2012 में शुरू की। आजतक में तीन साल आठ महीने काम करने के दौरान शिफ्ट इंजार्ज भी बनीं और आजतक के स्पोर्ट्स पेज को भी लॉन्च किया। 2015 में नमिता ने लाइव हिन्दुस्तान के साथ अपनी पारी शुरू की। करीब 15 साल के करियर में नमिता ने ओलंपिक गेम्स, कॉमनवेल्थ गेम्स, एशियन गेम्स, क्रिकेट वनडे वर्ल्ड कप, टी20 वर्ल्ड कप, आईपीएल जैसे तमाम बड़े इवेंट्स कवर किए हैं। इन्होंने वीरेंद्र सहवाग, विश्वनाथन आनंद, गौतम गंभीर, सुशील कुमार, मनिका बत्रा जैसे एथलीट्स का इंटरव्यू किया है। इन्होंने गूगल और मेटा की तरफ से फैक्ट चेकिंग के सर्टिफिकेट भी हासिल किए हैं। इन्होंने बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से जनसंचार एवं पत्रकारिता में स्नातक किया है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।