जिनेदिन जिदान ने रियाल मैड्रिड के कोच का पद छोड़ा

May 27, 2021 06:00 pm ISTNamita Shukla एपी, मैड्रिड
share

जिनेदिन जिदान एक बार फिर रीयाल मैड्रिड फुटबॉल टीम के कोच का पद छोड़ दिया है। क्लब ने गुरुवार को कहा था कि फ्रांस का यह पूर्व फुटबॉलर पद छोड़ रहा है। चार दिन पहले खत्म हुए सीजन में मैड्रिड की टीम...

जिनेदिन जिदान ने रियाल मैड्रिड के कोच का पद छोड़ा

जिनेदिन जिदान एक बार फिर रीयाल मैड्रिड फुटबॉल टीम के कोच का पद छोड़ दिया है। क्लब ने गुरुवार को कहा था कि फ्रांस का यह पूर्व फुटबॉलर पद छोड़ रहा है। चार दिन पहले खत्म हुए सीजन में मैड्रिड की टीम एक दशक से अधिक समय में पहली बार कोई भी खिताब जीतने में फेल हुई। क्लब ने कहा कि जिदान ने मैड्रिड के कोच के रूप में अपने मौजूदा कार्यकाल को खत्म करने का फैसला किया है। जिदान का अनुबंध 2022 तक था।

क्लब ने बयान में कहा, 'हमें अब उनके फैसले का सम्मान करना चाहिए और सालों से उनके पेशेवरपन, प्रतिबद्धता और जज्बे के प्रति आभार जताना चाहिए।' क्लब ने कहा, 'जिदान रीयाल मैड्रिड के महान सितारे हैं और उनकी विरासत उन्होंने हमारे क्लब में खिलाड़ी और कोच के रूप में जो हासिल किया है उससे कहीं ज्यादा है।' बयान के अनुसार, 'वह जानते हैं कि रीयाल मैड्रिड के फैन्स के दिल में उनकी जगह है और रीयाल मैड्रिड हमेशा उनका घर रहेगा।'

जिदान ने पहली बार क्लब का साथ उस समय छोड़ा था, जब टीम ने 2016 से 2018 के बीच लगातार तीन चैंपियन्स लीग खिताब जीतकर शानदार प्रदर्शन किया था। कोच के रूप में जिदान के दो साल और पांच महीने के पहले कार्यकाल के दौरान मैड्रिड ने कुल नौ खिताब जीते, जिसमें दो क्लब वर्ल्ड कप, दो यूएफा सुपर कप, एक स्पेनिश लीग और एक स्पेनिश सुपर कप खिताब शामिल है। जिदान के दूसरे कार्यकाल में हालांकि टीम एक बार लीग खिताब और एक स्पेनिश सुपर कप खिताब ही जीत पाई। जिदान ने मैड्रिड को लगातार तीसरा चैंपियन्स लीग खिताब दिलाने के एक हफ्ते से भी कम समय में पहली बार पद छोड़ा था।

उन्होंने तब कहा था कि बदलाव का समय आ गया है और वह क्लब को उनके प्रभारी रहते हुए जीतते हुए नहीं देखते। जिदान ने हाल में अपने भविष्य को लेकर अटकलों को खारिज करते हुए कहा था कि वह इस बारे में क्लब से बात करेंगे। उन्होंने कहा था कि उनका मानना है कि मैड्रिड उनके कोच नहीं रहते अच्छा प्रदर्शन कर सकता है। कोच के रूप में जिदान का दूसरा कार्यकाल पहली बार पद छोड़ने के एक साल से भी कम समय में मार्च 2019 में शुरू हुआ था। बेहद खराब सीजन के बाद टीम संकट में थी। इस दौरान टीम को चिर प्रतिद्वंद्वी बार्सीलोना के खिलाफ हार झेलनी पड़ी और चैंपियन्स लीग के प्री क्वार्टर फाइनल में टीम अयाक्स से हारकर बाहर हो गई।

जिदान के दूसरे कार्यकाल का अंत हालांकि 2009-10 से मैड्रिड के सबसे खराब सत्र के साथ हुआ। टीम उस सत्र में भी कोई खिताब नहीं जीत पाई थी। मैड्रिड की टीम ने स्पेनिश लीग खिताब के लिए अंतिम दौर तक कड़ी चुनौती पेश की लेकिन अंत में शहर के अपने प्रतिद्वंद्वी एटलेटिको मैड्रिड से दो अंक से पिछड़ गई और अपने खिताब का बचाव करने में नाकाम रही। टीम के पास 2007-08 के बाद पहली बार लगातार दो ला लीगा खिताब जीतने का मौका था। चैंपियन्स लीग में टीम सेमीफाइनल तक पहुंची जहां उसे चेल्सी के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। कोपा डेल रे में मैड्रिड का प्रदर्शन बेहद खराब रही और टीम को राउंड आफ 32 में तीसरे डिविजन के क्लब अलकोयानो के खिलाफ शिकस्त झेलनी पड़ी।

Namita Shukla

लेखक के बारे में

Namita Shukla
नमिता शुक्ला लाइव हिन्दुस्तान में खेल संपादक के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें हिंदी पत्रकारिता में करीब 15 साल का अनुभव है। 2008 में नवभारत टाइम्स अखबार में बतौर ट्रेनी जर्नलिस्ट बनकर खेल पत्रकारिता का पहला अनुभव हासिल किया। 2009 में स्पोर्ट्स रिपोर्टर के तौर पर फोकस टीवी से जुड़ीं और फिर 2010 में डिजिटल जर्नलिज्म में पारी का आगाज किया। दैनिक जागरण में करीब पौने दो साल काम करने के बाद आजतक में अपनी पारी 2012 में शुरू की। आजतक में तीन साल आठ महीने काम करने के दौरान शिफ्ट इंजार्ज भी बनीं और आजतक के स्पोर्ट्स पेज को भी लॉन्च किया। 2015 में नमिता ने लाइव हिन्दुस्तान के साथ अपनी पारी शुरू की। करीब 15 साल के करियर में नमिता ने ओलंपिक गेम्स, कॉमनवेल्थ गेम्स, एशियन गेम्स, क्रिकेट वनडे वर्ल्ड कप, टी20 वर्ल्ड कप, आईपीएल जैसे तमाम बड़े इवेंट्स कवर किए हैं। इन्होंने वीरेंद्र सहवाग, विश्वनाथन आनंद, गौतम गंभीर, सुशील कुमार, मनिका बत्रा जैसे एथलीट्स का इंटरव्यू किया है। इन्होंने गूगल और मेटा की तरफ से फैक्ट चेकिंग के सर्टिफिकेट भी हासिल किए हैं। इन्होंने बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से जनसंचार एवं पत्रकारिता में स्नातक किया है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।