सात्विकसाईराज और चिराग शेट्टी ने स्विस ओपन खिताब जीता, फाइनल में चीन के खिलाड़ी को हराया
भारत के सात्विकसाईराज और चिराग शेट्टी ने स्विस ओपन के पुरुष युगल फाइनल में रविवार को चीन के रेन जियांग यू और तान कियांग को हराकर 2023 का पहला बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर खिताब जीत लिया।
भारत के सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी ने चीन के रेन शियांग यू और तान कियांग को हराकर स्विस ओपन सुपर 300 बैडमिंटन पुरूष युगल खिताब जीत लिया। विश्व चैम्पियनशिप 2022 कांस्य पदक विजेता दूसरी वरीयता प्राप्त भारत जोड़ी ने दुनिया की 21वें नंबर की जोड़ी को 54 मिनट में 21-19, 24-22 से हराया।
इससे पहले सात्विक-चिराग ने सेमीफाइनल में मलेशिया के ओंग यू सिन और टियो ई यी को परास्त किया था। भारत के लिए सत्र का यह पहला खिताब है। पिछले सप्ताह ही सात्विक और चिराग की जोड़ी आल इंग्लैंड चैम्पियनशिप के दूसरे दौर से बाहर हो गई थी।
भारतीय जोड़ी के लिए यह पांचवां विश्व टूर खिताब है जिन्होंने पिछले साल इंडिया ओपन और फ्रेंच ओपन भी जीता था। इससे पहले 2019 में थाईलैंड ओपन और 2018 में हैदराबाद ओपन जीता था। सात्विक और चिराग ने 2022 राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीता था।
महिला विश्व चैंपियनशिप में भारतीय मुक्केबाजों का जलवा, नीतू, स्वीटी ने जीते स्वर्ण पदक
पहले गेम में भारतीय जोड़ी ने धैर्यवान शुरुआत करने के बाद आक्रामक रुख अपनाया और 18-13 की बढ़त बना ली। सात्विक-चिराग जब गेम जीतने से सिर्फ तीन प्वाइंट दूर थे तब चीनी युगल ने शानदार डिफेंस का प्रदर्शन कर स्कोर 18-17 कर दिया। रेन-तान ने गेम समाप्त होने से पहले तीन अंक और स्कोर किए लेकिन चिराग के शानदार शॉट चयन ने भारत को 21-19 की जीत दिला दी।
पहले गेम के अंतिम हिस्से में लय हासिल करने वाली चीनी जोड़ी ने दूसरे गेम में लगातार प्वाइंट स्कोर किए, हालांकि सात्विक-चिराग ब्रेक तक 11-9 से आगे रहे। भारत जब 20-19 पर चैंपियनशिप जीतने से सर्फि एक प्वाइंट दूर था, तब शटल नेट से लगकर भारतीय खेमे में गिर गई और स्कोर 20-20 से बराबर हो गया।
रेन-तान ने एक समय पर 22-21 की बढ़त भी बना ली लेकिन वह उसे जीत में तब्दील नहीं कर सके। दूसरी ओर, सात्विक-चिराग ने लगातार तीन प्वाइंट स्कोर करके खिताब अपने नाम कर लिया।