पेरिस मास्टर्स टेनिस टूर्नामेंटः जीत के लिए जोकोविच को बहाना पड़ा खूब पसीना

Nov 03, 2021 10:49 am ISTNamita Shukla एपी, पेरिस
share

एक साल में चारों ग्रैंडस्लैम जीतने का रिकॉर्ड बनाने से चूकने के बाद पहली बार किसी टूर्नामेंट में खेल रहे नोवाक जोकोविच को पेरिस मास्टर्स टेनिस टूर्नामेंट के दूसरे दौर में जीत के लिए तीन सेट तक जूझना...

पेरिस मास्टर्स टेनिस टूर्नामेंटः जीत के लिए जोकोविच को बहाना पड़ा खूब पसीना

एक साल में चारों ग्रैंडस्लैम जीतने का रिकॉर्ड बनाने से चूकने के बाद पहली बार किसी टूर्नामेंट में खेल रहे नोवाक जोकोविच को पेरिस मास्टर्स टेनिस टूर्नामेंट के दूसरे दौर में जीत के लिए तीन सेट तक जूझना पड़ा। विश्व के नंबर एक खिलाड़ी जोकोविच ने शुरू में कुछ गलतियां कीं, लेकिन आखिर में वह हंगरी के मार्टन फुकसोविच को 6-2, 4-6, 6-3 से हराने में सफल रहे। इस मैच में किसी भी समय जोकोविच अपनी लय में नजर नहीं आए। जोकोविच को दूसरा सेट गंवाने के बाद तीसरे सेट के शुरू में भी संघर्ष करना पड़ा, लेकिन फुकसोविच का बैकहैंड शॉट बाहर मार देने से वह 4-2 से बढ़त हासिल करने में सफल रहे। उन्होंने दूसरे मैच प्वाइंट पर फोरहैंड विनर पर मैच अपने नाम किया।

शीर्ष वरीयता प्राप्त सर्बियाई खिलाड़ी ने रिकॉर्ड पांच बार पेरिस मास्टर्स का खिताब जीता है। उन्होंने और राफेल नडाल ने रिकार्ड 36 मास्टर्स 1000 खिताब जीते हैं जो रोजर फेडरर से आठ अधिक हैं। जोकोविच के पास यहां खिताब जीतकर यह रिकॉर्ड अकेले अपने नाम पर करने का मौका है। जोकोविच सितंबर में यूएस ओपन के फाइनल में दानिल मेदवेदेव से हारने के कारण कैलेंडर ग्रैंडस्लैम पूरा नहीं कर पाए थे। इस बीच फेलिक्स ऑगर अलियासिमे ने पहले दौर में इटली के क्वालीफायर जियानलुका मैगर को 4-6, 6-4, 6-1 से हराकर एटीपी फाइनल्स में जगह बनाने की अपनी उम्मीद बरकरार रखी।

जोकोविच, मेदवेदेव, स्टेफनोस सिटसिपास, अलेक्सांद्र जेवरेव, आंद्रे रुबलेव और माटेओ बेरेटिनी पहले ही एटीपी फाइनल्स के लिए क्वालीफाई कर चुके हैं। ऑगर अलियासिम, कैस्पर रुड, यानिक सिनर, ह्यूबर्ट हर्काज और कैमरन नोरी शीर्ष आठ खिलाड़ियों के इस टूर्नामेंट में जगह बनाने की दौड़ की बने हुए हैं।अमेरिकी खिलाड़ी रीली ओपेल्का, टॉमी पॉल और टेलर फ्रिट्ज तथा रूस के करेन खाचानोव, स्पेन के कार्लोस अल्काराज़ और आस्ट्रेलिया के जेम्स डकवर्थ ने भी दूसरे दौर में प्रवेश कर लिया है।

Namita Shukla

लेखक के बारे में

Namita Shukla
नमिता शुक्ला लाइव हिन्दुस्तान में खेल संपादक के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें हिंदी पत्रकारिता में करीब 15 साल का अनुभव है। 2008 में नवभारत टाइम्स अखबार में बतौर ट्रेनी जर्नलिस्ट बनकर खेल पत्रकारिता का पहला अनुभव हासिल किया। 2009 में स्पोर्ट्स रिपोर्टर के तौर पर फोकस टीवी से जुड़ीं और फिर 2010 में डिजिटल जर्नलिज्म में पारी का आगाज किया। दैनिक जागरण में करीब पौने दो साल काम करने के बाद आजतक में अपनी पारी 2012 में शुरू की। आजतक में तीन साल आठ महीने काम करने के दौरान शिफ्ट इंजार्ज भी बनीं और आजतक के स्पोर्ट्स पेज को भी लॉन्च किया। 2015 में नमिता ने लाइव हिन्दुस्तान के साथ अपनी पारी शुरू की। करीब 15 साल के करियर में नमिता ने ओलंपिक गेम्स, कॉमनवेल्थ गेम्स, एशियन गेम्स, क्रिकेट वनडे वर्ल्ड कप, टी20 वर्ल्ड कप, आईपीएल जैसे तमाम बड़े इवेंट्स कवर किए हैं। इन्होंने वीरेंद्र सहवाग, विश्वनाथन आनंद, गौतम गंभीर, सुशील कुमार, मनिका बत्रा जैसे एथलीट्स का इंटरव्यू किया है। इन्होंने गूगल और मेटा की तरफ से फैक्ट चेकिंग के सर्टिफिकेट भी हासिल किए हैं। इन्होंने बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से जनसंचार एवं पत्रकारिता में स्नातक किया है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।