US Open से हटाए गए नोवाक जोकोविच को निक किर्गियोस ने ट्विटर पोल के जरिए किया ट्रोल
ऑस्ट्रेलियाई टेनिस खिलाड़ी निक किर्गियोस ने दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी नोवाक जोकोविच को ट्विटर पर एक पोल के जरिए ट्रोल करने की कोशिश की। इस पोल में किर्गियोस ने अपने प्रशंसकों से सवाल किया है कि...

ऑस्ट्रेलियाई टेनिस खिलाड़ी निक किर्गियोस ने दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी नोवाक जोकोविच को ट्विटर पर एक पोल के जरिए ट्रोल करने की कोशिश की। इस पोल में किर्गियोस ने अपने प्रशंसकों से सवाल किया है कि दुर्घटनावश यदि गेंद बच्चे के गले पर लग जाए तो मुझे कितने साल के लिए प्रतिबंधित कर दिया जाएगा? खबर लिखे जाने तक किर्गियोस के इस पोल पर 1 लाख 97 हजार से अधिक वोट किए जा चुके थे।
नोवाक जोकोविच ने वर्ष के आखिरी ग्रैंड स्लैम यूएस ओपन टेनिस टूनार्मेंट में प्री क्वॉर्टरफाइनल मैच के दौरान महिला लाइन जज को बॉल मारने के बाद अपने व्यवहार के लिए माफी मांगी है। जोकोविच से अनजाने में यह गलती हुई, लेकिन नियमानुसार उन्हें टूर्नामेंट से बाहर कर दिया गया। जोकोविच का मुकाबला 27वीं रैंकिंग के स्पेन के पाब्लो कारेनो बुस्ता से था जहां वह पहले सेट में अपनी सर्विस गंवाकर बुस्ता से 5-6 से पिछड़ गए थे।
Swap me for jokers incident. ‘Accidentally hitting the ball kid in the throat’ how many years would I be banned for?
जोकोविच ने हालांकि इस व्यवहार के लिए माफी मांगी, लेकिन टेनिस जगत से इस घटना पर मिलीजुली प्रतिक्रिया मिली है। ब्रिटेन के पूर्व टेनिस खिलाड़ी ग्रेग रुसेदस्की ने कहा, “विश्वास नहीं हो रहा कि जोकोविच दोषी पाए गए हैं। नियम के अनुसार यह सही फैसला है भले ही उन्होंने यह अनजाने में किया गया या नहीं। जोकोविच को प्रेस वार्ता कर माफी मांगनी चाहिए थी। हमें अपने व्यवहार की जिम्मेदारी लेनी चाहिए चाहे हालात कैसे भी हों।”
भारत के शीर्ष युगल खिलाड़ी रोहन बोपन्ना ने कहा, “इस घटना की मजेदार बात यह है कि अगर यह मामला एश या आर्मस्ट्रांग की जगह किसी अन्य कोर्ट पर होता तो ऐसा कुछ भी नहीं होता क्योंकि अन्य कोर्ट इलेक्ट्रॉनिक कॉलिंग सिग्नल हैं वहां लाइंसमैन नहीं होते हैं।” जोकोविच के खिलाफ प्री क्वॉर्टरफाइनल मुकाबला खेलने वाले कारेनो बुस्ता ने कहा, “मेरे ख्याल से उन्होंने जानबूझकर ऐसा नहीं किया। मुझे नहीं लगता कि हम लोगों में से कोई कभी ऐसा जानबूझकर करेगा। मैंने उनकी सर्विस तोड़ी और उन्होंने निराशा में बॉल को हिट किया। मेरे ख्याल से उनका भाग्य खराब था। आप ऐसा नहीं कर सकते, लेकिन मेरा मानना है कि जोकोविच लाइन जज को हिट नहीं करना चाहते थे। मैं माफी चाहता हूं क्योंकि मैं ऐसे क्वॉर्टरफाइनल में नहीं पहुंचना चाहता था।”


