फोटो गैलरी

Hindi News खेलहॉकी इंडिया ने खेल रत्न के लिए भेजा महिला हॉकी कप्तान रानी रामपाल का नाम 

हॉकी इंडिया ने खेल रत्न के लिए भेजा महिला हॉकी कप्तान रानी रामपाल का नाम 

हॉकी इंडिया ने भारतीय महिला टीम की कप्तान रानी रामपाल के नाम की अनुशंसा खेलरत्न पुरस्कार के लिए की है जबकि वंदना कटारिया, मोनिका और हरमनप्रीत सिंह के नाम अर्जुन पुरस्कार के लिए भेजे गए हैं। मेजर...

हॉकी इंडिया ने खेल रत्न के लिए भेजा महिला हॉकी कप्तान रानी रामपाल का नाम 
एजेंसी,नई दिल्लीTue, 02 Jun 2020 01:59 PM
ऐप पर पढ़ें

हॉकी इंडिया ने भारतीय महिला टीम की कप्तान रानी रामपाल के नाम की अनुशंसा खेलरत्न पुरस्कार के लिए की है जबकि वंदना कटारिया, मोनिका और हरमनप्रीत सिंह के नाम अर्जुन पुरस्कार के लिए भेजे गए हैं। मेजर ध्यानचंद लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार के लिए भारत के पूर्व खिलाड़ी आर पी सिंह और तुषार खांडकर के नाम भेजे गए हैं। कोच बी जे करियाप्पा और रमेश पठानिया के नाम द्रोणाचार्य पुरस्कार के लिए भेजे हैं।

देश के सर्वोच्च खेल सम्मान राजीव गांधी खेलरत्न पुरस्कार के लिए एक जनवरी 2016 से 31 दिसंबर 2019 के बीच का प्रदर्शन आधार रहेगा। इस दौरान रानी की कप्तानी में भारत ने 2017 में महिला एशिया कप जीता और 2018 में एशियाई खेलों में रजत पदक हासिल किया। उसने एफआईएच ओलंपिक क्वॉलिफायर 2019 में भारत के लिए विजयी गोल करके टोक्यो ओलंपिक क्वॉलिफिकेशन दिलाया था। 

आत्मनिर्भर भारत: लोकल ब्रांड्स को बढ़ावा देने आगे आईं सानिया मिर्जा

रानी की कप्तानी में भारत एफआईएच रैंकिंग में नौवें स्थान पर पहुंचा। विश्व खेल एथलीट का पुरस्कार पाने वाली पहली भारतीय रानी को 2016 में अर्जुन और 2020 में पद्मश्री मिल चुका है।
भारत के लिए 200 से अधिक अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुकी वंदना और 150 से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय मैचों में हिस्सा ले चुकी मोनिका के नाम अर्जुन पुरस्कार के लिए भेजे गए हैं।दोनों हिरोशिमा में एफआईएच सीरिज फाइनल्स ,तोक्यो 2020 ओलंपिक टेस्ट टूर्नामेंट और भुवनेश्वर में ओलंपिक क्वॉलिफायर में भारत की जीत की सूत्रधार थीं।

भारतीय पुरुष टीम के ड्रैग फ्लिकर हरमनप्रीत सिंह का नाम भी अर्जुन पुरस्कार के लिए भेजा गया है। उन्होंने भुवनेश्वर में एफआईएच सीरिज फाइनल्स में शानदार प्रदर्शन किया था। ओलंपिक टेस्ट टूर्नामेंट 2020 में उन्होंने मनप्रीत सिंह की जगह कप्तानी की थी। पिछले साल रूस में ओलंपिक क्वॉलिफायर जीतने वाली भारतीय टीम का भी वह हिस्सा थे।

पूर्व खिलाड़ी आर पी सिंह और खांडकर के हॉकी को योगदान के लिए उनका नाम मेजर ध्यानचंद लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार के लिए भेजा गया है। वहीं करियप्पा का नाम द्रोणाचार्य पुरस्कार के लिए भेजा गया जो 2019 में जोहोर कप में रजत पदक जीतने वाली भारत की जूनियर पुरुष टीम के कोच थे।

2028 ओलंपिक में भारत को टॉप-10 में आना है: किरेन रिजिजू

हॉकी इंडिया के अध्यक्ष मोहम्मद मुश्ताक अहमद ने कहा, ''राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार पाने वाले सरदार सिंह पिछले हॉकी खिलाड़ी थे। रानी ने महिला हॉकी में नयी बुलंदियों को छुआ है और वह इस सम्मान की हकदार है।'' खेल मंत्रालय की एक समिति विजेताओं का चयन करेगी। पुरस्कार 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस पर दिए जाएंगे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें