फोटो गैलरी

Hindi News खेलकोविड-19 का असर नहीं, ओलंपिक के लिए हॉकी इंडिया के खिलाड़ी कर रहे कड़ी मेहनत

कोविड-19 का असर नहीं, ओलंपिक के लिए हॉकी इंडिया के खिलाड़ी कर रहे कड़ी मेहनत

इस समय पूरे विश्व में फैली भयंकर बीमारी कोरोना वायरस के कारण लगभग सभी तरह की गतिविधियां बंद हैं, लेकिन इसका असर भारत की पुरुष और महिला टीम पर नहीं पड़ रहा है। यह दोनों टीमें टोक्यो ओलंपिक की तैयारियां...

कोविड-19 का असर नहीं, ओलंपिक के लिए हॉकी इंडिया के खिलाड़ी कर रहे कड़ी मेहनत
एजेंसी,बेंगलुरुSat, 21 Mar 2020 10:58 PM
ऐप पर पढ़ें

इस समय पूरे विश्व में फैली भयंकर बीमारी कोरोना वायरस के कारण लगभग सभी तरह की गतिविधियां बंद हैं, लेकिन इसका असर भारत की पुरुष और महिला टीम पर नहीं पड़ रहा है। यह दोनों टीमें टोक्यो ओलंपिक की तैयारियां पर ध्यान दे रही हैं। खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के बेंगलुरु स्थित केंद्र में सभी एहितयात बरत रहे हैं।

हॉकी इंडिया (एचआई) के मुताबिक कैम्पस पूरी तरह से नियमित अभ्यास सत्रों से भरा है और कोई भी बाहरी शख्स केंद्र के अंदर नहीं आ सकता। मनप्रीत सिंह ने कहा, “कोविड-19 ने हमारे अभ्यास सत्र को प्रभावित नहीं किया है। हम लगातार अपने हाथ धो रहे हैं और हमारा तापमान भी लगातार जांचा जा रहा है। साई के अधिकारी इस बात का ध्यान रख रहे हैं कि हम सही माहौल में अभ्यास करें। हमारे साई के अधिकारी और कोच हमारे साथ हैं और हम ओलंपिक की तैयारियों में व्यस्त हैं।”

ताइवानी बैडमिंटन टीम की सदस्य कोरोना वायरस से पीड़ित, सायना नेहवाल हुईं हैरान

महिला टीम की कप्तान रानी रामपाल ने कहा है कि उनकी टीम भाग्यशाली है कि अभ्यास कर पा रही है। रानी ने कहा, “हम भाग्यशाली हैं कि हमारे पास साई की सुविधाएं हैं। हॉकी टीम लगातार अभ्यास कर सके इस बात के लिए सभी कड़ी मेहनत कर रहे हैं। हर दिन हमारे स्वास्थ की जांच हो रही है और हम सभी जरूरी सावधानियां बरत रहे हैं। साई के अधिकारी हमारी टोक्यो ओलंपिक की तैयारी करने में काफी मदद कर रहे हैं।”

भारत की पुरुष और महिला हॉकी टीमों ने गत नवम्बर में क्रमश: रूस और अमेरिका को कराकर टोक्यो ओलंपिक के लिए क्वालीफाई कर लिया था। टोक्यो ओलंपिक के लिए भारतीय हॉकी टीमों की तैयारियां कोरोना से प्रभावित हुए बिना निर्बाध रूप से चल रही हैं। इस महीने आठ मार्च को हॉकी इंडिया ने अपने तीसरे हॉकी इंडिया वार्षिक पुरस्कार समारोह को आयोजित किया था, जिसमें भारतीय कप्तानों मनप्रीत सिंह और रानी को वर्ष 2019 के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के ख़िताब से नवाजा गया था जबकि तीन बार के ओलम्पियन हरविंदर सिंह को लाइफ टाइम अचीवमेंट सम्मान प्रदान किया गया था। समारोह में भारतीय टीमों के सभी खिलाड़ी मौजूद थे।

फुटबॉलर सुनील छेत्री ने बताया, IPL में किस टीम के लिए खेलना चाहते हैं

केंद्रीय खेल मंत्री किरेन रिजिजू, भारतीय ओलंपिक संघ और अंतराष्ट्रीय हॉकी महासंघ के अध्यक्ष डॉ नरेंद्र ध्रुव बत्रा तथा हॉकी इण्डिया के अध्यक्ष मोहम्मद मुश्ताक अहमद समारोह में मौजूद थे। भव्य पुरस्कार समारोह में भारतीय ओलंपिक संघ के अध्यक्ष बत्रा ने कहा था, “हमें अपनी दोनों हॉकी टीमों से इस बार टोक्यो ओलंपिक में काफी उम्मीदे हैं और हमें लगता है कि यह टीमें पोडियम पर जगह बनाने में कामयाब होंगी और देश के लिए पदक जीतेंगी।"

एक तरफ जहां भारतीय टीमें सुरक्षित माहौल में अपनी ओलंपिक तैयारियों को मजबूती देने में लगी हुई हैं तो दूसरी तरफ अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआईएच) ने अपनी प्रो हॉकी लीग को 17 मई तक के लिए स्थगित कर दिया है। एफआईएच ने कोरोना वायरस के खतरे के कारण प्रो लीग को पहले 15 अप्रैल तक के लिए स्थगित किया था, लेकिन मौजूदा हालात को देखते हुए उसने प्रो लीग को फिर 17 मई तक के लिए स्थगित कर दिया।

एफआईएच ने विश्व स्वास्थ्य संगठन के परामर्श और अन्य देशों द्वारा कोरोना को लेकर उठाए गए कदमों के मद्देनजर तथा सभी राष्ट्रीय संघों के सहयोग से प्रो लीग का स्थगन 15 अप्रैल से बढ़ाकर 17 मई तक करने का फैसला किया था। एफआईएच ने कहा है कि 17 मई तक कोई मैच नहीं होगा और एफआईएच हालात पर लगातार नजर रखेगा।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें