Asian Games 2023 Mens Hockey final : नौ साल बाद मेंस हॉकी में भारत को गोल्ड, पेरिस ओलंपिक का टिकट कटाया
Asian Games 2023 India vs Japan Final : भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने शुक्रवार को जापान को 5-1 से हराकर एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीता और पेरिस ओलंपिक के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है।
Asian Games 2023 Mens Hockey final India vs Japan : भारतीय हॉकी टीम ने एशियाई खेलों के पुरुष हॉकी फाइनल में जापान को हराकर गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया है। भारत ने जापान को खिताबी मुकाबले में 5-1 से हराया। भारत ने एशियाई खेलों में नौ साल बाद स्वर्ण पदक जीता है, इससे पहले भारत ने 2014 में इंचियोन में पुरुष हॉकी में स्वर्ण पदक जीता था। भारत का एशियाई खेलों में ये चौथा पीला तमगा है। शानदार फॉर्म में चल रही टीम इंडिया ने चौथी बार पीला तमगा जीतकर अगले साल होने वाले पेरिस ओलंपिक का टिकट भी कटाया है। भारतीय टीम अब 1966, 1998, 2014 और 2023 में स्वर्ण पदक जीत चुकी है, जबकि नौ रजत और दो कांस्य भी जीते हैं।
टोक्यो ओलंपिक कांस्य पदक विजेता भारत ने नौ साल बाद एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीता है। भारत के लिए हरमनप्रीत सिंह (32वां और 59वां मिनट), अभिषेक (48वां मिनट), अमित रोहिदास (36वां) और मनप्रीत सिंह (25वां) ने गोल किए। जापान के लिए एकमात्र गोल एस तनाका ने 51वें मिनट में दागा। पहले क्वार्टर में दोनों टीमों ने रक्षात्मक खेल दिखाया। भारत को 15वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन अमित रोहिदास की फ्लिक सीधे जापान के गोलकीपर के सामने गई।
दूसरे क्वार्टर में भारतीयों ने लगातार हमले बोले, जिसका फायदा तीसरे ही मिनट में पेनल्टी कॉर्नर के रूप में मिला लेकिन इस बार भी रोहिदास निशाना चूक गए। भारत का खाता 25वें मिनट में मनप्रीत ने खोला। ललित उपाध्याय सर्कल के भीतर गेंद लेकर गए और नीलाकांता शर्मा को सौंपी, जिन्होंने सर्कल पर खड़े मनप्रीत को गेंद थमाई और उन्होंने सटीक निशाना साधकर गेंद गोल के भीतर डाल दी।
मैदानी अंपायर ने उछाल के कारण गोल अमान्य करार दिया लेकिन भारत ने वीडियो रेफरल लिया और फैसला भारतीय टीम के पक्ष में रहा। भारत ने तीसरे क्वार्टर में पेनल्टी कॉर्नर पर दो गोल दागे। हरमनप्रीत ने 32वें मिनट में और रोहिदास ने चार मिनट बाद ये गोल किए। चौथे क्वार्टर में अभिषेक ने तीसरे मिनट में और हूटर से एक मिनट पहले हरमनप्रीत ने गोल करके भारत की शानदार जीत तय कर दी।
Asian Games 2023 Mens Hockey final India vs Japan Highlights
5:32 PM IND vs JPN भारत ने जापान को फाइनल में 5-1 से हराकर एशियाई खेलों में गोल्ड जीत लिया है और पेरिस ओलंपिक का टिकट भी कटाया है।
5:25 PM IND vs JPN भारत ने चौथे क्वार्टर के आखिरी मिनटों में पांचवां गोल दागा है। हरमनप्रीत ने दूसरा गोल किया।
5:18 PM IND vs JPN मनदीप सिंह मांसपेशियों में दर्द के कारण फील्ड से बाहर चले गए हैं। मैच खत्म होने में सिर्फ 7 मिनट का समय बचा हुए है।
5:14 PM IND vs JPN Final जापान चौथे क्वार्टर में पहला गोल करने में कामयाब हुआ है। भारत को गोल्ड मेडल जीतने में सिर्फ 8 मिनट बचे हुए हैं।
5:13 PM IND vs JPN Final चौथे क्वार्टर की शुरुआत में ही अभिषेक ने गोल करके भारत की बढ़त को 4-0 कर दिया है।
5:06 PM IND vs JPN Final भारत बनाम जापान फाइनल मुकाबले में हरमनप्रीत की अगुवाई वाली टीम ने 3-0 की बढ़त बना ली है। चौथे क्वार्टर में भारतीय टीम ज्यादा से ज्यादा समय तक गेंद को अपने पास रखना चाहेगी।
5:01 PM IND vs JPN Final अमित रोहिदास ने भारत की बढ़त को 3-0 कर दी है। भारत को 37वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर मिला, जिसे अमित ने गोल में तब्दील करने में अहम भूमिका निभाई।
4:50 PM IND vs JPN Final Goal- तीसरे क्वार्टर का खेल शुरू हो चुका है। भारत ने एक बार फिर पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया है। भारत को तीन बार गोल करने का मौका मिला और तीसरे मौके पर भारत ने गोल कर दिया।
4:42 PM IND vs JPN Final जापान के खिलाफ फाइनल में हाफ टाइम तक भारत ने अपनी पकड़ बनाई हुई है। हालांकि अगले 30 मिनट में जापान की टीम भी अपने जलवे दिखा सकती है। लेकिन अगर भारतीय टीम अपने बढ़त के अंतर को ज्यादा करने में कामयाब रही तो भारत गोल्ड के काफी करीब पहुंच जाएगी।
4:38 PM IND vs JPN live score दूसरे क्वार्टर में भारत ने मैच का पहला गोल किया। इसके बाद भी भारतीय खिलाड़ियों ने जापान के गोलकीपर को सांस नहीं लेने दिया और कई बार मौके बनाने की कोशिश की। भारत दूसरा क्वार्टर खत्म होने के बाद 1-0 से मैच में बढ़त बनाए हुए है।
4:31 PM IND vs JPN Final Goal - भारत के लिए मनप्रीत ने 25वें मिनट में गोल कर दिया है। इसके साथ दूसरे क्वार्टर में भारत ने 1-0 की बढ़त बना ली है।
4:20 PM IND vs JPN Live दूसरे क्वार्टर की शुरुआत में भारत को पेनल्टी कॉर्नर मिला है। लेकिन टीम उसे भुना नहीं सकी। दूसरी बार भारत बढ़त बनाने में असफल रहा है। पहले क्वार्टर में भी भारत को मौका मिला था।
4:14 PM IND vs JPN Final पहले क्वार्टर में भारतीय टीम ने गोल करने के मौके बनाए लेकिन उसमें कामयाब नहीं हो सके, दूसरी तरफ जापान की टीम अपनी पूरी क्षमता के मुताबिक नहीं खेल सकी है।
4:08 PM IND vs JPN live update फाइनल के शुरुआती मिनट में दोनों ही टीमें पहला गोल करने की कोशिश में हैं। हालांकि अभी तक सफलता नहीं मिली है।
4:00 PM IND vs JPN Final भारत और जापान के बीच फाइनल मुकाबला शुरू हो चुका है। दोनों टीमों के खिलाड़ी मैदान पर पहुंच गए हैं।
3:50 PM भारत का एशियाई खेलों में प्रदर्शन
गोल्ड: 1966, 1998, 2014
सिल्वर: 1958, 1962, 1970, 1974, 1978, 1982, 1990, 1994, 2002
ब्रॉन्ज: 1986, 2018
3:46 PM जापान को पूल चरण में भारत ने 4 . 2 से हराया था । इससे भारतीय टीम का मनोबल बढेगा लेकिन बड़े मैच में जापान को हलके में लेने की गलती टीम दोबारा नहीं करेगी। दोनों टीमों का 2013 के बाद 27 बार सामना हुआ है जिसमें से 22 मैच भारत ने जीते जबकि जापान ने तीन मैच जीते और दो मैच ड्रॉ रहे ।
3:40 PM नमस्कार! एशियाई खेलों के पुरुष हॉकी के फाइनल के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और जापान के बीच खिताबी मुकाबला खेला जा रहा है।
भारतीय टीम अब तक 1966, 1998 और 2014 में स्वर्ण पदक जीत चुकी है, जबकि नौ रजत और तीन कांस्य भी जीते हैं। मौजूदा फॉर्म और विश्व रैंकिंग को देखते हुए भारतीय टीम स्वर्ण की पदक दावेदार है। पूल चरण में भारत ने 58 गोल किये और सिर्फ पांच गंवाए। सेमीफाइनल में दक्षिण कोरिया को 5-3 से हराया लेकिन टीम लय में नहीं दिखी। पहले क्वार्टर में 3-0 से बढत बनाने के बाद भारत ने लय खो दी और कोरिया ने तीन गोल दाग दिये । एक समय पर स्कोर 4-3 था लेकिन समय रहते भारतीय टीम संभल गई।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।