फोटो गैलरी

Hindi News खेलAsian Games 2023 Day 4 Highlights : भारत ने चौथे दिन दो गोल्ड, 3 सिल्वर और 3 ब्रॉन्ज मेडल जीते

Asian Games 2023 Day 4 Highlights : भारत ने चौथे दिन दो गोल्ड, 3 सिल्वर और 3 ब्रॉन्ज मेडल जीते

Asian Games 2023 Day 4 Highlights:भारत ने चीन के हांगझोऊ में जारी एशियाई खेलों में अब तक अच्छा प्रदर्शन किया है। चौथे दिन भारत को 8 मेडल मिले हैं, जिनमें दो गोल्ड, 3 सिल्वर और 3 ब्रॉन्ज मेडल शामिल है।

Asian Games 2023 Day 4 Highlights : भारत ने चौथे दिन दो गोल्ड, 3 सिल्वर और 3 ब्रॉन्ज मेडल जीते
Vikash Gaurलाइव हिन्दुस्तान,नई दिल्लीWed, 27 Sep 2023 08:56 PM
ऐप पर पढ़ें

Asian Games 2023 Day 4 Highlights : भारतीय निशानेबाजों ने बुधवार को एशियाई खेलों की शूटिंग रेंज में दबदबा बनाते हुए दो स्वर्ण सहित सात पदक अपने नाम किए और भारतीय पाल नौकायन खिलाड़ी विष्णु सरवनन ने पुरुषों की डिंगी आईएलसीए 7 स्पर्धा में देश को पहला कांस्य पदक दिलाया, जबकि प्रतिभाशाली वुशु खिलाड़ी रोशिबिना देवी ने कम से कम रजत पदक पक्का कर दिया। भारत के इस तरह चौथे दिन पांच स्वर्ण, सात रजत और 10 कांस्य से कुल 22 पदक हो गए हैं। निशानेबाजी ने अभी तक तीन स्वर्ण सहित 12 पदक जीत लिये हैं और देश 2018 खेलों में अपने निशानेबाजी प्रदर्शन में सुधार कर चुका है जहां उसने नौ पदक जीते थे। रोशिबिना ने वियतनाम की थि थु एनगुएन को 2-0 से हराकर 60 किग्रा के फाइनल में प्रवेश किया इस स्पर्धा में कम से कम रजत पदक पक्का हो गया। युवा निशानेबाज सिफ्ट कौर सामरा ने 469.6 के विश्व रिकॉर्ड स्कोर के साथ महिला 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन स्पर्धा में व्यक्तिगत स्वर्ण पदक जीता। वह राइफल थ्री पोजीशन में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय निशानेबाज भी बनीं।

निशानेबाजी में दूसरा स्वर्ण पदक मनु भाकर, ईशा सिंह और रिदम सांगवान की तिकड़ी ने कुल 1759 अंक बनाकर महिला 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा टीम स्पर्धा में दिलाया। ईशा ने 25 मीटर पिस्टल व्यक्तिगत स्पर्धा में 34 अंक के साथ रजत पदक भी जीत लिया। सिफ्ट की ही स्पर्धा में आशी चौकसी ने 451.9 अंक के साथ कांस्य पदक जीता जो एक समय रजत पदक की दौड़ में शामिल थी। निशानेबाजी के दिन के अंतिम फाइनल में अनंत जीत सिंह नरुका ने पुरुष स्कीट स्पर्धा में रजत पदक जीता। उन्होंने इससे पहले अंगद वीर सिंह बाजवा और गुरजोत खांगुरा के साथ मिलकर टीम स्पर्धा का कांस्य पदक भी जीता। नरुका, बाजवा और खांगुरा की तिकड़ी ने टीम स्पर्धा में 355 अंक के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। सिफ्ट ने क्वालीफिकेशन में 600 में से 594 अंक से चीन की शिया सियु के साथ एशियाई खेलों का रिकॉर्ड तोड़ा। 

आशी चौकसी, माणिनी कौशिक और सिफ्ट कौर सामरा ने मिलकर महिला 50 मीटर राइफल 3पी टीम स्पर्धा में रजत पदक जीता। आशी, माणिनी और सिफ्ट की तिकड़ी ने क्वालीफिकेशन में 1764 अंक के साथ दूसरे स्थान पर रहते हुए महिलाओं की 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन में दूसरा स्थान हासिल किया। टोक्यो ओलंपिक खेल चुके विष्णु सरवनन ने 11 रेस की स्पर्धा में 34 नेट स्कोर बनाया जिससे वह पुरूषों की डिंगी आईएलसीए 7 स्पर्धा में एक अंक से रजत पदक से चूक गए। पाल नौकायन में इस तरह भारत को एक रजत और दो कांस्य पदक मिल गये हैं। नेहा ठाकुर ने कल रजत और इबाद अली ने कांस्य पदक जीता था। भारतीय पाल नौकायन खिलाड़ियों ने 2018 में जकार्ता खेलों में भी एक रजत और दो कांस्य जीते थे। मुक्केबाजी में दो बार की विश्व चैम्पियन मुक्केबाज निखत जरीन (50 किग्रा) ने क्वार्टरफाइनल में प्रवेश किया। भारतीय महिला हॉकी टीम ने पूल ए के अपने पहले मैच में सिंगापुर को 13 . 0 से हराया ।

भारतीय पुरुषों का दबदबा (ब्रिज)

भारतीय पुरुष टीम ने एशियाई खेलों में बुधवार को ब्रिज प्रतियोगिता के अपने तीनों राउंड रोबिन मैच जीत कर शानदार प्रदर्शन किया। भारत ने दिन की शुरुआत फिलीपींस (18.04-1.96) पर जीत के साथ की। इसके बाद उसने सिंगापुर (10.97-9.03) और बांग्लादेश (10.66-9.34) को हरााया। भारत  42 बोर्ड खेलकर 51.67 अंकों के साथ जापान के बाद दूसरे स्थान पर है। भारतीय महिला टीम हालांकि प्रभाव छोड़ने में नाकाम रही।

टेनिस में पहला पदक पक्का

भारत के साकेत माइनेनी और रामकुमार रामनाथन ने चीन के यिबिंग वू और झिझेन झांग को सीधे सेटों में हराकर टेनिस में भारत का पहला पदक पक्का किया। पुरुष युगल जोड़ी ने चीन को 1 घंटे 21 मिनट में हराकर एशियाई खेल 2023 के सेमीफाइनल में प्रवेश किया।

व्यक्तिगत स्पर्धा में पदक नहीं जीत सके शतरंज खिलाड़ी

भारतीय शतरंज खिलाड़ी बुधवार को एशियाई खेलों की व्यक्तिगत स्पर्धा में पदक जीतने में नाकाम रहे।
ग्रैंडमास्टर विदित गुजराती (5.5 अंक) और अर्जुन एरिगैसी (5.5) पुरुष वर्ग में क्रमशः पांचवें और छठे स्थान पर रहे, जबकि महिला वर्ग में पूर्व कांस्य पदक विजेता डी हरिका (6 अंक) चौथे और 2006 की चैंपियन कोनेरू हम्पी सातवें स्थान पर रहीं।

निखत जरीन क्वार्टर फाइनल में पहुंचीं

दो बार की विश्व चैम्पियन मुक्केबाज निखत जरीन (50 किग्रा) ने बुधवार को एशियाई खेलों के क्वार्टरफाइनल में प्रवेश किया, जबकि भारत के अनुभवी मुक्केबाज शिव थापा (63.5 किग्रा) और संजीत (92 किग्रा) एशियाई खेलों से बाहर हो गए। निखत ने महिला स्पर्धा दूसरे दौर में दक्षिण कोरिया की चोरोंग बाक पर 5-0 से आसान जीत हासिल की। रिकॉर्ड छह बार एशियाई चैम्पियनशिप पदक जीतने वाले शिव आसान ड्रा का फायदा नहीं उठा सके और प्री क्वार्टरफाइनल में किर्गिस्तान के अस्कत कुलताएव से 0-5 से हार गए।संजीत को विश्व चैम्पियनशिप के कांस्य पदक विजेता लाजिजबेक मुलोजोनोव से 0-5 से हार मिली।

महिलाओं की 60 किग्रा स्पर्धा (वुशु) 

रोशिबिना देवी नाओरेम वियतनाम की थी को हराकर महिलाओं की 60 किग्रा स्पर्धा के फाइनल में हैं। रोशिबिना जकार्ता में 2018 एशियाई खेलों की कांस्य पदक विजेता हैं।

एकल टेनिस खिलाड़ी एशियाई खेलों से खाली हाथ लौटेंगे

भारत के एकल टेनिस खिलाड़ी 2006 के बाद पहली बार एशियाई खेलों से खाली हाथ लौटेंगे चूंकि सुमित नागल और पिछली बार की कांस्य पदक विजेता अंकिता रैना बुधवार को क्वार्टर फाइनल में हारकर बाहर हो गए। सोमदेव देववर्मन ने 2010 में पुरुष एकल में स्वर्ण जीता था। उसके बाद युकी भांबरी (2014 इंचियोन) और प्रजनेश गुणेश्वरन (2018 जकार्ता) ने कांस्य पदक जीता था। दोहा में 2006 में हुए खेलों में रोहन बोपन्ना और करण रस्तोगी एकल वर्ग में पदक दौर में नहीं पहुंच सके थे। 

स्कीट पुरुष फाइनल में रजत पदक 

भारतीय निशानेबाज अनंत जीत सिंह नरुका ने एशियाई खेलों की पुरुष स्कीट व्यक्तिगत स्पर्धा में रजत पदक जीता। पुरुषों की स्कीट में, अनंतजीत सिंह नरूका ने 58/60 का प्रभावशाली स्कोर हासिल करते हुए रजत पदक जीता। दो बार के ओलंपिक कांस्य पदक विजेता कुवैत के अब्दुल्ला अब्दुल्ला अल-रशीदी ने भारतीय निशानेबाज को हराने के लिए 60/60 के वश्वि रिकॉर्ड की बराबरी की। कतर के नासिर अल-अत्तिया को 46/50 के स्कोर के साथ कांस्य पदक मिला।

लीग आफ लीजैंड्स स्पर्धा में पांचवां स्थान

भारत ने एशियाई खेलों में बुधवार को ईस्पोटर्स की लीग आफ लीजैंड्स स्पर्धा में पांचवां स्थान हासिल किया।भारतीय टीम में अक्षज शेनॉय, समर्थ अरविंद त्रिवेदी, मिहिर रंजन, सानिंध्य मलिक, आकाश शांडिल्य, आदित्य सेल्वराज शामिल थे। उन्हें क्वार्टर फाइनल में वियतनाम ने 2-0 से हराया। भारतीय डीओटीए 2 टीम किर्गीस्तान और फिलीपींस के खिलाफ शुक्रवार को अपने अभियान का आगाज करेगी। 

शूटिंग में सिल्वर मेडल

18 साल की ईशा सिंह ने 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा (शूटिंग) में रजत पदक जीता है। मनु भाकर इस स्पर्धा में पांचवें स्थान पर रहीं। भारत के लिए निशानेबाजी में अब तक का 11वां पदक है। निशानेबाजी में आज का ये छठा मेडल है। 

शूटिंग में एक और पदक

भारतीय शूटर्स ने एशियन गेम्स में कमाल किया हुआ है। एक और पदक इन खेलों में आया है। शूटिंग मेंस स्कीट में टीम इंडिया ने कांस्य पदक जीता है। अंगद बाजवा, गुरजोत खांगुरा और अनंतजीत सिंह ने ब्रॉन्ज मेडल देश को दिलाया है। 

सेलिंग में भी मिला ब्रॉन्ज

सेलिंग में विष्णु सरवनन ने भी देश को मेडल दिलाया है। पुरुषों की ILCA 7 स्पर्धा में उन्होंने कांस्य पदक जीता है।

भारत को एक और गोल्ड

भारत को दिन का दूसरा गोल्ड मेडल शूटिंग में मिला है। सिफत कौर समरा ने महिलाओं की 50 मीटर राइफल 3 पोजिशन स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता है। सिफत ने इससे पहले टीम स्पर्धा में भी गोल्ड मेडल देश को दिलाया था। इसी इवेंट में आशी चौकसे ने कांस्य पदक अपने नाम किया है। 

महिला हॉकी टीम की जीत

भारत की महिला हॉकी टीम एशियन गेम्स 2023 में अपना पहला मैच खेलने उतरी। भारत के सामने सिंगापुर की टीम थी। भारत ने इस मैच में बड़ी जीत दर्ज की। सिंगापुर को 13-0 से मात देकर भारत की महिला हॉकी टीम ने टूर्नामेंट की दमदार शुरुआत की है। इस मैच में संगीता कुमारी ने हैट्रिक हासिल की, जबकि दो गोल नवनीत कौर ने किए। इसके अलावा एक-एक गोल 8 खिलाड़ियों ने किया। 

दूसरे क्वॉर्टर के बाद भारत का स्कोर 8-0 था। सिंगापुर के खिलाफ पुरुष हॉकी टीम ने भी बड़ी जीत दर्ज की थी। अब महिला टीम भी उसी स्थिति में पहुंची हुई नजर आ रही है।

पहले क्वॉर्टर में पहला पेनल्टी कॉर्नर भारत की टीम भुना नहीं सकी। भारत को 1-0 की बढ़त मिल गई है। पेनल्टी कॉर्नर के जरिए ये गोल भारत ने किया। जल्द ही भारत ने दो और गोल दागे और बढ़त को 3-0 कर दिया। 

 

शूटिंग में गोल्ड मेडल

शूटिंग में भारत को गोल्ड मेडल मिला है। मनु भाकर, ईशा सिंह और रिदम सांगवान की अविश्वसनीय जोड़ी ने शूटिंग की 25 मीटर पिस्टल महिला टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने में सफलता हासिल की है। भारतीय खिलाड़ियों ने इस स्पर्धा में 1759 प्वॉइंट्स हासिल किए और चीनी खिलाड़ी 1756 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहे और सिल्वर जीतने में सफल हुए। एशियन गेम्स 2023 में भारत के लिए ये 16वां पदक और कुल चौथा स्वर्ण पदक है।

शूटिंग में सिल्वर

निशानेबाजी में भारत ने रजत पदक अपने नाम कर लिया है। महिलाओं की 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन टीम स्पर्धा में भारत ने सिल्वर मेडल जीता है। सिफत कौर समरा, आशी चौकसे और मानिनी कौशिक ने देश को एक और पदक शूटिंग में दिलाया है। भारत का ये चौथे दिन का पहला पदक है।

शूटिंग कंप्टीशन भी शुरू हो गया है, जहां कई भारतीय खिलाड़ियों से पदक की उम्मीद है। 

वुशु पुरुष दाओशु फाइनल में भारत के लिए रोहित जाधव पदक के दावेदार थे। हालांकि, उन्होंने 9.413 स्कोर किया और वे 11 खिलाड़ियों की लिस्ट में 8वें स्थान पर रहे। चीन के खिलाड़ी ने गोल्ड मेडल अपने नाम किया। 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें