फोटो गैलरी

Hindi News खेलपूर्व हॉकी दिग्गज बलबीर सिंह सीनियर के निधन पर अक्षय कुमार ने किया ट्वीट, बोले- मैं सौभाग्यशाली हूं कि आपसे मिल पाया 

पूर्व हॉकी दिग्गज बलबीर सिंह सीनियर के निधन पर अक्षय कुमार ने किया ट्वीट, बोले- मैं सौभाग्यशाली हूं कि आपसे मिल पाया 

पद्मश्री से सम्मानित और तीन बार की ओलंपिक गोल्ड विजेता रही भारतीय हॉकी टीम के पूर्व सदस्य और महान खिलाड़ी बलबीर सिंह सीनियर का सोमवार को लंबी बीमारी के बाद 95 वर्ष की आयु में निधन हो गया। बलबीर सिंह...

पूर्व हॉकी दिग्गज बलबीर सिंह सीनियर के निधन पर अक्षय कुमार ने किया ट्वीट, बोले- मैं सौभाग्यशाली हूं कि आपसे मिल पाया 
लाइव हिन्दुस्तान टीम,नई दिल्लीMon, 25 May 2020 10:36 AM
ऐप पर पढ़ें

पद्मश्री से सम्मानित और तीन बार की ओलंपिक गोल्ड विजेता रही भारतीय हॉकी टीम के पूर्व सदस्य और महान खिलाड़ी बलबीर सिंह सीनियर का सोमवार को लंबी बीमारी के बाद 95 वर्ष की आयु में निधन हो गया। बलबीर सिंह सीनियर 1948 के लंदन ओलंपिक, 1952 के हेलसिंकी ओलंपिक और 1956 के मेलबर्न ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाली टीम के सदस्य थे। मेलबर्न ओलंपिक में बलबीर सिंह सीनियर ने भारतीय हॉकी टीम का नेतृत्व किया था। उनके निधन पर बॉलीवुड के सुपर स्टार अक्षय कुमार ने शोक प्रकट किया है। अक्षय के साथ-साथ पीटी उषा, अभिनव बिंद्रा जैसी खेल हस्तियों ने भी ट्वीट कर शोक जताया है।

भारत के सर्वकालिक महान खिलाड़ियों में शामिल बलबीर सिंह सीनियर लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उनके पोते कबीर के अनुसार, चंडीगढ़ के फोर्टिस अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। उन्हें सोमवार को अंतिम सांस ली। 

तीन बार के ओलंपिक गोल्ड विजेता हॉकी खिलाड़ी बलबीर सिंह सीनियर का निधन

देश के महानतम एथलीटों में से एक बलबीर सीनियर अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति द्वारा चुने गए आधुनिक ओलंपिक इतिहास के 16 महानतम ओलंपियनों में शामिल थे। उन्हें 1957 में पद्मश्री से नवाजा गया था और यह सम्मान पाने वाले वह पहले खिलाड़ी थे। 

SAI ने खेलो इंडिया एथलीटों के लिए जारी की 8.25 करोड़ की राशि

अक्षय कुमार ने उनके निधन पर ट्वीट करते हुए कहा, ''हॉकी लीजेंड बलबीर सिंह जी के निधन के बारे में सुनकर बेहद दुख हुआ। यह मेरा सौभाग्य है कि अतीत में उनसे मिलने का मौका मिला। वह एक शानदार शख्सियत थे। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ हैं।'' दरअसल, अक्षय कुमार अपनी फिल्म 'गोल्ड' के दौरान बलबीर सिंह सीनियर से मिले थे। अक्षय की यह फिल्मभारत द्वारा 1948 के लंदन ओलंपिक में शानदार जीत हासिल करने के गौरवशाली पल पर बनी थी। 

पीटी उषा ने ट्वीट करते हुए कहा, ''बलबीर सिंह सीनियर जी निधन के बारे में सुनकर दुख हुआ। शब्दों से परे वह एक शानदार एथलीट और रोल मॉडल थे। मेरे संवेदनाएं उनके परिवार, दोस्तों और फैन्स के साथ हैं।''

हॉकी इंडिया ने बलबीर सिंह के निधन पर ट्वीट कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। 

अभिनव बिंद्रा ने ट्वीट किया, ''भारत के सबसे प्रतिष्ठित ओलंपियनों में से एक बलबीर सिंह सीनियर के निधन के बारे में सुनकर दुख हुआ। ऐसे एथलीट और रोल मॉडल काफी कम होते हैं। उन्हें जानना सम्मान की बात है। मुझे उम्मीद है कि उनका उदाहरण दुनिया भर के एथलीटों को प्रेरित करता रहेगा।''

बास्केटबॉल खिलाड़ी दिव्या सिंह ने ट्वीट किया, ''महान हॉकी खिलाड़ी बलबीर सिंह सीनियर  के निधन के बारे में सुनकर दुख हुआ।  3 बार ओलंपिक गोल्ड मेडलिस्ट थे। एक खेल व्यक्तित्व के रूप में मुझे हमेशा उस पर गर्व होगा। ओम शांति।''

बता दें कि बलबीर सिंह सीनियर  पिछले दो सप्ताह से कई स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे थे। 95 वर्षीय बलबीर के परिवार में बेटी सुशबीर और तीन बेटे कंवलबीर, करणबीर और गुरबीर हैं। उनके बेटे कनाडा में हैं और वह यहां अपनी बेटी सुशबीर और नाती कबीर सिंह भोमिया के साथ रहते थे। मोहाली के फोर्टिस अस्पताल के निदेशक अभिजीत सिंह ने बताया, ''उनका सुबह 6.30 पर निधन हुआ।'' 

बलबीर सीनियर को आठ मई को वहां भर्ती कराया गया था। वह 18 मई से अर्ध चेतन अवस्था में थे और उनके दिमाग में खून का थक्का जम गया था। उन्हें फेफड़ों में निमोनिया और तेज बुखार के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें