
रोजर फेडरर को बड़ा सम्मान, चुना गया इंटरनेशनल टेनिस हॉल ऑफ फेम
रोजर फेडरर को पात्रता के पहले ही साल में अंतरराष्ट्रीय टेनिस हॉल ऑफ में शामिल किया गया। 20 ग्रैंड स्लैम एकल खिताब जीतने वाले पहले पुरुष खिलाड़ी फेडरर ‘क्लास ऑफ 2026’ के लिए समर्थन प्राप्त करने वाले एकमात्र उम्मीदवार थे।
महान खिलाड़ी रोजर फेडरर को पात्रता के पहले ही साल में अंतरराष्ट्रीय टेनिस हॉल ऑफ में शामिल किया गया। रोड आइलैंड स्थित हॉल ऑफ फेम ने बुधवार को यह जानकारी दी। 20 ग्रैंड स्लैम एकल खिताब जीतने वाले पहले पुरुष खिलाड़ी फेडरर ‘क्लास ऑफ 2026’ के लिए समर्थन प्राप्त करने वाले एकमात्र उम्मीदवार थे। फेडरर ने रफेल नडाल और नोवाक जोकोविच जैसे साथी महान खिलाड़ियों की मौजूदगी वाले युग को ‘टेनिस के लिए स्वर्णिम समय’ कहा था।

खिलाड़ियों के चयन पर टूर से पांच साल दूर रहने के बाद विचार किया जा सकता है और उन्हें मतदान समूह के 75 प्रतिशत सदस्यों द्वारा चुना जाना आवश्यक है जिसमें टेनिस मीडिया, इतिहासकार, उद्योग जगत के शीर्ष लोगों, हॉल के सदस्य और प्रशंसक शामिल हैं। हॉल मतदान के परिणामों का खुलासा नहीं करता है।
टीवी प्रस्तोता और पत्रकार तथा पूर्व खिलाड़ी मैरी कैरिलो को योगदानकर्ता श्रेणी में चुना गया।
इन्हें हॉल ऑफ फेम में शामिल करने के लिए समारोह अगस्त में होगा।
फेडरर ने कहा, ‘‘मैंने हमेशा टेनिस के इतिहास और मुझसे पहले आए लोगों द्वारा स्थापित उदाहरणों को महत्व दिया है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘खेल और मेरे साथियों द्वारा इस तरह से मान्यता मिलना शानदार है।’’
फेडरर करियर ग्रैंड स्लैम जीतने वाले आठ पुरुष खिलाड़ियों में से एक हैं। उन्होंने विंबलडन में आठ, ऑस्ट्रेलियाई ओपन में छह, अमेरिकी ओपन में पांच और फ्रेंच ओपन में एक खिताब जीता।

लेखक के बारे में
Lokesh Kheraलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




