पीवी सिंधू का मलेशिया ओपन सेमीफाइनल में टूटा दिल, वर्ल्ड नंबर-2 खिलाड़ी के हाथों झेलनी पड़ी हार

Jan 10, 2026 11:31 am ISTMd.Akram कुआलालंपुर, भाषा
share Share
Follow Us on

PV Sindhu vs Wang Zhi Yi Highlights: भारत की स्टार बैडमिंंटन  प्लेयर पीवी सिंधू का मलेशिया ओपन के सेमीफाइनल में दिल टूट गया। उन्हें वर्ल्ड नंबर-2 खिलाड़ी वांग झियी के हाथों हार झेलनी पड़ी।

पीवी सिंधू का मलेशिया ओपन सेमीफाइनल में टूटा दिल,  वर्ल्ड नंबर-2 खिलाड़ी के हाथों झेलनी पड़ी हार

भारतीय बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधू का शानदार सफर शनिवार को यहां सत्र के पहले मलेशिया ओपन सुपर 1000 के महिला एकल सेमीफाइनल में चीन की वांग झियी से सीधे गेम में हार के साथ समाप्त हो गया। दो बार की ओलंपिक पदक विजेता सिंधू विश्व नंबर दो खिलाड़ी के दबाव को झेल नहीं पाई और 6-21, 15-21 से हार गईं। उन्हें मुकाबले में कई गलतियों का खामियाजा भुगतना पड़ा। पिछले साल अक्टूबर से पैर की चोट के कारण मैदान से बाहर रहीं सिंधू अपना पहला टूर्नामेंट खेल रही थीं। वह दूसरे गेम में एक समय 11-6 की बढ़त के साथ वापसी कर रही थीं लेकिन उन्होंने इसे गंवा दिया। इस हार के साथ ही टूर्नामेंट में भारत का सफर भी समाप्त हो गया।

सिंधू ने शुरुआत में दी कड़ी चुनौती

सिंधू ने शुरुआत में बेहतर रैंकिंग वाली प्रतिद्वंद्वी को कड़ी चुनौती दी। उन्होंने दमदार शॉट्स लगाए और अपनी लंबी पहुंच का प्रभावी उपयोग किया। सिंधू ने चिर-परिचित क्रॉस-कोर्ट स्मैश के दम पर तेजी से 5-2 की बढ़त बना ली, लेकिन वांग की सधी हुई नेट प्ले ने उन्हें लगातार अंक दिलाए और स्कोर बराबर हो गया। वांग की कुछ गलतियों का फायदा उठाते हुए सिंधू 9-7 से आगे निकलीं, लेकिन नेट पर चूक के कारण चीन की खिलाड़ी ने एक बार फिर वापसी करते हुए ब्रेक तक एक अंक की मामूली बढ़त हासिल कर ली। ब्रेक के बाद दोनों खिलाड़ियों को शॉट की लेंथ पर नियंत्रण रखने में परेशानी हुई और स्कोर 13-13 पर स्कोर बराबर रहा।

तेज हमलों से सिंधू हो गईं असहज

वांग ने इसके बाद आक्रामक खेल दिखाते हुए दबाव बढ़ाया। लगातार तेज हमलों से उन्होंने सिंधू को असहज किया और सटीक शॉट के जरिए शटल को उनकी पहुंच से दूर रखने की रणनीति अपनाई। वांग ने 18-14 से आगे निकल के दौरान चार गेम प्वाइंट हासिल कर पहला गेम अपने नाम कर लिया। दूसरे गेम की शुरुआत में सिंधू अपनी गलतियों के चलते 1-3 से पिछड़ गईं, लेकिन जल्द ही संभलते हुए आक्रामक रैली के दम पर 6-3 की बढ़त ले ली। वांग ने अंतर कम करने की कोशिश लेकिन सिंधू ने कोर्ट के कोण का बढ़िया इस्तेमाल करते हुए ब्रेक तक 11-6 की बढ़त बना ली।

शटल बाहर गिरा या नेट से टकराया

ब्रेक के बाद वांग ने एक बार फिर आक्रामक अंदाज में वापसी की और सिंधू को तेज रैलियों में उलझाया, लेकिन सिंधू ने करार जवाब देते हुए 13-9 की बढ़त बनाए रखी। इसके बाद सिंधू असहज गलतियां करने लगी। उनके शॉट पर शटल कोर्ट के बाहर गिरने लगा या नेट से टकराने लगा जिससे स्कोर 13-13 हो गया। चीन की खिलाड़ी ने इसके बाद बढ़त बनानी शुरू की और सिंधू दबाव में पिछड़ती चली गईं। इस दबाव के कारण उन्होंने लगातार दो बार बैकलाइन पर चूक गईं। वांग ने पांच मैच प्वाइंट हासिल किए और सिंधू का शॉट बाहर जाने के साथ ही उन्होंने फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।

Md.Akram

लेखक के बारे में

Md.Akram

मोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार

परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।


अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।


शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।


विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।