आर प्रज्ञाननंदा ने वर्ल्ड नंबर-1 मैग्नस कार्लसन को दी शिकस्त, ऐसा करने वाले बने पहले खिलाड़ी

Md.Akram ओस्लो, भाषा
share

R Praggnanadhaa Norway Chess 2026: आर प्रज्ञाननंदा ने वर्ल्ड नंबर-1 मैग्नस कार्लसन को फिर शिकस्त दी है। भारत के युवा ग्रैंडमास्टर ने कहा कि मैग्नस के खिलाफ जीत हासिल करना शानदार है।

आर प्रज्ञाननंदा ने वर्ल्ड नंबर-1 मैग्नस कार्लसन को दी शिकस्त, ऐसा करने वाले बने पहले खिलाड़ी

भारत के युवा ग्रैंडमास्टर आर प्रज्ञाननंदा ने नॉर्वे के दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन के खिलाफ अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए नॉर्वे शतरंज टूर्नामेंट 2026 में क्लासिकल बाजी में उन्हें दूसरी बार हराया और इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में पहले भारतीय चैंपियन बनने की अपनी दावेदारी को मजबूत किया। विश्व चैंपियन डी गुकेश की खिताब जीतने की उम्मीदें आठवें दौर में फ्रांसीसी ग्रैंडमास्टर अलीरेजा फिरोजा से एक और करारी हार के बाद खत्म हो गईं। वह आठ अंकों के साथ तालिका में सबसे निचले पायदान पर आ गए हैं। इस तरह से गुकेश का 2024 में विश्व चैंपियन बनने के बाद खराब प्रदर्शन जारी है।

ऐसा करने वाले पहले खिलाड़ी प्रज्ञाननंदा

प्रज्ञाननंदा इस वर्ष क्लासिकल बाजी में कार्लसन को दो बार हराने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं। इस एलीट डबल राउंड-रॉबिन प्रतियोगिता में उन्होंने पहले भी कार्लसन को क्लासिकल बाजी में हराया था। इस जीत से 20 वर्षीय प्रज्ञाननंदा के 12 अंक हो गए और वह तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। दूसरी तरफ इस हार से कार्लसन की आठवीं बार नॉर्वे शतरंज खिताब जीतने की उम्मीदों को करारा झटका लगा है। अब केवल दो राउंड का खेल बचा हुआ है और ऐसे में मौजूदा चैंपियन कार्लसन के लिए खिताब बचाना आसान नहीं होगा। कार्लसन का यह अभियान अप्रत्याशित रूप से उथल-पुथल भरा रहा है, जिसमें उन्हें चार बार क्लासिकल बाजी में हार का सामना करना पड़ा। इनमें से दो बार उन्हें प्रज्ञाननंदा ने हराया। इस तरह से वह विश्व के नंबर एक खिलाड़ी के वर्चस्व को चुनौती देने वाले प्रमुख खिलाड़ी बन गए हैं।

'जीत के बारे में सोचने से ज्यादा यह महत्वपूर्ण'

काले मोहरों से खेल रहे प्रज्ञाननंदा ने मैच के बाद कहा, ''मैग्नस के खिलाफ जीत के बारे में सोचने से ज्यादा महत्वपूर्ण यह है कि मुझे यह जीत हासिल करनी है। निश्चित तौर पर मैग्नस के खिलाफ जीत हासिल करना शानदार है, लेकिन मुझे लगता है कि टूर्नामेंट के इस चरण में कोई भी मैच जीतना अच्छा है।'' प्रज्ञाननंदा नौवें दौर में काले मोहरों से हमवतन गुकेश के खिलाफ खेलेंगे। इस बीच अंक तालिका में शीर्ष पर चल रहे अमेरिकी ग्रैंडमास्टर वेस्ली सो ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए आर्मागेडन टाई-ब्रेक में जर्मनी के विंसेंट कीमर को हराकर अपने अंकों की संख्या 14 पर पहुंचा दी है। फ्रांस के फिरोजा ने क्लासिकल मुकाबले में गुकेश को हराकर 13 अंकों के साथ दूसरा स्थान हासिल कर लिया। इस हार के साथ ही गुकेश की नॉर्वे शतरंज खिताब जीतने की उम्मीदें लगभग खत्म हो गईं। इस भारतीय खिलाड़ी के अभी केवल आठ अंक हैं और वह अपने अगले दो मैच क्लासिकल में जीतने पर भी 14 अंक तक ही पहुंच सकते हैं।

गुकेश की क्लासिकल बाजी में तीसरी हार

यह टूर्नामेंट में गुकेश की क्लासिकल बाजी में तीसरी हार थी। इससे उनकी इस साल के आखिर में उज्बेक चैलेंजर जावोखिर सिंदारोव के खिलाफ विश्व चैंपियनशिप के अपने खिताब का बचाव करने की तैयारी को भी झटका लगा है। इस बीच महिला वर्ग में कजाकिस्तान की बिबिसारा असाउबायेवा ने दिव्या देशमुख को क्लासिकल बाजी में हराकर खिताब की दौड़ में अपनी पकड़ मजबूत कर ली। चीन की झू जिनर ने भी क्लासिकल में जीत हासिल की। उन्होंने मौजूदा महिला विश्व चैंपियन जू वेनजुन को हराकर 10 अंक के साथ दिव्या की बराबरी कर ली। मौजूदा चैंपियन अन्ना मुजिचुक और कोनेरू हम्पी ने अपना क्लासिकल गेम ड्रॉ किया। इसके बाद आर्मागेडन टाईब्रेक भी ड्रॉ रहने से हम्पी को बोनस अंक मिल गया क्योंकि वह काले मोहरों से खेल रही थी।

Md.Akram

लेखक के बारे में

Md.Akram

मोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार

परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।


अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।


शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।


विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।