Hindi Newsखेल न्यूज़India Open 2026 High expectations from Indian players in the Tournament progressing in a tough draw will be a challenge
India Open 2026 आज से शुरू, भारतीय खिलाड़ियों से बड़ी उम्मीदें, मुश्किल ड्रॉ में आगे बढ़ना होगा चुनौती

India Open 2026 आज से शुरू, भारतीय खिलाड़ियों से बड़ी उम्मीदें, मुश्किल ड्रॉ में आगे बढ़ना होगा चुनौती

संक्षेप:

India Open 2026 आज यानी मंगलवार 13 जनवरी से शुरू हो रहा है। भारतीय खिलाड़ियों के लिए चुनौती सबसे बड़ी ये है कि उनको मुश्किल ड्रॉ से बाहर निकलकर आगे बढ़ना होगा। पीवी सिंधू और लक्ष्य सेन समेत कई शीर्ष खिलाड़ी इसमें खेलने वाले हैं।

Jan 13, 2026 09:43 am ISTVikash Gaur Bhasha, नई दिल्ली
share Share
Follow Us on

पीवी सिंधू और लक्ष्य सेन सहित भारत के शीर्ष बैडमिंटन खिलाड़ी मंगलवार 13 जनवरी से नई दिल्ली में शुरू होने वाले 950,000 डॉलर इनामी इंडिया ओपन सुपर 750 में घरेलू दर्शकों के सामने बेहतर प्रदर्शन करके अपने हालिया फॉर्म को परिणामों में बदलने की कोशिश करेंगे। भारतीय खिलाड़ियों का हालांकि अपने घरेलू कोर्ट पर प्रदर्शन बहुत अच्छा नहीं रहा है तथा पिछले 15 वर्षों में उनमें से केवल कुछ खिलाड़ियों ने ही खिताब जीता है।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

ड्रॉ में एक बार फिर घरेलू खिलाड़ियों के लिए शुरुआती चुनौतियां होंगी, जिसमें लक्ष्य सेन और आयुष शेट्टी के बीच पुरुषों के एकल वर्ग का भारतीय मुकाबला शामिल भी है। सिंधू का पहला मैच वियतनाम की गुयेन थुई लिन्ह से होगा। सिंधू 2017 में यहां चैंपियन रही हैं। उन्होंने पिछले सप्ताह मलेशिया ओपन सुपर 1000 टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जगह बनाई थी जहां वह चीन की वांग झियी से हार गईं थी। इंदिरा गांधी इनडोर स्टेडियम में होने वाले इंडिया ओपन में ओलंपिक में दो पदक जीतने वाली यह भारतीय खिलाड़ी अपनी तरफ से कोई कसर नहीं छोड़ेगी।

इंडिया ओपन 2022 के चैंपियन सेन ने ऑस्ट्रेलियाई ओपन सुपर 500 जीतकर पिछले सत्र का समापन किया था लेकिन मलेशिया ओपन में वह जल्दी बाहर हो गए थे। दूसरी ओर आयुष ने 2025 में अमेरिकी ओपन सुपर 300 जीतकर अपनी पहचान बनाई और कोदाई नाराओका, लोह कीन यू, चाउ टिएन चेन और ब्रायन यांग जैसे खिलाड़ियों को हराया। मलेशिया ओपन के पहले दौर में उन्होंने ली ज़ी जिया को हराकर बड़ा उलटफेर किया था।

कुआलालंपुर में सेन हांगकांग के ली चेउक यिउ से हार गए थे, जो अब इंडिया ओपन के पहले दौर में एचएस प्रणय का सामना करेंगे। किदाम्बी श्रीकांत का मुकाबला साथी भारतीय थारुन मानेपल्ली से होगा क्योंकि चीन के शीर्ष वरीय शी युकी और ली शी फेंग टूर्नामेंट से हट गए हैं। महिला एकल में सिंधू के अलावा भारतीय चुनौती मालविका बंसोड पर भी निर्भर रहेगी जिनका सामना चीनी ताइपे की पाई यू पो से होगा। कई अन्य युवा भारतीय खिलाड़ी भी घरेलू परिस्थितियों का फायदा उठाने की कोशिश करेंगे।

भारत की पोडियम पर पहुंचने की सबसे अच्छी उम्मीदें एक बार फिर सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की पुरुष युगल जोड़ी पर टिकी रहेंगी। यह जोड़ी इस टूर्नामेंट में दो बार फाइनल में पहुंची है और उसने 2022 में खिताब जीता था। भारतीय जोड़ी मलेशिया ओपन के क्वार्टर फाइनल में हार गई थी और वह यहां उसकी भरपाई करने की कोशिश करेंगे।

महिला युगल में त्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद का मुकाबला थाईलैंड की ओर्निचा जोंगसाथापोर्नपर्न और सुकिता सुवाचाई से होगा। यह टूर्नामेंट भारत की अगली पीढ़ी की युगल जोड़ियों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करेगा। प्रिया कोन्जेंगबम और श्रुति मिश्रा का सामना हांगकांग की लुई लोक लोक और त्सांग हियु यान से जबकि रुतापर्णा पांडा और स्वेतापर्णा पांडा का सामना जापान की नानको हारा और रिको कियोसे से होगा।

महिला युगल के एक अन्य मुकाबले में कविप्रिया सेल्वम और सिमरन सिंघी का सामना मलेशिया की दूसरी वरीयता प्राप्त पर्ली टैन और थिनाह मुरलीधरन से होगा। मिश्रित युगल में ध्रुव कपिला और तनीषा क्रैस्टो का सामना थाईलैंड के पक्कापोन तीररात्साकुल और सपसिरी तारतनचाई से, जबकि रोहन कपूर और रुथविका शिवानी गद्दे का जर्मनी के मार्विन सीडेल और थुक फुओंग गुयेन से होगा।

ध्रुव रावत और मनीषा की एक अन्य भारतीय जोड़ी जापान के हिरोकी मिदोरिकावा और नामी मात्सुयामा से भिड़ेंगी। आशिथ सूर्या और अमृता प्रमुथेश जापान के युइची शिमोगामी और सयाका होबारा का सामना करेंगे। भारतीय खिलाड़ियों में साइना नेहवाल, सिंधू, श्रीकांत, सात्विक, चिराग और लक्ष्य ही पिछले 15 वर्षों में यहां खिताब जीत पाए हैं।

Vikash Gaur

लेखक के बारे में

Vikash Gaur
विकाश गौड़, लाइव हिन्दुस्तान के स्पोर्ट्स सेक्शन में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर (असिस्टेंट मैनेजर) के रूप में कार्यरत हैं। हिंदी पत्रकारिता के क्षेत्र में इनको करीब 8 साल का अनुभव है। करियर की शुरुआत से ही ये डिजिटल मीडिया से जुड़े हुए हैं। 2016 में इन्होंने अपने पत्रकारिता के सफर का शुभारंभ किया। खबर नॉन स्टॉप से शुरुआत करते हुए, वे पत्रिका समूह की प्रमुख वेबसाइट कैच न्यूज से जुड़े, जहां इन्होंने खेल से जुड़ी खबरों की बारीकियों को सीखा। इसके बाद, इन्होंने डेली हंट में थोड़े समय के लिए वीडियो प्रोड्यूसर के रूप में काम किया और फिर दैनिक जागरण की वेबसाइट से जुड़कर पूरी तरह से खेल समाचारों की दुनिया में प्रवेश कर लिया। यहां इन्होंने लगभग ढाई साल तक कार्य किया और जनवरी 2021 से लाइव हिन्दुस्तान के साथ हैं। अपने करीब साढ़े छह साल के अनुभव में विकाश ने सभी प्रमुख खेल आयोजनों को कवर किया है, जिनमें क्रिकेट विश्व कप, आईपीएल, ओलंपिक गेम्स, राष्ट्रमंडल खेल, एशियाई खेल और कई अन्य बड़े खेल आयोजन शामिल हैं। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।