कॉन्ट्रैक्ट नहीं बढ़ाने से भड़के जूनियर टीम के कोच रहे श्रीजेश, हॉकी इंडिया पर उठाए सवाल

Chandra Prakash Pandey लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली, भाषा
Follow us on Google News
share

भारत के महान गोलकीपर और जूनियर टीम के मुख्य कोच रहे पी आर श्रीजेश ने विदेशी कोचों को तरजीह देने के लिए महज 17 महीने बाद पद से हटाने पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने हॉकी इंडिया पर भड़ास निकाली है। उन्होंने आरोप लगाया कि शानदार प्रदर्शन के बावजूद सिर्फ विदेशी कोच रखने के लिए उन्हें हटाया गया।

कॉन्ट्रैक्ट नहीं बढ़ाने से भड़के जूनियर टीम के कोच रहे श्रीजेश, हॉकी इंडिया पर उठाए सवाल

भारत के महान गोलकीपर और जूनियर टीम के मुख्य कोच रहे पी आर श्रीजेश ने विदेशी कोचों को तरजीह देने के लिए महज 17 महीने बाद पद से हटाने पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने हॉकी इंडिया पर सार्वजनिक तौर पर भड़ास निकाली है। हालांकि हॉकी इंडिया ने उनके आरोप को खारिज किया है। श्रीजेश को हटाने के एक दिन बाद गुरुवार को फ्रांस के फ्रेडरिक सोयेज को भारतीय जूनियर पुरुष हॉकी टीम का नया कोच नियुक्त किया गया।

सोशल मीडिया पर मंगलवार को एक तल्ख पोस्ट में दो बार के ओलिंपिक ब्रॉन्ज मेडलिस्ट श्रीजेश ने लिखा कि अच्छे प्रदर्शन के बावजूद उन्हें फिर कोच नहीं बनाया गया क्योंकि हॉकी इंडिया जूनियर स्तर पर भी विदेशी कोच चाहता है।

श्रीजेश ने 'एक्स' पर लिखा, ‘लगता है कि मेरा कोचिंग करियर डेढ़ साल के बाद ही खत्म हो गया है जिसमें हमने पांच टूर्नामेंट खेले और जूनियर विश्व कप समेत पांच बार पोडियम पर रहे।’

उन्होंने कहा, ‘मैंने सुना है कि खराब प्रदर्शन के बाद कोचों को हटाया जाता है लेकिन पहली बार विदेशी कोच की नियुक्ति के लिये मुझे हटाया जा रहा है।’

हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप टिर्की ने पी आर श्रीजेश के आरोपों का जवाब देते हुए कहा है कि उन्हें पद से हटाया नहीं गया है बल्कि उनका कार्यकाल दिसंबर 2025 में ही खत्म हो गया था और उचित चयन प्रक्रिया का पालन करके मेरिट के आधार पर नया कोच चुना गया है।

हॉकी इंडिया की ओर से जारी बयान में टिर्की ने कहा, ‘पी आर श्रीजेश का कोचिंग कार्यकाल दिसंबर 2025 में खत्म हो गया था। इसके बाद प्रोटोकॉल का पालन करके पद के लिये विज्ञापन दिया गया और कुछ नाम चुने गए। उचित चयन प्रक्रिया का पालन करके चयन किया गया है।’

टिर्की ने कहा, ‘हमने श्रीजेश को हटाया नहीं है बल्कि उन्हें डेवलपमेंट टीम (भारत ए) का कोच बनने की पेशकश की गई थी। उन्होंने इसे ठुकरा दिया और फैसले पर पुनर्विचार करने के अनुरोध पर भी नहीं माने।’

एक सूत्र ने बताया कि श्रीजेश को सीनियर पुरुष टीम का गोलकीपिंग कोच बनाने की पेशकश भी हुई थी।

तोक्यो ओलिंपिक 2020 और पेरिस ओलिंपिक 2024 में भारत को ब्रॉन्ज मेडल दिलाने में सूत्रधार रहे श्रीजेश ने कहा, ‘हॉकी इंडिया अध्यक्ष का कहना है कि सीनियर पुरुष टीम के मुख्य कोच (क्रेग फुल्टोन) जूनियर स्तर पर भी विदेशी कोच चाहते हैं क्योंकि उनका मानना है कि इससे जूनियर स्तर से सीनियर स्तर पर भारतीय हॉकी के विकास में मदद मिलेगी।’

भारत की जूनियर टीम के कोच के रूप में श्रीजेश का कार्यकाल दिसंबर 2025 में खत्म हो गया था और उन्होंने इस पद के लिए पुन: आवेदन किया था।

भारतीय पुरूष हॉकी टीम के मुख्य कोच दक्षिण अफ्रीका के क्रेग फुल्टोन हैं जबकि महिला टीम के कोच नीदरलैंड के शोर्ड मारिन हैं। श्रीजेश पेरिस ओलिंपिक 2024 में कांस्य पदक जीतने के बाद अंडर 21 पुरूष टीम के मुख्य कोच बने थे जिनके कार्यकाल में टीम ने जूनियर एशिया कप में स्वर्ण, जूनियर विश्व कप और जोहोर कप में कांस्य पदक जीता था।

श्रीजेश ने आगे लिखा, ‘क्या भारतीय कोच भारतीय हॉकी का विकास नहीं कर सकते।’

उन्होंने कहा कि खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने भी कहा था कि देश को उनके जैसे कोचों की जरूरत है लेकिन हॉकी इंडिया का भरोसा सिर्फ विदेशी कोचों पर है।

उन्होंने कहा, ‘सात मार्च 2026 को माननीय खेलमंत्री मनसुख मांडविया के साथ एक मुलाकात में मुझे कहा गया था कि 2036 ओलिंपिक की तैयारी के लिये श्रीजेश हमें तुम्हारे जैसे कोचों की जरूरत है।’

श्रीजेश ने कहा, ‘लेकिन हॉकी इंडिया का भरोसा चारों टीमों के लिये भारतीय कोचों की बजाय विदेशी कोचों पर है।’

Chandra Prakash Pandey

लेखक के बारे में

Chandra Prakash Pandey

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।