Hindi Newsखेल न्यूज़हॉकीJunior Hockey World Cup 2025 India could not breach the German defense now only a bronze medal is possible
जूनियर हॉकी विश्व कप 2025: जर्मन दीवार को नहीं भेद सकी टीम इंडिया, अब सिर्फ कांस्य की उम्मीद

जूनियर हॉकी विश्व कप 2025: जर्मन दीवार को नहीं भेद सकी टीम इंडिया, अब सिर्फ कांस्य की उम्मीद

संक्षेप:

लचर डिफेंस और पहले ही हाफ में तीन गोल गंवाने का खामियाजा भारत को भुगतना पड़ा जब सात बार की चैम्पियन जर्मनी ने जूनियर हॉकी विश्व कप के सेमीफाइनल में रविवार को मेजबान को 5-1 से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया।

Dec 08, 2025 05:54 am ISTBhasha नई दिल्ली
share Share
Follow Us on

जूनियर मेंस हॉकी वर्ल्ड कप 2025 के सेमीफाइनल में भारत की टीम को जर्मनी के हाथों करारी हार का सामना करना पड़ा। लचर डिफेंस और पहले ही हाफ में तीन गोल गंवाने का खामियाजा भारत को भुगतना पड़ा। सात बार की चैंपियन जर्मनी ने जूनियर हॉकी विश्व कप के सेमीफाइनल में रविवार को मेजबान भारत को 5-1 से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। अब भारतीय टीम 10 दिसंबर को कांस्य पदक के मुकाबले में अर्जेंटीना से खेलेगी, जिसे स्पेन ने दूसरे सेमीफाइनल में 2-1 से हराया है।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

जर्मनी के लिए लुकास कोसेल (14 वां और 30 वां मिनट) ने दो, वेक्स टाइटस (15वें मिनट), जोनास वोन गरसम (40 वें मिनट) और बेन हासबाश (49वें मिनट) ने गोल दागे, जबकि भारत के लिए एकमात्र गोल अनमोल इक्का ने 51वें मिनट में किया। दो बार की चैंपियन भारतीय टीम और जर्मनी के प्रदर्शन में जमीन आसमान का अंतर था जो मैच के हर क्षण में नजर आया। मेयर राधाकृष्णन स्टेडियम पर भारी तादाद में भारत की हौसलाअफजाई करने आये दर्शकों को इस प्रदर्शन से भारी निराशा हाथ लगी।

बेल्जियम को कड़े क्वार्टर फाइनल में शूट आउट में हराने वाली भारतीय टीम पर पहले ही क्वार्टर में ही जर्मनी ने दो गोल करके दबाव बना दिया। अपनी सटीक पासिंग के दम पर जर्मन टीम ने पहले तीन मिनट में ही जस्टस वारवेग की अगुवाई में भारतीय गोल पर तीन बार हमले बोले। जर्मनी को 14वें मिनट में पहला पेनल्टी कॉर्नर मिला जिसे बाद में पेनल्टी स्ट्रोक में तब्दील किया गया जिस पर लुकास ने आसान गोल दागा। पहला क्वार्टर खत्म होने में सात सेकंड बाकी थे तब भारतीय डिफेंडरों की सुस्ती का फायदा उठाकर कोच जोहानेस श्मित्ज की जर्मन टीम में बढ़त दुगुनी कर ली।

गेंद जर्मन हाफ में ही थी जब एन किरिन ने सर्कल के बाहर दाहिनी ओर सटीक पास दिया और बीच में खड़े भारतीय डिफेंडरों को छकाते हुए वारवेग ने गेंद टाइटस को बायें फ्लैंक पर दी। डिफेंडर और गोलकीपर कुछ समझ पातें इससे पहले टाइटस ने गोल दाग दिया। दूसरे क्वार्टर में भी गेंद पर नियंत्रण के मामले में जर्मनी के सामने भारतीय टीम कहीं नहीं टिक सकी। ब्रेक से सात सेकंड पहले जर्मन टीम ने एक बार फिर भारत के कमजोर डिफेंस का फायदा उठाकर पेनल्टी कॉर्नर बनाया और लुकास ने गोल करने में कोई चूक नहीं की। हाफटाइम तक जर्मनी के पास तीन गोल की दमदार बढत हो गई थी।

दूसरे हाफ के शुरूआती तीन मिनट में ही जर्मनी ने दो बार भारतीय सर्कल में प्रवेश किया। हालांकि, इस बार प्रिंसदीप ने शानदार बचाव किया। भारत को अगले मिनट में गोल करने का सुनहरा मौका मिला, लेकिन पहले रोशन कुजूर का सीधा शॉट जर्मन गोलकीपर ने बचाया और गेंद वापिस आने पर सामने खड़े सौरभ आनंद कुशवाहा उसे स्टिक पर ले ही नहीं सके। जर्मनी को 34वें मिनट में तीसरा पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन कोसेल के शॉट पर गेंद को अंकित पाल ने बाहर निकाला।

50वें मिनट में भारत को मिला पहला पीसी

भारत ने एक आसान गोल 40वें मिनट में गंवाया जब सर्कल पर से एलेक वोन श्वेरिन ने शॉट लगाया और गोल के ठीक सामने खड़े गरसम ने स्टिक लगाकर गेंद को भीतर डाला। चौथा गोल करने के बाद भी जर्मन टीम की रफ्तार में कहीं कमी नहीं आई और भारतीय गोल पर हमले लगातार जारी रहे। इसके बाद हासबाक ने सर्कल पर वारवेग से हवा में गेंद मिलने के बाद अकेले गेंद को भीतर लेकर जाते हुए पहले गोलकीपर को छकाया और फिर अनमोल को चमका देकर आसान गोल दाग दिया। भारत को मैच का पहला पेनल्टी कॉर्नर 50वें मिनट में मिला जिस पर भारतीय कप्तान रोहित का शॉट जर्मन डिफेंडर के पैर पर लगा। नतीजतन भारत को फिर पेनल्टी कॉर्नर मिला जिस पर रोहित के बैक पास पर अनमोल ने भारत के लिये गोल किया।

Vikash Gaur

लेखक के बारे में

Vikash Gaur
विकाश गौड़, लाइव हिन्दुस्तान के स्पोर्ट्स सेक्शन में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर (असिस्टेंट मैनेजर) के रूप में कार्यरत हैं। हिंदी पत्रकारिता के क्षेत्र में इनको करीब 8 साल का अनुभव है। करियर की शुरुआत से ही ये डिजिटल मीडिया से जुड़े हुए हैं। 2016 में इन्होंने अपने पत्रकारिता के सफर का शुभारंभ किया। खबर नॉन स्टॉप से शुरुआत करते हुए, वे पत्रिका समूह की प्रमुख वेबसाइट कैच न्यूज से जुड़े, जहां इन्होंने खेल से जुड़ी खबरों की बारीकियों को सीखा। इसके बाद, इन्होंने डेली हंट में थोड़े समय के लिए वीडियो प्रोड्यूसर के रूप में काम किया और फिर दैनिक जागरण की वेबसाइट से जुड़कर पूरी तरह से खेल समाचारों की दुनिया में प्रवेश कर लिया। यहां इन्होंने लगभग ढाई साल तक कार्य किया और जनवरी 2021 से लाइव हिन्दुस्तान के साथ हैं। अपने करीब साढ़े छह साल के अनुभव में विकाश ने सभी प्रमुख खेल आयोजनों को कवर किया है, जिनमें क्रिकेट विश्व कप, आईपीएल, ओलंपिक गेम्स, राष्ट्रमंडल खेल, एशियाई खेल और कई अन्य बड़े खेल आयोजन शामिल हैं। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।