Hindi Newsखेल न्यूज़हॉकीIndia defeated Belgium to reach the semifinals of the Junior Mens Hockey World Cup 2025 and will face Germany
बेल्जियम को हराकर जूनियर मेंस हॉकी विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंचा भारत, जर्मनी से होगा सामना

बेल्जियम को हराकर जूनियर मेंस हॉकी विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंचा भारत, जर्मनी से होगा सामना

संक्षेप:

भारतीय टीम ने बेल्जियम को शूटआउट में गोलकीपर प्रिंस दीप सिंह के शानदार प्रदर्शन के दम पर 4-3 से हराकर जूनियर हॉकी विश्व कप के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। भारत का सामना अब सात दिसंबर को जर्मनी से होगा।

Dec 06, 2025 05:53 am ISTBhasha चेन्नई
share Share
Follow Us on

निर्धारित समय में आखिरी मिनट में गोल गंवाने के बाद भारतीय टीम ने बेल्जियम को शुक्रवार को चेन्नई में शूटआउट में गोलकीपर प्रिंस दीप सिंह के शानदार प्रदर्शन के दम पर 4-3 से हराकर जूनियर हॉकी विश्व कप के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। भारत का सामना अब सात दिसंबर को जर्मनी से होगा, जबकि स्पेन की भिड़ंत अर्जेंटीना से होगी। इस मुकाबले में निर्धारित समय तक स्कोर 2-2 से बराबर था। भारतीय टीम को आखिरी सीटी बजने से एक मिनट पहले कोताही बरतने का खामियाजा भुगतना पड़़ा और रोजे नाथन के गोल की मदद से बेल्जियम ने मैच को शूटआउट तक खींच दिया।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

शूटआउट में भारत के लिये शारदानंद तिवारी ने तीन (पेनल्टी स्ट्रोक पर) और अंकित पाल ने एक गोल किया, जबकि बेल्जहयम के लिये हुजो लाबुशेरे, जी हाआक्स और चार्ल्स एल ने गोल दागे। इससे पहले मैच में 45वें मिनट तक बेल्जियम ने अपनी सटीक पासिंग और गेंद पर नियंत्रण से भारत को दबाव में रखा लेकिन तीसरे क्वार्टर में कप्तान रोहित ने आखिरी मिनट में मिले पेनल्टी कॉर्नर पर जैसे ही बराबरी का गोल दागा, मैच की तस्वीर बदल गई।

खचाखच भरे मेयर राधाकृष्णन स्टेडियम में मौजूद दर्शकों में मानो उत्साह का संचार हो गया। इससे दो मिनट पहले मिले पेनल्टी कॉर्नर पर रोहित का प्रयास नाकाम रहने से मिली निराशा भी दूर हुई। बेल्जियम को आखिरी मिनट में लगातार तीन पेनल्टी कॉर्नर मिले लेकिन भारतीय डिफेंस ने इस बार कोई चूक नहीं की। चौथे क्वार्टर की शुरूआत बेल्जियम ने काफी आक्रामक की और पहले ही मिनट में पेनल्टी कॉर्नर बनाया लेकिन बढत नहीं बना सकी। भारत को जवाबी हमले में 48वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर मिला और शारदानंद तिवारी ने जैसे ही भारत को बढत दिलाई , पूरा स्टेडियम ’इंडिया इंडिया’ के शोर से गूंज उठा।

यह इत्तेफाक ही है कि शारदानंद के निर्णायक गोल की मदद से ही भारतीय जूनियर टीम भुवनेश्वर में चार साल पहले हुए टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में इसी प्रतिद्वंद्वी को एक गोल से हराकर अंतिम चार में पहुंची थी। इससे पहले शुरूआती क्वार्टर में भारत को छठे ही मिनट में गोल करने का सुनहरा मौका मिला लेकिन मनमीत के शॉट को बेल्जियम के गोलकीपर ने बचा लिया। मेजबान टीम को चार मिनट बाद पहला पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन शारदानंद तिवारी का प्रयास नाकाम रहा।

दूसरी ओर बेल्जियम टीम ने जवाबी हमला करने में देर नहीं की और इसका फायदा मिला जब तेरहवें मिनट में कोर्नेज ने शानदार फील्ड गोल करके टूर्नामेंट में अब तक कोई चुनौती नहीं झेलने वाले भारतीय डिफेंस की कलई खोल दी। दाहिने फ्लैंक से गेंद लेकर कोर्नेज ने सर्कल के भीतर पास दिया। गेंद भीतर से फिर बायीं तरफ बाहर को आई और भारत के सारे डिफेंडर दूसरी तरफ थे जिसका फायदा उठाकर कार्नेज ने तेजी से भागते हुए गेंद गोल के भीतर डाल दी। गोलकीपर प्रिंस दीप सिंह पूरी तरह चकमा खाकर बायीं ओर डाइव लगाकर गोल बचाने में नाकाम रहे।

पहले क्वार्टर में बेल्जियम के पास एक गोल की बढत थी। भारत को 24वें मिनट में बराबरी का मौका मिला लेकिन सौरभ आनंद कुशवाहा बायीं ओर से मिले पास को पकड़ नहीं सके। भारत को अगले ही मिनट मिले पेनल्टी कॉर्नर पर वैरिएशन से भी कामयाबी नहीं मिल सकी।

Vikash Gaur

लेखक के बारे में

Vikash Gaur
विकाश गौड़, लाइव हिन्दुस्तान के स्पोर्ट्स सेक्शन में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर (असिस्टेंट मैनेजर) के रूप में कार्यरत हैं। हिंदी पत्रकारिता के क्षेत्र में इनको करीब 8 साल का अनुभव है। करियर की शुरुआत से ही ये डिजिटल मीडिया से जुड़े हुए हैं। 2016 में इन्होंने अपने पत्रकारिता के सफर का शुभारंभ किया। खबर नॉन स्टॉप से शुरुआत करते हुए, वे पत्रिका समूह की प्रमुख वेबसाइट कैच न्यूज से जुड़े, जहां इन्होंने खेल से जुड़ी खबरों की बारीकियों को सीखा। इसके बाद, इन्होंने डेली हंट में थोड़े समय के लिए वीडियो प्रोड्यूसर के रूप में काम किया और फिर दैनिक जागरण की वेबसाइट से जुड़कर पूरी तरह से खेल समाचारों की दुनिया में प्रवेश कर लिया। यहां इन्होंने लगभग ढाई साल तक कार्य किया और जनवरी 2021 से लाइव हिन्दुस्तान के साथ हैं। अपने करीब साढ़े छह साल के अनुभव में विकाश ने सभी प्रमुख खेल आयोजनों को कवर किया है, जिनमें क्रिकेट विश्व कप, आईपीएल, ओलंपिक गेम्स, राष्ट्रमंडल खेल, एशियाई खेल और कई अन्य बड़े खेल आयोजन शामिल हैं। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।