इंडियन फुटबॉल लीग के नए सत्र का आगाज 30 अक्टूबर से, AIFF ने कर दिया ऐलान
AIFF ने मंगलवार को कहा कि इंडियन फुटबॉल लीग के 2026-27 सत्र की शुरुआत 30 अक्टूबर से होगी। यह घोषणा सभी 11 प्रतिभागी क्लबों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक के बाद की गई।

हीं मअखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ यानी एआईएफएफ ने इंडियन फुटबॉल लीग यानी आईएफएल को लेकर बड़ा ऐलान किया है। मंगलवार को एआईएफएफ ने कहा कि इंडियन फुटबॉल लीग के 2026-27 सत्र की शुरुआत 30 अक्टूबर से होगी। महासंघ ने यह घोषणा सभी 11 प्रतिभागी क्लबों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक के बाद की है। इस बैठक में 2025-26 सत्र की समीक्षा की गई। इस दौरान बताया गया कि दर्शकों की संख्या और कुल प्रसारण प्रदर्शन बेहद उत्साहजनक रहा तथा यह 2024-25 सत्र की तुलना में चार गुना अधिक रहा।
आगामी सत्र के लिए नियमों में बदलाव के तहत परिषद ने एक मैच के दौरान मैदान पर अधिकतम तीन विदेशी खिलाड़ियों के एक साथ खेलने की अनुमति देने वाले नियम को मंजूरी दी। इससे खेल में और भी रोमांच लाया जा सकता है। इसके अलावा इस फुटबॉल लीग का विस्तार भी किया जाएगा और नगालैंड तथा ओडिशा को नए आयोजन स्थलों के रूप में टूर्नामेंट की मेजबानी के लिए शामिल किया जाएगा।
'पिछला सत्र छोटा था, लेकिन दिलचस्प था'
इसके अलावा आगामी सत्र के आईएफएल चार्टर, प्रस्तावित बजट और प्रायोजन पैकेज पर भी विस्तार से चर्चा की गई। एआईएफएफ के उप महासचिव एम सत्यनारायण ने बैठक को बेहद सौहार्दपूर्ण बताया। सत्यनारायण ने कहा, ''पिछला सत्र भले ही छोटा रहा हो, लेकिन लीग ने काफी दिलचस्पी पैदा की और दर्शकों की संख्या बेहद उत्साहजनक रही। अब हम पूरी तरह से घरेलू और विरोधी के मैदान पर खेले जाने वाले सत्र को लेकर उत्साहित हैं।''
उन्होंने आगे कहा, ''नई टीमों और नए आयोजन स्थलों के लीग में शामिल होने से काफी कुछ देखने को मिलेगा और इन सभी चीजों से आईएफएल को लेकर उत्साह बढ़ेगा।'' मंगलवार की औपचारिक बैठक से पहले आईएफएल क्लबों के प्रतिनिधियों और सत्यनारायण ने सोमवार को नयी दिल्ली में प्रसार भारती के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव द्विवेदी से मुलाकात की। इस दौरान आगामी सत्र के लिए प्रसारण साझेदारी पर चर्चा हुई। दोनों पक्षों ने एक और सफल सहयोग को लेकर आशा जताई।
भारतीय फुटबॉल की हालत नहीं है अच्छी
आपकी जानकारी के लिए बता दें, भारतीय फुटबॉल टीम की हालत अच्छी नहीं है। अगर घरेलू स्तर पर इस तरह के टूर्नामेंट के लिए युवा दिलचस्पी दिखाते हैं और प्रतिस्पर्धा अच्छी होती है तो कुछ नए सितारे मिल सकते हैं, जो भारतीय फुटबॉल का भविष्य बदल सकते हैं। भारत लंबे समय से फीफा वर्ल्ड कप में शामिल होने के लिए लड़ाई लड़ रहा है, लेकिन सफलता नहीं मिल पा रही है।

