अरिहा पंगंबम ने एरोबिक जिम्नास्टिक्स में गोल्ड जीतकर रचा इतिहास, बनीं एशियाई चैंपियन

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली, राजीव शर्मा
Follow us on Google News
share

अरिहा पंगंबम को एरोबिक जिम्नास्टिक्स में एशियाई चैंपियन बना दिया। इस 22 वर्षीय जिम्नास्ट ने शुक्रवार को फिलीपींस के टगाएटे शहर में एशियाई चैंपियनशिप की सीनियर महिला व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचा।

Ariha Pangambam
अरिहा पंगंबम

डांस के शौक ने मणिपुर की अरिहा पंगंबम को एरोबिक जिम्नास्टिक्स में एशियाई चैंपियन बना दिया। इस 22 वर्षीय जिम्नास्ट ने शुक्रवार को फिलीपींस के टगाएटे शहर में एशियाई चैंपियनशिप की सीनियर महिला व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचा। वह यह उपलब्धि हासिल करने वाली पहली भारतीय जिम्नास्ट बन गईं हैं। 12 साल की उम्र में एरोबिक की शुरुआत करने वाली अरिहा फाइनल में 19.100 के स्कोर के साथ चैंपियन बनीं। उन्होंने गत चैंपियन जापान की माहिरो (18.550 कांस्य ) और थाईलैंड की कोनेनी माली (18.625 रजत) को पछाड़ा।

अरिहा का सपना साकार हुआ

उन्होंने 'आर्टिस्ट्री' के लिए 8.650, 'एक्जीक्यूशन' के लिए 7.600 और 'डिफिकल्टी' के लिए 2.850 अंक हासिल किए। जीत के बाद उन्होंने हिन्दुस्तान से कहा, मेरे पास अपनी खुशी बयां करने के लिए शब्द नहीं हैं। पिछले लगातार दो बार फाइनल में पदक से चूक गई थी। इस बार पदक के लक्ष्य के साथ पहुंची थी। करियर का सबसे बड़ा खिताब जीतकर सपना साकार हो गया। इतने बड़े मंच पर राष्ट्रगान सुनना जीवनभर याद रहने वाला पल है। अब मेरा पूरा ध्यान विश्व चैंपियनशिप पर है। यह पदक प्रेरणा का काम करेगा। डांस के शौक ने मेरी जिंदगी बदल दी।

मामूली अंतर से चूक गई थीं : अरिहा 2022 और 2024 की एशियाई चैंपियनशिप में फाइनल में पहुंची थी। हालांकि वह मामूली अंतर से पदक से चूक कर चौथे स्थान पर रहीं थीं। इसके बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और अपनी जिद से नई कहानी लिख दी। उन्होंने कहा, बचपन में पहली बार जिम्नास्टिक्स फ्लोर पर कदम रखते ही मुझे महसूस हो गया था कि यह खेल मेरे जीवन को बदल देगा। मां ने कहा था जो भी करना दिल से करना। उनके यह शब्द मेरे लिए प्रेरणा बन गए।

राष्ट्रीय खेलों की हैं चैंपियन : अरिहा ने 2023 और 2025 के राष्ट्रीय खेलों में स्वर्ण पदक जीते थे। वह कई बार की राष्ट्रीय चैंपियन (2017 से 2025) रह चुकी हैं। एशियन कप में कांस्य पदक भी जीत चुकी हैं।

बहन रही छठे स्थान पर : अरिहा की बहन अंजोरी इस चैंपियनशिप में छठे स्थान पर रही।

एरोबिक जिम्नास्टिक्स में संगीत की धुुन पर करते हैं प्रदर्शन

एरोबिक जिम्नास्टिक्स एक ऐसी विधा है, जिसमें खिलाड़ी संगीत की धुन पर लगातार तेज गति, लय, ताकत, लचीलापन, संतुलन और समन्वय का शानदार प्रदर्शन करते हैं। खिलाड़ी लगभग 1 मिनट 20 सेकंड से 1 मिनट 30 सेकंड तक बिना रुके संगीत के साथ अपनी प्रस्तुति देते हैं। इस दौरान उनकी तकनीक, कठिनाई (डिफिकल्टी), प्रदर्शन (एक्जीक्यूशन) और कलात्मक प्रस्तुति (आर्टिस्ट्री) के आधार पर अंक दिए जाते हैं।

● पिछले लगातार दो बार फाइनल में चूकने के बाद तीसरे प्रयास में हासिल की ऐतिहासिक सफलता

● एशियाई चैंपियनशिप की व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय जिम्नास्ट बनीं

Lokesh Khera

लेखक के बारे में

Lokesh Khera

लोकेश खेड़ा लाइव हिन्दुस्तान में बतौर डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। हिंदी पत्रकारिता में इन्हें एक दशक से भी अधिक का अनुभव है। बचपन की अपनी रुचि को प्रोफेशनल करियर में तबदील करते हुए 2018 में बतौर खेल पत्रकार अपना सफर शुरू किया। क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, हॉकी, एथलेटिक्स समेत तमाम खेलों को बारीकी से कवर करते हैं। क्रिकेट टुडे के साथ उनकी पारी का आगाज हुआ, जहां उन्होंने वेबसाइड के साथ मैगजीन के लिए काम किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी के साथ जुड़े और वहां तीन साल अपनी सेवाएं दी। इस दौरान ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, 2019 वनडे वर्ल्ड कप और 2021 टी20 वर्ल्ड कप जैसे तमाम इवेंट कवर किए और कई इंटरव्यू भी लिए, जिसमें दानिश कनेरिया और चेतन साकारिया जैसे इंटरनेशनल स्टार शामिल हैं। लाइव हिन्दुस्तान के साथ वह फरवरी 2022 जुड़े। यहां भी उन्होंने कॉमनवेल्थ, ओलंपिक, 2023 वनडे वर्ल्ड कप, 2024 टी20 वर्ल्ड कप, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े-बड़े इंटरनेशनल इवेंट को बखूबी कवर किया और नई सचें सीखने में हमेशा रुचि रखते हैं। क्रिकेट पढ़ने लिखने के अलावा खुद खेलना भी पंसद करते हैं। इसके अलावा किताबें पढ़ना भी पंसद है।

और पढ़ें
Hindi News के साथ Cricket News, Football, Tennis, Commonwealth Games 2026 और अन्य खेलों की ताजा खबरें, लाइव स्कोर व मैच अपडेट पढ़ें। खेल जगत की हर बड़ी खबर सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड
Hindi Newsखेल न्यूज़अरिहा पंगंबम ने रचा इतिहास, एरोबिक जिम्नास्टिक्स में जीता गोल्ड