Hindi Newsखेल न्यूज़Anish Bhanwala won silver medal in World Shooting Championship in 25 meter rapid fire pistol event
अनीश भानवाला ने विश्व चैंपियनशिप में जीता सिल्वर मेडल, बोले- इसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है

अनीश भानवाला ने विश्व चैंपियनशिप में जीता सिल्वर मेडल, बोले- इसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है

संक्षेप: भारत के अनीश भानवाला ने आईएसएसएफ विश्व निशानेबाजी चैंपियनशिप (पिस्टल/राइफल) में 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल फाइनल में दो शूट-ऑफ में जीत हासिल करके रजत पदक अपने नाम किया जो उनके करियर की सबसे बड़ी उपलब्धि है।

Mon, 10 Nov 2025 08:22 AMBhasha
share Share
Follow Us on

भारत के शूटर अनीश भानवाला ने रविवार को काहिरा में आईएसएसएफ विश्व निशानेबाजी चैंपियनशिप राइफल/पिस्टल में सिल्वर मेडल अपने नाम किया है। अनीश ने 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल फाइनल में दो शूट-ऑफ में जीत हासिल करके रजत पदक अपने नाम किया। अनीश भानवाला के करियर की ये सबसे बड़ी उपलब्धि है। हरियाणा के इस 23 वर्षीय निशानेबाज ने पहले तीसरे स्थान के लिए शूट-ऑफ में जीत हासिल की और फिर यूक्रेन के मैक्सिम होरोडीनेट्स की चुनौती को पार करते हुए रजत पदक जीता।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

सोनीपत के रहने वाले भानवाला ने 585 अंक के साथ दूसरे स्थान पर रहते हुए फाइनल के लिए क्वालीफाई किया। उन्होंने शनिवार को क्वालीफिकेशन के पहले चरण में 291 अंक हासिल करने के बाद दूसरे चरण में 294 अंक बनाकर पहली बार विश्व चैंपियनशिप के पिस्टल वर्ग के फाइनल में जगह बनाई। फाइनल में उन्होंने 28 अंक हासिल करके दूसरा स्थान हासिल किया। फ्रांसीसी खिलाड़ी क्लेमेंट बेसागेट ने 31 अंक बनाकर स्वर्ण पदक जीता। वह 589 अंक के साथ क्वालीफिकेशन में भी शीर्ष स्थान पर रहे।

पेरिस ओलंपिक खेलों में 13वें स्थान पर रहने वाले भानवाला पांच-पांच शॉट की पहली तीन सीरीज के बाद 16 अंक के साथ दूसरे स्थान पर जबकि चीन के नी झिक्सिन 17 अंक के साथ शीर्ष पर रहे। उन्होंने एलिमिनेशन राउंड में भी अपनी लय बरकरार रखी और लगातार 4-4 अंक बनाकर तीन अन्य के साथ 20 अंक पर बराबरी पर रहे, लेकिन तीसरे एलिमिनेशन राउंड में वह लड़खड़ा गए और कुल 22 अंक के साथ पिछड़ गए। इस राउंड के बाद क्लेमेंट 25 अंक के साथ पहले स्थान पर पहुंच गए।

इसके बाद अनीश ने तीसरे स्थान के लिए जर्मनी के इमैनुएल म्यूलर के साथ शूट-ऑफ में जीत हासिल की। इसके बाद उन्होंने रजत पदक के लिए शूट-ऑफ में यूक्रेन के मैक्सिम को हराया। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले अन्य भारतीय आदर्श सिंह (575 – 285+290) और समीर (571 – 286+285) क्रमशः 22वें और 35वें स्थान पर रहे। अनीश, आदर्श और समीर की भारतीय टीम 1731 अंक के साथ पांचवें स्थान पर रही।

भानवाला ने बाद में आईएसएसएफ को दिए साक्षात्कार में कहा, ‘‘इसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है, लेकिन यह सुखद अहसास है। मैंने पहले भी कई बार प्रयास किए थे, लेकिन अच्छी तैयारी के बावजूद अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाया था। इस बार मैं पूरी तैयारी के साथ आया था और चीजें भी मेरे अनुकूल रही।’’ इससे उन्होंने अगले महीने दोहा में होने वाले विश्व कप फाइनल में भी अपनी जगह पक्की कर ली है।

इससे पहले दिन में, एयर राइफल मिश्रित टीमें पदक मुकाबलों के लिए क्वालीफाई करने में नाकाम रही। अर्जुन बाबूटा और एलावेनिल वलारिवन की जोड़ी 632.3 के संयुक्त स्कोर के साथ आठवें जबकि रुद्राक्ष पाटिल और श्रेया अग्रवाल की जोड़ी 628.8 अंक के साथ 21वें स्थान पर रही।

Vikash Gaur

लेखक के बारे में

Vikash Gaur
विकाश गौड़, लाइव हिन्दुस्तान के स्पोर्ट्स सेक्शन में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर (असिस्टेंट मैनेजर) के रूप में कार्यरत हैं। हिंदी पत्रकारिता के क्षेत्र में इनको करीब 8 साल का अनुभव है। करियर की शुरुआत से ही ये डिजिटल मीडिया से जुड़े हुए हैं। 2016 में इन्होंने अपने पत्रकारिता के सफर का शुभारंभ किया। खबर नॉन स्टॉप से शुरुआत करते हुए, वे पत्रिका समूह की प्रमुख वेबसाइट कैच न्यूज से जुड़े, जहां इन्होंने खेल से जुड़ी खबरों की बारीकियों को सीखा। इसके बाद, इन्होंने डेली हंट में थोड़े समय के लिए वीडियो प्रोड्यूसर के रूप में काम किया और फिर दैनिक जागरण की वेबसाइट से जुड़कर पूरी तरह से खेल समाचारों की दुनिया में प्रवेश कर लिया। यहां इन्होंने लगभग ढाई साल तक कार्य किया और जनवरी 2021 से लाइव हिन्दुस्तान के साथ हैं। अपने करीब साढ़े छह साल के अनुभव में विकाश ने सभी प्रमुख खेल आयोजनों को कवर किया है, जिनमें क्रिकेट विश्व कप, आईपीएल, ओलंपिक गेम्स, राष्ट्रमंडल खेल, एशियाई खेल और कई अन्य बड़े खेल आयोजन शामिल हैं। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।