राजस्थान में NH-27 पर भीषण हादसा, तेज रफ्तार ट्रेलर की टक्कर से बाइक सवार तीन बच्चों की मौत
पुलिस ने बताया कि तीनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि इस हादसे में उनका पिता गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद उन्हें कोटा के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

BUNराजस्थान में बुधवार देर रात बूंदी जिले में नेशनल हाईवे-27 पर हुए एक भीषण सड़क हादसे में तीन बच्चों की मौत हो गई। यह हादसा उस वक्त हुआ जब एक तेज रफ़्तार ट्रेलर ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। एक्सीडेंट के समय तीनों बच्चे अपने पिता के साथ बाइक पर सवार थे। मृतकों की उम्र 6 से 12 साल के बीच है। डाबी पुलिस थाना इलाके में हुए इस हादसे में तीन बच्चों की मौत हो गई, वहीं उनके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद नाराज परिजनों ने गांव वालों के साथ मिलकर विरोध जताया और तीनों बच्चों के शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया। गुस्साए लोग आरोपी ट्रक ड्राइवर की गिरफ्तार की मांग कर रहे थे, जो कि एक्सीडेंट के बाद भाग गया था। जिसके चलते नेशनल हाईवे पर करीब एक घंटे तक ट्रैफिक जाम रहा।
6, 8 और 12 साल के बच्चों की मौत
घटना की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि यह हादसा बुधवार रात को हुआ, जब मदन बंजारा अपनी बाइक पर अपने गांव पराना जा रहे थे। इस दौरान उनके साथ उनके तीन बच्चे सुमन (6), अंकित बंजारा (8), करण बंजारा (12) भी थे। इसी दौरान एक तेज रफ़्तार ट्रेलर ने उनकी मोटरसाइकिल को पीछे से टक्कर मार दी। पुलिस ने बताया कि टक्कर बहुत ज़ोरदार थी, और चारों घायल सड़क पर घिसटते चले गए।
ड्राइवर ने ट्रेलर से नियंत्रण खो दिया
पुलिस ने बताया कि तीनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि इस हादसे में उनका पिता गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद उन्हें कोटा के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। सर्कल इंस्पेक्टर हेमराज शर्मा ने कहा कि चश्मदीदों का कहना है कि ट्रेलर काफी तेज गति में चल रहा था, जिसकी वजह से ड्राइवर गाड़ी से कंट्रोल खो बैठा और मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।
हादसे के बाद मौके से भाग गया ड्राइवर
पुलिस ने बताया कि ट्रक का ड्राइवर एक्सीडेंट के बाद मौके से भाग गया। फिलहाल गाड़ी को जब्त करते हुए उसे ढूंढने की कोशिश की जा रही है। हादसे के बाद पीड़ित परिवार के सदस्य और ग्रामीण एक्सीडेंट वाली जगह पर जमा हो गए और विरोध-प्रदर्शन करने लगे। उन्होंने लाशों को हाईवे के स्लिप-लेन पर रखकर प्रोटेस्ट किया। प्रोटेस्ट की वजह से NH-27 पर करीब एक घंटे तक ट्रैफिक रुका रहा, जिससे दोनों कैरिजवे पर गाड़ियों की लाइन लग गई।
प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप था कि इस रास्ते से वाहन काफी तेज गति से निकलते हैं, जिसके चलते अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। साथ ही उन्होंने आरोपी ड्राइवर को तुरंत गिरफ्तार करने और पीड़ित परिवार को मुआवजा राशि देने की मांग भी की। जिसके बाद पुलिस ने उन्हें नियमों के मुताबिक सख्त कार्रवाई करने और मदद का भरोसा देते हुए समझाबुझाकर वहां से हटाया। पुलिस अधिकारी ने कहा कि तीनों बच्चों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए ले जाया गया और बाद में गुरुवार सुबह परिवार वालों को सौंप दिया गया।
लेखक के बारे में
Sourabh Jainसौरभ जैन पिछले 16 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम में कार्यरत हैं। वह दिल्ली-एनसीआर, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, झारखंड, हिमाचल प्रदेश और गुजरात से जुड़े घटनाक्रम पर खबरें और विश्लेषण लिखते हैं।
विस्तृत बायो
परिचय और अनुभव: सौरभ जैन भारतीय डिजिटल मीडिया जगत का एक हिस्सा हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 16 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है। वर्तमान में, वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान 'लाइव हिन्दुस्तान' (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में स्टेट सेक्शन में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वे पिछले लगभग तीन सालों से यहां कार्यरत हैं। सौरभ का करियर टीवी मीडिया से शुरू होकर डिजिटल मीडिया की गतिशीलता तक फैला हुआ है, जो उन्हें खबरों को गहराई और सटीकता के साथ प्रस्तुत करने में सक्षम बनाता है।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि और कार्य अनुभव
सौरभ ने बैचलर ऑफ कॉमर्स की डिग्री लेने के बाद पत्रकारिता के क्षेत्र में कदम रखा और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पोस्ट ग्रेजुएशन का कोर्स किया। इस क्षेत्र में साल 2009 से सक्रिय होने के बाद सौरभ ने पहले टीवी के क्षेत्र में अलग-अलग डेस्क पर कार्य अनुभव लिया, इस दौरान उन्होंने टिकर डेस्क से शुरुआत करने के बाद न्यूज डेस्क में कॉपी राइटिंग का अनुभव हासिल किया, इस दौरान क्षेत्रीय विषयों से लेकर राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय विषयों पर खबरें लिखीं। इसके बाद उन्हें बॉलीवुड और हेल्प-लाइन डेस्क में भी काम करने का मौका मिला। हेल्प लाइन डेस्क में काम करने के दौरान उन्हें स्वास्थ्य, करियर और आम लोगों से जुड़े कई विषयों को जानने व समझने का मौका मिला।
इसके बाद साल 2016 में उन्होंने डिजिटल मीडिया की दुनिया में कदम रखा और स्पोर्ट्स डेस्क के साथ शुरुआत की। सौरभ ने अपने करियर की शुरुआत ZEE24 छत्तीसगढ़ न्यूज चैनल से की थी। इसके बाद वे IBC24 और दैनिक भास्कर जैसी संस्थाओं में भी सेवाएं दे चुके हैं। सौरभ साल 2023 से लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हुए हैं और यहां पर स्टेट डेस्क में कार्यरत हैं। सौरभ मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के रहने वाले हैं और उन्होंने अपनी स्कूली पढ़ाई और ग्रेजुएशन दोनों यहीं से किया है। इसके बाद उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री ली है।
सौरभ जैन का मानना है कि एक पत्रकार की पहली जिम्मेदारी सही तथ्यों व आसान भाषा में पाठकों तक खबरें पहुंचाना है। इस काम में तेजी जितनी जरूरी है, सटीकता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। फिर चाहे वह आम जीवन की खबरें हों, राजनीति की खबरें हों, खेल की खबरें हों या फिर चकाचौंध से भरे बॉलीवुड की खबरें हों। कोई भी खबर सही तथ्यों के साथ रीडर्स तक पहुंचनी चाहिए। हड़बड़ी में तथ्यों की पुष्टि ना होने पर गलत जानकारी पाठकों तक पहुंचने का खतरा बना रहता है। इसलिए सौरभ का मानना है कि पत्रकारिता का मतलब केवल पाठकों तक सूचना पहुंचाना ही नहीं, बल्कि सही और निष्पक्ष जानकारी पहुंचाते हुए उनकी बुद्धिमत्ता और विवेक को भी जागृत करना होता है।


