राजस्थान में राजधानी एक्सप्रेस का AC कोच बना आग का गोला, लपटें देख यात्रियों में मचा हड़कंप

Praveen Sharma लाइव हिन्दुस्तान, कोटा
Follow us on Google News
share

राजस्थान में आज सुबह त्रिवेंद्रम-हजरत निजामुद्दीन जा रही राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन में आग लग गई। ट्रेन के एसी कोच में आग लगने से यात्रियों में हड़कंप मच गया। यह हादसा कोटा रेल मंडल के विक्रमगढ़ आलोट स्टेशन के पास हुआ।

राजस्थान में आज सुबह त्रिवेंद्रम-हजरत निजामुद्दीन जा रही राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन में आग लग गई। ट्रेन के एसी कोच में आग लगने से यात्रियों में हड़कंप मच गया। यह हादसा कोटा रेल मंडल के विक्रमगढ़ आलोट स्टेशन के पास हुआ। हादसे की जानकारी मिलते ही कोटा रेल मंडल के तमाम बड़े अधिकारी और कर्मचारी कुछ ही देर में मौके पर पहुंच गए और ट्रेन के कोच में सवार सभी 68 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। ट्रेन में आग लगने की घटना से इस रूट की अन्य ट्रेनों में देरी होने हुई। रेलवे अधिकारियों द्वारा आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, ट्रेन संख्या 12431 तिरुवनंतपुरम–हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस के B-1 कोच में आज लूनी रिचा और विक्रमगढ़ अलोट के बीच डाउन साइड में आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद ट्रेन के कोच में सवार सभी यात्रियों को तुरंत सुरक्षित रूप से उतार लिया गया। किसी भी यात्री या रेलवे कर्मचारी को कोई चोट नहीं आई और न ही कोई हताहत हुआ। इसके बाद ट्रेन की बिजली सप्लाई तुरंत काट दी गई। आग को और ज्यादा फैलने से रोकने के लिए प्रभावित B-1 कोच को ट्रेन से अलग कर दिया गया। रेलवे कर्मचारी और अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और आग बुझाने के काम में जुट गए हैं। ट्रेन नंबर 12955 को माहिदपुर रोड पर रोक दिया गया है। यह सेक्शन जल्द ही खाली कर दिया जाएगा। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

मिनटों में ही आग ने लिया विकराल रूप

बताया रहा है कि जिस समय यह हादसा हुआ उस समय यात्री अपने-अपने केबिन में सो रहे थे। आग इतनी भयंकर थी कि देखते ही देखते इसने कुछ ही मिनट में ट्रेन के थर्ड एसी और एसएलआर कोच को अपनी चपेट में ले लिया। ट्रेन कोच से अचानक से धुआं उठता देख यात्रियों में दहशत मच गई। इसके बाद ट्रेन रुकते ही सभी यात्री सामान लेकर सुरक्षित नीचे उतर गए। हालांकि कई यात्रियों का सामान ट्रेन में ही छूट गया। वहीं हादसे की सूचना के बाद कोटा रेलवे स्टेशन पर हूटर बज उठा। इसके बाद मेडिकल टीम और बचाव राहत टीम को मौके पर रवाना किया गया। रेलवे कर्मचारियों ने एहतियात के तौर पर तुरंत बिजली सप्लाई यानी OHE को बंद करवा दिया। इसके चलते कोटा रेल मंडल के इस रेल मार्ग पर ट्रेनों का आवागमन पूरी तरह से ठप हो गया।

आग लगने के कारणों की जांच शुरू

कोटा रेल मंडल के सीनियर डीसीएम सौरभ जैन ने बताया कि हादसे की सूचना के बाद दुर्घटना राहत ट्रेन को कोटा से रवाना कर दिया गया। हालांकि राहत की बात रही की कोई जनहानि नहीं हुई। वहीं डीआरएम सहित अन्य रेलवे के अधिकारी और भारी पुलिस जाब्ता भी मौके पर पहुंच गया। साथ ही जिस कोच में आग लगी उसके यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है और उनके सामानों को भी शिफ्ट किया जा रहा है। साथ ही आग लगने का कारण भी पता लगाया जा रहा है। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट होने से ट्रेन में आग लगने की जानकारी सामने आई है। हालांकि रेलवे के अधिकारी वास्तविक कारण का भी पता लग रहे हैं।

रिपोर्ट - योगेंद्र महावर

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Rajasthan News, Jaipur News, Jodhpur News, Alwar News, Ajmer News, Udaipur News और Kota News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।