अजमेर में तंत्र क्रियाएं करता था किरायेदार, मकान मालिक ने घर छोड़ने को बोला तो कर दी फायरिंग

Apr 02, 2026 09:30 am ISTSourabh Jain लाइव हिन्दुस्तान, अजमेर, राजस्थान
share

आरोपी गुलरेज चिश्ती ने पुलिस को बताया कि मकान मालिक की ओर से लगातार विवाद किया जा रहा था। उसने आरोप लगाया कि घटना के दिन मकान मालिक पक्ष के लोगों ने उस पर हमला किया, जिससे उसे चोट आई।

अजमेर में तंत्र क्रियाएं करता था किरायेदार, मकान मालिक ने घर छोड़ने को बोला तो कर दी फायरिंग

राजस्थान के अजमेर शहर में किराए के विवाद ने उस समय खतरनाक रूप ले लिया जब एक खादिम ने देसी कट्टे से फायरिंग कर दी। इस गोलीबारी में बीच-बचाव कर रहा 16 वर्षीय छात्र घायल हो गया। घटना सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के कुंदन नगर स्थित फुस की कोठी इलाके की है, जहां मामूली विवाद देखते ही देखते आपराधिक वारदात में बदल गया।

किराए के विवाद से शुरू हुआ झगड़ा, फायरिंग तक पहुंची बात

पुलिस के अनुसार आरोपी खादिम गुलरेज चिश्ती पिछले करीब पांच महीने से इलाके में किराए पर रह रहा था। मकान मालिक और आरोपी के बीच लंबे समय से किराए को लेकर विवाद चल रहा था। मंगलवार को भी इसी मुद्दे पर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते झगड़े में बदल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई थी।

देसी कट्टा निकालकर की फायरिंग, छात्र को लगी गोली

झगड़े के दौरान आरोपी गुलरेज चिश्ती ने अचानक देसी कट्टा निकाल लिया और फायरिंग कर दी। बताया जा रहा है कि आरोपी का निशाना मकान मालिक की ओर था, लेकिन गोली वहां मौजूद एक छात्र को लग गई। गोली छात्र के हाथ में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के तुरंत बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

CCTV में कैद हुई पूरी वारदात

पूरी घटना आसपास लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह विवाद के दौरान आरोपी ने हथियार निकाला और फायरिंग कर दी। पुलिस अब इस फुटेज के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस, हिरासत में आरोपी

फायरिंग की सूचना मिलते ही सिविल लाइंस थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। थाना प्रभारी शंभू सिंह ने बताया कि आरोपी के पास से देसी कट्टा बरामद किया गया है। घायल छात्र को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

तंत्र क्रिया और धमकी का विवाद

मकान मालिक आयशा का आरोप है कि आरोपी किराया नहीं देना चाहता था और कमरे में तंत्र क्रियाएं करता था। घटना के दिन भी आरोपी ने कथित रूप से ताबीज जलाया, जिसका विरोध करने पर विवाद बढ़ गया। आयशा के अनुसार आरोपी ने पहले सरिया लेकर हमला करने की कोशिश की और बाद में फायरिंग कर दी। उनका दावा है कि गोली उन्हें निशाना बनाकर चलाई गई थी, लेकिन बीच में आए छात्र को लग गई।

आरोपी बोला- आत्मरक्षा में किया फायर

वहीं आरोपी गुलरेज चिश्ती ने पुलिस को बताया कि मकान मालिक की ओर से लगातार विवाद किया जा रहा था। उसने आरोप लगाया कि घटना के दिन मकान मालिक पक्ष के लोगों ने उस पर हमला किया, जिससे उसे चोट आई। आरोपी का कहना है कि उसने आत्मरक्षा में फायरिंग की। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और मामले में विभिन्न धाराओं में केस दर्ज करने की तैयारी की जा रही है। CCTV फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Sourabh Jain

लेखक के बारे में

Sourabh Jain

सौरभ जैन पिछले 16 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम में कार्यरत हैं। वह दिल्ली-एनसीआर, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, झारखंड, हिमाचल प्रदेश और गुजरात से जुड़े घटनाक्रम पर खबरें और विश्लेषण लिखते हैं।


विस्तृत बायो

परिचय और अनुभव: सौरभ जैन भारतीय डिजिटल मीडिया जगत का एक हिस्सा हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 16 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है। वर्तमान में, वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान 'लाइव हिन्दुस्तान' (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में स्टेट सेक्शन में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वे पिछले लगभग तीन सालों से यहां कार्यरत हैं। सौरभ का करियर टीवी मीडिया से शुरू होकर डिजिटल मीडिया की गतिशीलता तक फैला हुआ है, जो उन्हें खबरों को गहराई और सटीकता के साथ प्रस्तुत करने में सक्षम बनाता है।


शैक्षणिक पृष्ठभूमि और कार्य अनुभव

सौरभ ने बैचलर ऑफ कॉमर्स की डिग्री लेने के बाद पत्रकारिता के क्षेत्र में कदम रखा और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पोस्ट ग्रेजुएशन का कोर्स किया। इस क्षेत्र में साल 2009 से सक्रिय होने के बाद सौरभ ने पहले टीवी के क्षेत्र में अलग-अलग डेस्क पर कार्य अनुभव लिया, इस दौरान उन्होंने टिकर डेस्क से शुरुआत करने के बाद न्यूज डेस्क में कॉपी राइटिंग का अनुभव हासिल किया, इस दौरान क्षेत्रीय विषयों से लेकर राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय विषयों पर खबरें लिखीं। इसके बाद उन्हें बॉलीवुड और हेल्प-लाइन डेस्क में भी काम करने का मौका मिला। हेल्प लाइन डेस्क में काम करने के दौरान उन्हें स्वास्थ्य, करियर और आम लोगों से जुड़े कई विषयों को जानने व समझने का मौका मिला।

इसके बाद साल 2016 में उन्होंने डिजिटल मीडिया की दुनिया में कदम रखा और स्पोर्ट्स डेस्क के साथ शुरुआत की। सौरभ ने अपने करियर की शुरुआत ZEE24 छत्तीसगढ़ न्यूज चैनल से की थी। इसके बाद वे IBC24 और दैनिक भास्कर जैसी संस्थाओं में भी सेवाएं दे चुके हैं। सौरभ साल 2023 से लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हुए हैं और यहां पर स्टेट डेस्क में कार्यरत हैं। सौरभ मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के रहने वाले हैं और उन्होंने अपनी स्कूली पढ़ाई और ग्रेजुएशन दोनों यहीं से किया है। इसके बाद उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री ली है।

सौरभ जैन का मानना है कि एक पत्रकार की पहली जिम्मेदारी सही तथ्यों व आसान भाषा में पाठकों तक खबरें पहुंचाना है। इस काम में तेजी जितनी जरूरी है, सटीकता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। फिर चाहे वह आम जीवन की खबरें हों, राजनीति की खबरें हों, खेल की खबरें हों या फिर चकाचौंध से भरे बॉलीवुड की खबरें हों। कोई भी खबर सही तथ्यों के साथ रीडर्स तक पहुंचनी चाहिए। हड़बड़ी में तथ्यों की पुष्टि ना होने पर गलत जानकारी पाठकों तक पहुंचने का खतरा बना रहता है। इसलिए सौरभ का मानना है कि पत्रकारिता का मतलब केवल पाठकों तक सूचना पहुंचाना ही नहीं, बल्कि सही और निष्पक्ष जानकारी पहुंचाते हुए उनकी बुद्धिमत्ता और विवेक को भी जागृत करना होता है।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Rajasthan News, Jaipur News, Jodhpur News, Alwar News, Ajmer News, Udaipur News और Kota News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।