सुबह 5:30 बजे काट दी लाइट;रात से इंटरनेट ठप; जयपुर में एक सड़क के लिए इतना बड़ा ऑपरेशन

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

एक सड़क को 80 फीट चौड़ा करने के लिए जयपुर में बड़ा प्रशासनिक अभियान चलाया गया। बुलडोजर कार्रवाई के साथ कई थाना क्षेत्रों में इंटरनेट बंद किया गया, बिजली आपूर्ति रोकी गई और पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया। कार्रवाई के दौरान ड्रोन कैमरों से लगातार निगरानी रखी गई।

सुबह 5:30 बजे काट दी लाइट;रात से इंटरनेट ठप; जयपुर में एक सड़क के लिए इतना बड़ा ऑपरेशन

राजधानी जयपुर के जगतपुरा क्षेत्र में सोमवार को जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) ने भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच अतिक्रमण हटाने की बड़ी कार्रवाई शुरू की। नंदपुरी अंडरपास से रेलवे लाइन के समानांतर बनी सड़क को 80 फीट चौड़ा करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे इस अभियान के तहत अब तक 125 से अधिक अवैध निर्माणों को हटाया जा चुका है। इनमें पांच धार्मिक स्थल भी शामिल हैं।

80 फीट सड़क चौड़ीकरण के लिए चला अभियान

जेडीए की ओर से नंदपुरी अंडरपास से रेलवे लाइन के समानांतर बनी सड़क को चौड़ा करने का कार्य किया जा रहा है। इसी के तहत सड़क सीमा में आ रहे अवैध निर्माणों को हटाया जा रहा है। प्रशासन का दावा है कि यह कार्रवाई सार्वजनिक हित और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए की जा रही है।

3 हजार पुलिसकर्मी तैनात, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

संभावित कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए करीब 3 हजार पुलिसकर्मियों और अधिकारियों को मौके पर तैनात किया गया है। पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में लिया गया है और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

जयपुर के कई इलाकों में इंटरनेट सेवाएं बंद

संभागीय आयुक्त वी. सरवन कुमार की ओर से जारी आदेश के अनुसार रविवार रात 12 बजे से सोमवार रात 12 बजे तक कई थाना क्षेत्रों में 2जी, 3जी, 4जी और 5जी मोबाइल इंटरनेट सेवाएं बंद रखी गई हैं। प्रशासन का कहना है कि यह कदम अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं को रोकने के लिए उठाया गया है।

इन थाना क्षेत्रों में लागू है नेटबंदी

इंटरनेट प्रतिबंध जयपुर पुलिस कमिश्नरेट और जिले के कई हिस्सों में लागू किया गया है। जयपुर उत्तर के रामगंज, गलता गेट, माणक चौक, सुभाष चौक, आमेर, ब्रह्मपुरी, नाहरगढ़, कोतवाली, जालूपुरा, संजय सर्किल, शास्त्रीनगर और विद्याधर नगर सहित कई थाना क्षेत्र इसके दायरे में हैं। वहीं जयपुर पूर्व के बस्सी, कानोता, आदर्श नगर, ट्रांसपोर्ट नगर, जवाहर नगर, गांधी नगर, मालवीय नगर, प्रताप नगर और सांगानेर सहित अन्य क्षेत्रों में भी इंटरनेट सेवाएं प्रभावित हैं।

संवेदनशील क्षेत्र में आवाजाही पर रोक

कार्रवाई के दौरान पुलिस और प्रशासन की टीमों ने पूरे क्षेत्र को घेर रखा है। संवेदनशील इलाकों में आम लोगों की आवाजाही सीमित कर दी गई है। स्थानीय लोगों को भी अनावश्यक रूप से घरों से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी गई है।

बिजली कटौती से बढ़ी लोगों की परेशानी

अभियान के दौरान पूरे इलाके की बिजली आपूर्ति अस्थायी रूप से बंद कर दी गई। इससे स्थानीय लोगों को गर्मी और अन्य समस्याओं का सामना करना पड़ा। बिजली बंद रहने से कई घरों और प्रतिष्ठानों का कामकाज भी प्रभावित हुआ।

कॉल ड्रॉप और नो नेटवर्क की समस्या

इंटरनेट सेवाएं बंद होने और नेटवर्क बाधित होने के कारण लोगों को कॉल ड्रॉप और नो नेटवर्क जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। कई लोग अपने परिजनों और परिचितों से संपर्क नहीं कर पा रहे हैं।

छतों पर नहीं जुटने की पुलिस की अपील

पुलिस लगातार माइक के माध्यम से लोगों से छतों पर एकत्रित नहीं होने की अपील कर रही है। साथ ही लोगों को छतों से नीचे उतरने और कार्रवाई के दौरान फोटो या वीडियो नहीं बनाने की हिदायत दी जा रही है।

ड्रोन कैमरों से रखी जा रही निगरानी

पूरे अभियान की निगरानी ड्रोन कैमरों के जरिए की जा रही है। इसके अलावा कई इमारतों और मकानों की छतों पर पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति को रोका जा सके।

व्हाट्सएप, फेसबुक और एक्स सेवाएं भी प्रभावित

प्रशासनिक आदेश के तहत केवल मोबाइल इंटरनेट ही नहीं, बल्कि बल्क एसएमएस और इंटरनेट आधारित मैसेजिंग सेवाओं पर भी रोक लगाई गई है। इसके चलते व्हाट्सएप, फेसबुक और एक्स (पूर्व में ट्विटर) समेत अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स की सेवाएं भी प्रभावित रहेंगी।

शांति व्यवस्था बनाए रखने पर प्रशासन का फोकस

प्रशासन का कहना है कि सड़क चौड़ीकरण और अतिक्रमण हटाने की यह कार्रवाई पूरी तरह सार्वजनिक हित में की जा रही है। अभियान के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को अभूतपूर्व स्तर पर रखा गया है। फिलहाल जेडीए की कार्रवाई जारी है और पूरे इलाके में हाई अलर्ट जैसी स्थिति बनी हुई है।

Sachin Sharma

लेखक के बारे में

Sachin Sharma

सचिन शर्मा | वरिष्ठ पत्रकार (राजस्थान)
सचिन शर्मा राजस्थान के एक अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 6 वर्षों से अधिक का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त है। वर्तमान में वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान ‘लाइव हिन्दुस्तान’ (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में राजस्थान सेक्शन का नेतृत्व कर रहे हैं। ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डिजिटल जर्नलिज्म तक, सचिन ने समाचारों की सटीकता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता को हमेशा प्राथमिकता दी है।

सचिन शर्मा का पत्रकारिता करियर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से शुरू हुआ, जहां उन्होंने जी राजस्थान में लगभग 3 वर्षों तक मेडिकल और एजुकेशन बीट पर रिपोर्टर के रूप में काम किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था, शिक्षा नीतियों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन और तथ्यपरक रिपोर्टिंग की। इसके बाद प्रिंट और डिजिटल मीडिया में सक्रिय रहते हुए उन्होंने राजनीति, प्रशासन, सामाजिक सरोकार और जन आंदोलन जैसे विषयों पर भी व्यापक कवरेज किया।

शैक्षणिक रूप से, सचिन शर्मा ने राजस्थान विश्वविद्यालय से बी.कॉम किया है, जिससे उन्हें फाइनेंस और आर्थिक मामलों की मजबूत समझ मिली। इसके बाद उन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर पत्रकारिता की सैद्धांतिक और व्यावहारिक दक्षता हासिल की। सचिन शर्मा तथ्य-आधारित रिपोर्टिंग, स्रोतों की विश्वसनीयता और पाठकों के विश्वास को पत्रकारिता की सबसे बड़ी पूंजी मानते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Rajasthan News, Jaipur News, Jodhpur News, Alwar News, Ajmer News, Udaipur News और Kota News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Hindi Newsराजस्थान न्यूज़सुबह 5:30 बजे काट दी लाइट; इंटरनेट ठप; जयपुर में एक सड़क के लिए इतना बड़ा ऑपरेशन