RPSC वरिष्ठ अध्यापक परीक्षा 2022: आवंटित जिलों की जानकारी 5 फरवरी से मिलेगी, जानें परीक्षा कार्यक्रम
राजस्थान लोक सेवा आयोग की ओर से वरिष्ठ अध्यापक (संस्कृत शिक्षा विभाग) प्रतियोगी परीक्षा 2022 का आयोजन 12 से 15 फरवरी तक होगा। परीक्षा के लिए अभ्यर्थी आवंटित जिले की जानकारी 5 फरवरी से मिलेगी।

इस खबर को सुनें
राजस्थान लोक सेवा आयोग की ओर से वरिष्ठ अध्यापक (संस्कृत शिक्षा विभाग) प्रतियोगी परीक्षा 2022 का आयोजन 12 से 15 फरवरी तक होगा। परीक्षा के लिए अभ्यर्थी आवंटित जिले की जानकारी 5 फरवरी से एसएसओ पोर्टल पर लॉगिन कर प्राप्त कर सकते हैं। आयोग ने परीक्षा की पूरी तैयारी कर ली है।
एसएसओ पोर्टल पर अपलोड किए जाएंगे
आरपीएससी सचिव एचएल अटल ने बताया कि परीक्षा के प्रवेश पत्र परीक्षा तिथि से 3 दिन पहले आयोग की वेबसाइट एवं एसएसओ पोर्टल पर अपलोड किए जाएंगे। प्रवेश पत्र आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध एडमिट कार्ड लिंक के माध्यम से आवेदन पत्र क्रमांक एवं जन्म तिथि प्रविष्टि कर डाउनलोड किए जा सकेंगे। इसके अतिरिक्त एसएसओ पोर्टल पर लॉगइन कर सिटीजन एप्स में उपलब्ध recruitment-portal लिंक से भी प्रवेश पत्रों को डाउनलोड किया जा सकेगा।
6 विषयों को दो अलग-अलग ग्रुप में बांट गया है
आरपीएससी के सचिव के अनुसार परीक्षा के सुगम संचालन के लिए 6 विषयों को दो अलग-अलग ग्रुप में बांट गया है। ग्रुप ए में सामाजिक विज्ञान और हिंदी एवं ग्रुप बी में विज्ञान, संस्कृत, गणित एवं अंग्रेजी विषयों को रखा गया है। सामान्य ज्ञान एवं शिक्षा मनोविज्ञान प्रश्न पत्र की परीक्षा का आयोजन 12 फरवरी 2023 को ग्रुप ए के लिए दोपहर 2 से 4 बजे तक किया जाएगा। 13 फरवरी को सामाजिक विज्ञान विषय की परीक्षा सुबह 10 से 12:30 बजे तक एवं हिंदी विषय की परीक्षा दोपहर 2:30 से 5 बजे तक होगी। 4 फरवरी को सुबह 10 से 10:30 बजे तक विज्ञान विषय एवं दोपहर 2:30 से 5 बजे तक संस्कृत विषय की परीक्षा होगी। 15 फरवरी को सुबह 10 से 12:30 बजे तक गणित विषय तथा दोपहर 2:30 से 5 बजे तक अंग्रेजी विषय की परीक्षा होगी।