ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News राजस्थानराहुल गांधी शनिवार से राजस्थान में चुनावी बिगुल फूंकेंगे

राहुल गांधी शनिवार से राजस्थान में चुनावी बिगुल फूंकेंगे

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी शनिवार को जयपुर के दौरे पर आएंगे और राजस्थान में पार्टी के चुनाव अभियान की औपचारिक शुरुआत करेंगे। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सचिन पायलट ने शुक्रवार को यह...

राहुल गांधी शनिवार से राजस्थान में चुनावी बिगुल फूंकेंगे
जयपुर। एजेंसी Fri, 10 Aug 2018 07:22 PM
ऐप पर पढ़ें

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी शनिवार को जयपुर के दौरे पर आएंगे और राजस्थान में पार्टी के चुनाव अभियान की औपचारिक शुरुआत करेंगे। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सचिन पायलट ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। 
उन्होंने बताया कि तय कार्यक्रम के अनुसार राहुल गांधी यहां रामलीला मैदान में राज्यभर से आए पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकताओं को संबोधित करेंगे। राहुल जयपुर हवाईअड्डे से रामलीला मैदान तक एक विशेष बस से पहुंचेंगे। पायलट ने बताया कि राहुल पार्टी कार्यकताओं को विधानसभा चुनाव में जीत दिलाने का संदेश देंगे और उन्हें बताएंगे कि अगले तीन महीने किस तरह से चुनावी अभियान को चलाया जाएगा। 
उल्लेखनीय है कि जयपुर परंपरागत रूप से सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी का गढ़ रहा है। राहुल का यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब राज्य की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे चालीस दिन की ‘राजस्थान गौरव यात्रा’ पर हैं और अपनी जनसभाओं में वह कांग्रेस अध्यक्ष पर लगातार निशाना साधे हुए हैं। विशेषकर राहुल गांधी के मंदिरों में जाने को लेकर दोनों पक्षों में हाल ही में काफी जुबानी जंग हुई है। 
पायलट के अनुसार पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद गांधी पहली बार प्रदेश यात्रा पर आ रहे हैं और यह वही शहर है जहां से उन्हें पार्टी का उपाध्यक्ष बनाया गया था। इस कारण से कांग्रेस के लिए जयपुर एक महत्वपूर्ण स्थान है। पायलट ने कहा, भाजपा हमेशा दावा करती है कि जयपुर ऐसा शहर रहा है जहां पार्टी मजबूत रही है, शनिवार को हम इस दावे को झूठा साबित कर देंगे। भाजपा पहले से ही बेचैन है और इसी के चलते आरोप और भ्रामक बयानबाजी कर रही है जो उनकी चिंता को दर्शाता है।
 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें