ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News राजस्थान अब राजस्थान कांग्रेस में फूटा ‘लेटर बम’, जानें क्या है इसमें

अब राजस्थान कांग्रेस में फूटा ‘लेटर बम’, जानें क्या है इसमें

अभी राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस में फूटे ‘लेटर बम’ का मुद्दा पूरी तरह शांत भी नहीं हुआ था कि राजस्थान कांग्रेस में भी ‘लेटर बम’ फूट गया। पूर्व मंत्री और सांगोद से कांग्रेस...

 अब राजस्थान कांग्रेस में फूटा ‘लेटर बम’, जानें क्या है इसमें
एजेंसी ,जयपुरWed, 16 Sep 2020 02:21 PM
ऐप पर पढ़ें

अभी राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस में फूटे ‘लेटर बम’ का मुद्दा पूरी तरह शांत भी नहीं हुआ था कि राजस्थान कांग्रेस में भी ‘लेटर बम’ फूट गया। पूर्व मंत्री और सांगोद से कांग्रेस विधायक भरत सिंह कुंदनपुर के 'लेटर बम' से राजस्थान की सियासत गर्मा गई है। भरत सिंह ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को चिट्ठी लिखकर सबसे भ्रष्ट मंत्री को बर्खास्त करने की मांग की है। 

दरअसल, मुख्यमंत्री द्वारा मंत्रियों के प्रभार वाले जिले बदलने के बाद भरत सिंह ने सोमवार को उन्हें यह चिट्ठी लिखी। हालांकि इसमें उन्होंने किसी का नाम नहीं लिखा है, लेकिन सियासत के जानकारों से कुछ छिपा नहीं है। दरअसल, भरत सिंह के निशाने पर हड़ौती के ही एक मंत्री हैं, जिन्हें वो पहले भी निशाने पर लेते रहे हैं। 

भरत सिंह की चिट्ठी से बीजेपी को बैठे-बिठाए सरकार को घेरने का एक मुद्दा मिल गया है। बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया, केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत सहित अन्य नेताओं ने भरत सिंह की चिट्ठी के बहाने सरकार और मुख्यमंत्री पर निशाना साधा है। 

भरत सिंह ने मुख्यमंत्री के नाम अपने पत्र में लिखा है कि समाचार पत्रों में पढ़ा है कि आपने प्रभारी मंत्रियों के जिलों में फेरबदल किया है। इसका कितना लाभ होगा उसको परखने में समय लगेगा। इस बात की आवश्यकता है कि जनता में संदेश देने के लिए आप अपने मंत्रिमंडल के सबसे भ्रष्ट मंत्री को बर्खास्त करें। एक बार पहले भी आप मुख्यमंत्री रहते उनको हटा चुके हैं। यह मंत्री भ्रष्टाचार के माफिया हैं। इनका नाम लिखना आवश्यक नहीं समझता हूं। गंदगी की बदबू नजदीक के लोगों को ज्यादा दुर्गंध देती है। 

वहीं, भाजपा नेता सतीश पूनिया ने भरत सिंह का पत्र ट्वीट कर कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा है। पूनिया ने लिखा, यह लो जी, एकदम ताजा है और पक्का। जिम्मेदारी से कह सकता हूं कि यह पत्र बीजेपी राजस्थान ने नहीं लिखवाया है। अशोक गहलोत जी, इश्क के इम्तिहां और भी हैं...। 

वहीं, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने भी इसे लेकर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर निशाना साधा है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, लगता है मुख्यमंत्री जी द्वारा कृत फिल्म नकारा निकम्मे का भाग-2 भी जल्द ही रिलीज होने वाली है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें