लोगों से प्रभावित होकर अक्सर लोग अपने बच्चों का नामकरण कर देते हैं। राजस्थान के उदयपुर में ऐसा ही एक मामला सामने आया है। यहां पर एक शख्स ने कांग्रेस पार्टी से प्रभावित होकर अपने बेटे का नाम कांग्रेस रख दिया है। इस शख्स का नाम है विनोद जैन। विनोद ने इसी नाम से अपने बेटे का ऑफिशियल बर्थ सर्टिफिकेट भी बनवा रखा है।
घरवालों के समझाने पर भी नहीं माने
विनोद जैन बताते हैं कि मेरी बड़ी बेटी के जन्म के 18 साल बाद 18 जुलाई 2019 को बेटे का जन्म हुआ। मैंने तय कर लिया था कि बेटे का नाम कांग्रेस जैन ही रखूंगा। घर वालों को भी अजीब लग रहा था, कुछ रिश्तेदारों ने समझाने की भी कोशिश की, लेकिन मैंने नाम कांग्रेस ही रखा। उनका मानना है कि वे मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से बेहद प्रभावित हैं। विनोद जैन ने बताया कि अब मैंने ऑफिशियल तौर भी कांग्रेस जैन के नाम से बेटे का बर्थ सर्टिफिकेट हासिल कर लिया है।
पार्टी के लिए है जुनून
गौरतलब है कि उदयपुर के रहने वाले विनोद जैन 1993 से कांग्रेस में काम कर रहे हैं। पिछले कुछ साल से वह कांग्रेस साइबर टीम के साथ उदयपुर संभाग प्रभारी के तौर पर काम कर रहे हैं। इस दौरान उनकी सोशल मीडिया पोस्ट्स के लिए उन्हें लोगों की कई बातें भी सुननी पड़ीं। लेकिन लोगों की बातों ने कांग्रेस पार्टी के लिए उनके जुनून में और ज्यादा इजाफा ही किया।