लक्ष्मणगढ़ हॉट सीट पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष डोटासरा के सामने प्रतिष्ठा बचाने की चुनौती
Laxmangarh Assembly Hot Seat: राजस्थान के सीकर जिले का लक्ष्मणगढ़ विधानसभा सीट पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के सामने भाजपा उम्मीदवार सुभाष महरिया की कड़ी चुनौती है।

Laxmangarh Assembly Hot Seat: राजस्थान के सीकर जिले का लक्ष्मणगढ़ विधानसभा क्षेत्र हॉट सीट बन गई है। लक्ष्मणगढ़ विधानसभा सीट पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और पूर्व केन्द्रीय मंत्री एवं भाजपा के उम्मीदवार सुभाष महरिया के बीच सीधा एवं कड़ा मुकाबला होने के आसार हैं। एक तरफ डोटासरा अपनी जीत का चौका लगाने के लिए चुनाव मैदान में उतरे हैं तो दूसरी ओर महरिया इस बार चुनाव जीतकर डोटासरा से पिछली हार का हिसाब चुकता करने के लिए ताल ठोक रहे हैं।
इस चुनाव में डोटासरा पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के नाते प्रदेश भर की जिम्मेदारी भी है। साथ ही उन पर अपनी सीट पर भी जीत दर्ज कर अपनी चुनावी प्रतिष्ठ बचाने का जिम्मा भी है। वहीं कांग्रेस से भाजपा में लौटे महरिया पर अपनी प्रतिष्ठा कायम करने का दबाव है। महरिया कमल खिलाने के लिए प्रयास कर रहे हैं। इस सीट पर दोनों कद्दावर नेताओं का दूसरी बार आमना-सामना हो रहा है।
इससे पहले वर्ष 2013 में दोनों एक दूसरे के सामने चुनाव लड़ा जिसमें डोटासरा ने महरिया को पटकनी दी थी। महरिया उस हार का अबकी बार बदला लेने के लिए पूरी तैयारी के साथ लगे हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को भी इस बार चुनाव में ज्यादा मशक्कत करनी पड़ रही है। डोटासरा को पांच साल में कराए विकास कार्यों पर भरोसा है। वहीं महरिया पेपर लीक समेत कांग्रेस सरकार की अन्य विफलताओं और केंद्र सरकार की उपलब्धियों का सहारा ले रहे हैं।
प्रदेश की सियासत में डोटासरा (Govind Singh Dotasra) के बढे़ दबदबे के कारण लक्ष्मणगढ में विकास कार्यों में तेजी आई। इससे डोटासरा की लोकप्रियता भी बढ़ी। लक्ष्मणगढ विधानसभा सीट से 10 उम्मीदवार चुनाव मैदान में अपना चुनावी भाग्य आजमा रहे हैं। कांग्रेस और भाजपा के इन उम्मीदवारों के अलावा माकपा के विजेंद्र ढाका और रालोपा के विजयपाल बगडिया भी अपनी मौजूदगी दिखाने में संघर्ष करते नजर आ रहे हैं।
