गोगामेड़ी ने मांगा था टिकट, गहलोत ने दिया था ख्याल रखने का भरोसा, हत्या के बाद पत्र वायरल
जयपुर में मंगलवार को अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलीबारी कर करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या कर दी। इस बीच एक पत्र वायरल हो रहा है जिसे सीएम गहलोत का बताया जा रहा है।

जयपुर में मंगलवार को अज्ञात हमलावरों ने राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी पर ताबड़तोड़ गोलीबारी की। इस हमले में गोगामेड़ी की मौत हो गई। राज्यपाल कलराज मिश्र ने पुलिस से हमलावरों को पकड़ने और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। पूरे राजस्थान में पुलिस को अलर्ट कर दिया गया है। इस बीच एक पत्र वायरल हो रहा है। इस पत्र को अशोक गहलोत का बताया जा रहा है। पत्र के मजमून के मुताबिक, सुखदेव सिंह गोगामेड़ी ने कांग्रेस से टिकट मांगा था, जिसके बाद गहलोत ने उन्हें यह पत्र लिखा था। यह पत्र वायरल हो रहा है। हालांकि लाइव हिंदुस्तान इसके सत्यता की पुष्टि नहीं करता है।
इस पत्र में अशोक गहलोत ने कहा है कि आप जानते हैं कि विधानसभा चुनावों की प्रक्रिया शुरू हो गई है। आपने मेरे एवं पार्टी के अन्य नेताओं के सामने अपनी दावेदारी पेश की है। एक कांग्रेस कार्यकर्ता होने के नाते ऐसा करना आपका अधिकार है। आप यह भी भलीभांति जानते हैं कि टिकट किसी एक ही व्यक्ति को मिल सकता है। एक कार्यकर्ता के तौर पर अधिकृत उम्मीदवार को जिताना भी हमारा कर्तव्य है। इसके लिए हम सभी को पार्टी अम्मीदवार का साथ देकर पूरी मेहनत करनी होगी।
आप भी महसूस कर रहे होंगे कि हमारी शानदार योजनाओं एवं विकास कायों की बदौलत 30 वर्षों के बाद ऐसा माहौल बना है, जिसको देखकर लगता है कि राजस्थान में सरकार रिपीट होगी। भाजपा चुनाव में पिछड़ रही है लेकिन हनारी जीत तभी संभव है, जब हम चुनाव के आखिरी दिन तक मिलकर मेहनत करेंगे। राजस्थान में भाजपा के हारने से पूरे देश में एक सकारात्मक संदेश जाएगा। इससे राजस्थान कांग्रेस का मान-सम्मान देशभर में बढ़ेगा।
मैं आपसे निवेदन करता हूं कि सभी आपसी मतभेदों को भुलाकर कांग्रेस और देशहित में एकजुट होकर अपने विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस उम्मीदवार को विजयी बनाने के लिए काम करें। आपके सहयोग से बनने वाली कांग्रेस की सरकार से आपका समाज में मान-सम्मान बढ़ेगा। संगठन भी सहयोग के लिए आपका आभारी रहेगा। आपके मान-सम्मान का पूरा ध्यान रखा जाएगा।
