Jaipur Earthquake : तीव्रता 4 ही पर आवाज और कंपन डराने वाली थी, जयपुर में भूकंप का देखिए वीडियो
राजस्थान की राजधानी जयपुर में शुक्रवार तड़के आधे घंटे के अंतराल में तीन बार भूकंप के झटके महसूस किए गए। हालांकि, अभी तक किसी के हताहत होने या किसी बड़े नुकसान की कोई जानकारी सामने नहीं आई है।

राजस्थान की राजधानी जयपुर में शुक्रवार तड़के आधे घंटे के अंतराल में तीन बार भूकंप के झटके महसूस किए गए। हालांकि, अभी तक किसी के हताहत होने या किसी बड़े नुकसान की कोई जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन भूकंप के बाद अलग-अलग इलाकों से सामने आए सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई तेज आवाज और कंपन बेहद डराने वाली थी।
नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (एनसीएस) के मुताबिक, जयपुर में शुक्रवार तड़के 4.4 तीव्रता के भूकंप के झटके महसूस किए गए। जयपुर के कई हिस्सों में सुबह लगभग चार बजे भूकंप के झटके महसूस होते ही घबराए लोग अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए।
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) के अनुसार, जयपुर में भूकंप सुबह 4:09 बजे करीब 10 किलोमीटर की गहराई में आया। एनसीएस के अनुसार, इसके बाद भारतीय समयानुसार सुबह 4: 22 बजे पर 3.1 तीव्रता और फिर सुबह 4: 25 बजे 3.4 तीव्रता का भूकंप का झटका आया।
पुलिस नियंत्रण कक्ष ने कहा कि किसी तरह के जान-माल के नुकसान या संपत्ति के नुकसान की तत्काल कोई सूचना नहीं है। भूकंप से डरे लोग अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए और अपने-अपने परिचितों और रिश्तेदारों को फोन करने लगे। कई लोगों ने सोशल मीडिया पर घटना की तस्वीरें और वीडियो साझा किए हैं। भूकंप के चलते लोगों के घरों में बर्तन गिरने सहित अलग-अलग तरह की आवाजें भी सुनाई दीं।
बता दें कि, भौगोलिक दृष्टि से जयपुर उच्च जोखिम वाले भूकंप क्षेत्र में नहीं है। जयपुर भूकंपीय क्षेत्र II में स्थित है, जिसे भूकंप के लिए कम जोखिम वाला क्षेत्र माना जाता है।
राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने ट्वीट किया, ''जयपुर सहित राज्य में कुछ जगहों पर भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए हैं। मुझे आशा है कि आप सभी सुरक्षित हैं।''


