गहलोत सरकार और गुर्जरों में समझौता, विजय बैंसला बोले- राहुल गांधी का स्वागत है
राजस्थान में गुर्जरों की चौथे दिन मांगों पर सहमति बन गई है। गुर्जर आरक्षण संघर्ष समिति के अध्यक्ष विजय बैंसला ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा का राजस्थान में स्वागत है। यह देश अतिथि देवो भव: का देश है।

इस खबर को सुनें
राजस्थान में गत चार दिन से गहलोत सरकार और गुर्जरों के बीच जारी वार्ता में आज समझौते पर सहमति बन गई है। गुर्जर आरक्षण संघर्ष समिति के अध्यक्ष विजय बैंसला ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा का राजस्थान में स्वागत है। यह देश अतिथि देवो भव: का देश है। जब कोई वार्ता लंबी चलती है, कोई न कोई हल निकलता है। बता दें, समिति ने अपनी मांगे नहीं माने पर भारत जोड़ो यात्रा का विरोध करने की धमकी दी थी। सरकार और समिति के बीच चौथे दिन की वार्ता के बाद मांगों पर सहमति बनी है।
बैकलाॅग देने की बात मानी
विजया बैंसला ने चौथे दिन की वार्ता के बाद राजधानी जयपुर में मीडिया से बात करते हुए कहा कि कोई वार्ता लंबी चलती है, तो उससे कुछ निकलता है। हमारी बैकलाॅग को लेकर मांग चल रही थी। इससे राजस्थान में एमबीसी छात्रों का सपना पूरा होगा। कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला का सपना था। आज से इसकी शुरुआत हो गई है। सरकार ने हर भर्ती में बैकलाॅग देने की बात मानी है । वार्ता के तीसरे दिन 2019 और 2020 की ज्यादा मांगों पर सहमति के अलावा देवनारायण गुरूकुल योजना को फंक्शनिंग में लाने, योजना की अनियमितताएं दूर करने, स्टूडेंट्स को सुविधाएं उपलब्ध कराने, जिन स्कूलों में देवनारायण योजना के तहत बच्चे नहीं पढ़ रहे हैं, उन स्कूलों को भी योजना के तहत भुगतान होने, देवनारायण योजना की 2019-2020, 2020-2021 और 2021-2022 की 13548 स्कॉलरशिप पेंडिंग होने, देवनारायण रेसीजेंशियल स्कूलों में महिला वार्डन की कमी, स्कूलों में यूनिफॉर्म, बैग, जूते केवल शुरुआती 3 महीने के लिए बच्चों को देने और बाद में पैरेंट्स के अकाउंट पर सीधा उसका भार डालने की समस्याओं पर समाधान निकालने पर सहमति बन गई थी।
चार दिन तक चली वार्ता
गहलोत सरकार के साथ चार दिन तक चली वार्ता में बैकलाॅग समेत अन्य मांगों पर सहमति बनी है। राज्य सरकार की ओर से एक कमेटी का गठन किया गया है। कमेटी 30 दिन में अपनी रिपोर्ट देगी। वार्ता के बाद गुर्जर नेता विजय बैंसला ने कहा कि राजस्थान अतिथितियों का स्वागत करता है। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का स्वागत करेंगे। बता दें राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का विरोध करने की धमकी देने पर सीएम अशोक गहलोत ने समिति की मांगों के समाधान के लिए मंत्री बीडी कल्ला की अध्यक्षता में कमेटी का गठन किया था। कमेटी में मंत्री अशोक चांदना और राजेंद्र पारीक, एसीएएस गृह आनंद कुमार समेत आला अधिकारी शामिल थे। वार्ता तीन दिन तक बेनतीजा रही। पहले दिन की वार्ता सचिवालय में हुई। उसके बाद वार्ता का स्थान परिवर्तन किया गया। खेल मंत्री अशोक चांदना ने आज दिन में संकेत दिए थे कि मांगों पर सहमति बन गई है। आज शाम को विजय बैंसला ने आधिकारिक ऐलान भी कर दिया।