राजस्थान में कड़ाके की सर्दी, मौसम विभाग ने जारी की कोहरे और शीतलहर की चेतावनी
- Rajasthan weather: राजस्थान के अधिकतर हिस्सों में रविवार को शीत दिन के कारण अधिकतम तापमान में छह डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई। इस दौरान प्रमुख शहरों में अधिकतम तापमान 12.1 डिग्री सेल्सियस से लेकर 25.8 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।

Rajasthan weather: राजस्थान में मौसम बदल रहा है। ज्यादातर हिस्सों में अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। राज्य में कड़ाके की सर्दी है। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, सोमवार की सुबह जयपुर, जोधपुर, जैसलमेर, चूरू, श्रीगंगानगर, बाड़मेर, जयपुर, कोटा, अजमेर, अलवर, भरतपुर, दौसा, झुंझुनूं, सवाई माधोपुर, सीकर में कोहरा दर्ज किया गया।
कोहरे और शीतलहर की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के अधिकतर हिस्सों में रविवार को शीत दिन के कारण अधिकतम तापमान में छह डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई। इस दौरान प्रमुख शहरों में अधिकतम तापमान 12.1 डिग्री सेल्सियस से लेकर 25.8 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। जयपुर मौसम केन्द्र ने कई स्थानों पर कोहरे और शीतलहर की चेतावनी जारी की है।
कहां कितना तापमान
घने कोहरे के कारण राजमार्गों पर वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कोहरे और शीतलहर के चलते सोमवार की सुबह गलन का एहसास हुआ। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान सिरोही में 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। चित्तौड़गढ़ में न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री, जोधपुर में 5.5 डिग्री, डबोक (उदयपुर) में 5.6 डिग्री, जयपुर में 7.2 डिग्री सेल्सियस, और अन्य अनेक स्थानों पर 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया।
यह भी जानिए: दिल्ली में मौसम का क्या हाल
दिल्ली में सोमवार को न्यूनतम तापमान 10.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.5 डिग्री अधिक है। दिल्ली में सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता 178 पर ‘मध्यम’ श्रेणी में थी। मौसम विभाग ने अधिकतर स्थानों पर धुंध और घना कोहरा तथा सुबह के समय कुछ स्थानों पर घना कोहरा छाए रहने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। विभाग ने कहा कि बाद में आसमान साफ रहने की संभावना है, जबकि शाम और रात में धुंध या हल्का कोहरा छाने के आसार है। मौसम विभाग ने अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना जताई है।