राजस्थान में हवा का असर, सुबह-शाम सर्दी बढ़ी, 10 से ज्यादा शहरों का पारा सिंगल डिजिट में
राजस्थान के मौसम में हल्का उतार-चढ़ाव देखने को मिला। उत्तरी हवा के असर से शेखावाटी सहित कई इलाकों में रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे सुबह और शाम की सर्दी तेज हो गई है। वहीं पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में हल्के बादल छाए

राजस्थान के मौसम में हल्का उतार-चढ़ाव देखने को मिला। उत्तरी हवा के असर से शेखावाटी सहित कई इलाकों में रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे सुबह और शाम की सर्दी तेज हो गई है। वहीं पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में हल्के बादल छाए रहने के कारण दिन की धूप कमजोर रही और अधिकतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई।
मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के अनुसार, राज्य में फिलहाल किसी बड़े सिस्टम की सक्रियता नहीं है। अगले एक सप्ताह तक मौसम शुष्क (ड्राय) रहने की संभावना है, हालांकि तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव बना रहेगा।
उत्तरी हवा से बढ़ी ठंडक
शुक्रवार को उत्तरी हवा का असर खासतौर पर शेखावाटी क्षेत्र में देखने को मिला। सीकर, फतेहपुर, पिलानी और झुंझुनूं समेत कई शहरों में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। ठंडी हवाओं के कारण सुबह और देर शाम ठिठुरन महसूस की गई, जबकि दिन में धूप निकलने से मौसम अपेक्षाकृत गर्म रहा।
पश्चिमी राजस्थान के जैसलमेर और बाड़मेर क्षेत्रों में हल्के बादल छाए रहने से धूप की तीव्रता कम रही। इसका असर अधिकतम तापमान पर पड़ा और यहां पारा सामान्य से एक से दो डिग्री तक नीचे दर्ज किया गया।
फतेहपुर और पाली सबसे ठंडे
पिछले 24 घंटे के मौसम पर नजर डालें तो शुक्रवार को प्रदेश का सबसे ठंडा इलाका फतेहपुर और पाली रहा। फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 4.9 डिग्री सेल्सियस, जबकि पाली में 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कई अन्य शहरों में भी न्यूनतम तापमान सिंगल डिजिट में बना हुआ है।
दिन के समय सबसे अधिक अधिकतम तापमान बाड़मेर में 31 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा जालोर में 30 डिग्री, दौसा में 29.5, डूंगरपुर में 29.3 और जैसलमेर, जोधपुर व चित्तौड़गढ़ में करीब 29.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ।
अजमेर और भीलवाड़ा में अधिकतम तापमान 28.2 डिग्री, टोंक में 28.6, उदयपुर में 28.4, पिलानी व बीकानेर में 28 डिग्री, फलोदी में 28.6 और जयपुर में 27.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
दिन में गर्मी, सुबह-शाम ठिठुरन
राजस्थान में इन दिनों तापमान का बड़ा अंतर देखने को मिल रहा है। दिन में तेज धूप के कारण हल्की गर्मी महसूस हो रही है और अधिकतम तापमान 25 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। वहीं रात और सुबह के समय तापमान तेजी से गिर रहा है, जिससे सर्दी का असर बढ़ गया है।
शेखावाटी क्षेत्र के अलावा दौसा, करौली, सिरोही, बारां, श्रीगंगानगर, माउंट आबू, अलवर और टोंक जैसे जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है। इन इलाकों में सुबह-शाम गर्म कपड़ों की जरूरत महसूस की जा रही है।
एक सप्ताह तक ऐसे ही रहने का अनुमान
मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि राज्य में अगले एक सप्ताह तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन सुबह और शाम के समय उत्तर-पूर्वी राजस्थान में सर्दी का असर बना रहेगा। दिन के समय तेज धूप के कारण अधिकतम तापमान सामान्य से थोड़ा ऊपर रह सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल बारिश या किसी बड़े मौसम परिवर्तन की कोई संभावना नहीं है। लोगों को दिन और रात के तापमान के अंतर को ध्यान में रखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
लेखक के बारे में
Sachin Sharmaसचिन शर्मा | वरिष्ठ पत्रकार (राजस्थान)
सचिन शर्मा राजस्थान के एक अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 6 वर्षों से अधिक का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त है। वर्तमान में वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान ‘लाइव हिन्दुस्तान’ (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में राजस्थान सेक्शन का नेतृत्व कर रहे हैं। ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डिजिटल जर्नलिज्म तक, सचिन ने समाचारों की सटीकता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता को हमेशा प्राथमिकता दी है।
सचिन शर्मा का पत्रकारिता करियर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से शुरू हुआ, जहां उन्होंने जी राजस्थान में लगभग 3 वर्षों तक मेडिकल और एजुकेशन बीट पर रिपोर्टर के रूप में काम किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था, शिक्षा नीतियों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन और तथ्यपरक रिपोर्टिंग की। इसके बाद प्रिंट और डिजिटल मीडिया में सक्रिय रहते हुए उन्होंने राजनीति, प्रशासन, सामाजिक सरोकार और जन आंदोलन जैसे विषयों पर भी व्यापक कवरेज किया।
शैक्षणिक रूप से, सचिन शर्मा ने राजस्थान विश्वविद्यालय से बी.कॉम किया है, जिससे उन्हें फाइनेंस और आर्थिक मामलों की मजबूत समझ मिली। इसके बाद उन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर पत्रकारिता की सैद्धांतिक और व्यावहारिक दक्षता हासिल की। सचिन शर्मा तथ्य-आधारित रिपोर्टिंग, स्रोतों की विश्वसनीयता और पाठकों के विश्वास को पत्रकारिता की सबसे बड़ी पूंजी मानते हैं।



