राजस्थान में बरस रही आग; बाड़मेर में 48 डिग्री के पार तापमान, लू का रेड अलर्ट
राजस्थान में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है, जहां बाड़मेर में तापमान 48.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। आने वाले दिनों में लू और तापमान बढ़ने की संभावना है। जोधपुर और बीकानेर संभागों में 'हीटवेव' का असर बना रहेगा और अधिकांश शहरों में पारा 41 डिग्री के पार है।
Rajasthan Weather Forecast: राजस्थान में भीषण गर्मी का प्रकोप बना हुआ है जहां मंगलवार को बाड़मेर 48.3 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ सबसे गर्म स्थान रहा। हालांकि पिछले 24 घंटों में चुरू सहित कुछ इलाकों में आंधी और हल्की बारिश भी दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, आगामी दिनों में जोधपुर और बीकानेर संभागों में लू (हीटवेव) का दौर जारी रहेगा और राज्य के ज्यादातर हिस्सों में तापमान में और बढ़ोतरी होने की संभावना है जबकि वर्तमान में जयपुर सहित सभी प्रमुख शहरों का तापमान 41 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है।
मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, राजस्थान के ज्यादातर हिस्सों में भीषण गर्मी पड़ रही है। यह दौर इस हफ्ते जारी रहने का अनुमान है। मंगलवार को बाड़मेर में अधिकतम तापमान 48.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बुधवार को सुबह तक बीते 24 घंटे में राजस्थान में कहीं कहीं बादलों की गरज और आंधी के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 30.0 मिलीमीटर बारिश चुरू तहसील में दर्ज की गई। राजस्थान के अधिकतर भागों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। जोधपुर, बीकानेर संभाग के कुछ भागों में लू का दौर जारी रहेगा।
किन जिलों में रेड, कहां ऑरेंज और येलो अलर्ट?
मौसम विभाग ने कल गुरुवार को बारां, बूंदी, चित्तौड़गढ़, झालावाड़, कोटा, सवाई माधोपुर और हनुमानगढ़ में लू चलने का येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं बाड़मेर, बीकानेर, जैसलमेर और फलौदी में लू चलने का रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने बालोदरा, जालौर, जोधपुर और श्रीगंगानगर जिलों में लू चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। उक्त सभी जिलों में रातें भी बेहद गर्म रहने की चेतावनी जारी की गई है। जोधपुर, बीकानेर संभाग के कुछ भागों मेंआगामी 4 से 5 दिन तक लू चलने और रातें बेहद गर्म रहने की संभावना है।
बूंदाबांदी के भी आसार
मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, राजस्थान के दक्षिण-पूर्वी भागों में भी आगामी दिनों में अधिकतम तापमान 44 से 45 डिग्री के मध्य दर्ज होने की संभावना है। इन क्षेत्रों में कहीं-कहीं लू, ऊष्णरात्री दर्ज होने के भी आसार हैं। मौसम विभाग की मानें तो अगले 48 घंटों के दौरान बीकानेर संभाग, शेखावाटी क्षेत्र जयपुर एवं भरतपुर संभाग के उत्तरी भागों में कहीं-कहीं गरज चमक के साथ आंधी और हल्की बूंदाबांदी देखी जा सकती है। आंधी के दौरान हवा की स्पीड 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक जा सकती है।
राजस्थान और एमपी को लेकर कब से कब तक अलर्ट
IMD ने पश्चिमी राजस्थान में 13 से 15 मई के दौरान और पश्चिमी मध्य प्रदेश में 13 से 17 मई के दौरान कई स्थानों पर लू चलने की संभावना जताई है। कुछ इलाकों में भीषण लू की स्थिति रहेगी।13 से 18 मई के दौरान पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी मध्य प्रदेश में लू चलने की संभावना है। पश्चिमी राजस्थान के कुछ इलाकों में 12 से 18 मई के दौरान गर्म रातें रहने की संभावना है। 15 और 16 मई को कुछ इलाकों में भीषण गर्म रातें दर्ज की जा सकती हैं। पूर्वी राजस्थान के कुछ इलाकों में 13 से 15 मई के दौरान गर्म रातें रहने की संभावना है।
(पीटीआई-भाषा और IMD के इनपुट पर आधारित रिपोर्ट)
लेखक के बारे में
Krishna Bihari Singhकृष्ण बिहारी सिंह वरिष्ठ पत्रकार और स्टेट टीम का हिस्सा (दिल्ली-NCR, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, राजस्थान और गुजरात )
संक्षिप्त विवरण
कृष्ण बिहारी सिंह पिछले 15 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। कृष्ण बिहारी सिंह लाइव हिन्दुस्तान में कार्यरत हैं। वह स्टेट टीम के साथ काम कर रहे हैं। कृष्ण बिहारी सिंह भारतीय मीडिया जगत में केबी उपनाम से चर्चित हैं। यूपी के मऊ जिले से ताल्लुक रखने वाले केबी महाराष्ट्र और हरियाणा में पत्रकारिता कर चुके हैं। मौजूदा वक्त में वह दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय हैं।
विस्तृत बायो
परिचय और अनुभव: कृष्ण बिहारी सिंह लोकमत, आज समाज, राष्ट्रीय सहारा, अमर उजाला और दैनिक जागरण अखबार में विभिन्न पदों पर काम कर चुके हैं। उन्होंने साल 2019 में जागरण डॉट कॉम से डिजिटल मीडिया में कदम रखा। कृष्ण बिहारी सिंह मौजूदा वक्त में भारत के प्रसिद्ध समाचार संस्थान 'लाइव हिन्दुस्तान' (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) की स्टेट टीम में डिप्टी चीफ एडिटर (कंटेंट क्रिएटर) के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: लॉ (एलएलबी) और साइंस (बी.एससी, बायोलॉजी) से ग्रेजुएट कृष्ण बिहारी सिंह ने महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में एमए और एमफिल किया है। कृष्ण बिहारी सिंह भारतीय राजनीति और वैश्विक मामलों के साथ विधि विषय की गहरी समझ रखते हैं। अखबार से लेकर टेलीविजन और अब डिजिटल मीडिया के बदलावों के साक्षी रहे कृष्ण बिहारी सिंह पाठकों की पसंद और बदलते ट्रेंड को बारीकी से समझते हैं।
रिपोर्टिंग एवं विशेषज्ञता: कृष्ण बिहारी सिंह राजनीति, जिओ पॉलिटिक्स, जन सरोकार और क्राइम की खबरों पर पैनी नजर रखते हैं। कृष्ण बिहारी सिंह ने अब तक विभिन्न मीडिया संस्थानों में नेशनल, इंटरनेशनल, बिजनेस, रिसर्च एवं एक्सप्लेनर और संपादकीय टीमों के साथ लंबे समय तक काम किया है। यही वजह है कि खबर के पीछे छिपे एजेंडे की समझ रखने वाले केबी समसामयिक घटनाक्रमों पर गहरा विश्लेषण करते हैं।
पत्रकारिता का उद्देश्य: कृष्ण बिहारी सिंह 'राष्ट्र प्रथम' की भावना के साथ काम करते हैं। केबी का मानना है कि एक पत्रकार की पहली जिम्मेदारी उसका राष्ट्र और लोक कल्याण है। केबी खबरों को पहले प्रमाणिकता की कसौटी पर कसते हैं, फिर आम जनमानस की भाषा में उसे परोसने का काम करते हैं। केबी का मानना है कि रिपोर्टिंग का उद्देश्य पाठकों को न केवल सूचना देना वरन उन्हें सही और असल जानकारी देना है।


