
राजस्थान टू दिल्ली के लिए चलेंगी 2 नई वंदे भारत ट्रेनें, जोधपुर-बीकानेर तक फायदा; कहां-कहां होंगे स्टॉप
संक्षेप: राजस्थान के लिए बड़ी गुड न्यूज है। रेलवे जोधपुर और बीकानेर से दिल्ली के चलने वाली दो नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनें शुरू करने जा रहा है। माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी 25 सितंबर को हरी झंडी दिखाकर इन दोनों ट्रेनों की शुरुआत कर सकते हैं।
राजस्थान के लिए बड़ी गुड न्यूज है। इंडियन रेलवे जोधपुर और बीकानेर से दिल्ली के चलने वाली दो नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनें शुरू करने जा रहा है। माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी 25 सितंबर को हरी झंडी दिखाकर इन दोनों ट्रेनों की शुरुआत कर सकते हैं। इन ट्रेनों के शुरू होने से यात्रा के समय को एक घंटे से भी ज्यादा की कम आने का अनुमान है।

इंडिया टीवी की रिपोर्ट के अनुसार, इन ट्रेनों को चलाने का मकसद राजस्थान और दिल्ली के बीच सफर करने वाले यात्रियों को तेज और अधिक आरामदायक यात्रा अनुभव प्रदान करना है। वंदे भारत ट्रेनों के इन दो नए रूटों के जुड़ने से राजस्थान की रेल कनेक्टिविटी में उल्लेखनीय सुधार होगा। यह विस्तार न केवल यात्रा सुविधा को बढ़ाएगा, बल्कि बढ़ी हुई गतिशीलता और कनेक्टिविटी के माध्यम से आर्थिक विकास को भी बढ़ावा देगा।
ट्रेनों का रूट, टाइमिंग और स्टॉप
जोधपुर-दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस: यह ट्रेन जोधपुर से सुबह 5:30 बजे चलेगी और दोपहर 1:30 बजे दिल्ली कैंट पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन दोपहर 3:10 बजे दिल्ली से चलेगी और रात 11:15 बजे जोधपुर पहुंचेगी। यह ट्रेन डेगाना, मकराना, जयपुर और अलवर स्टेशनों पर रुकेगी।
बीकानेर-दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस: यह ट्रेन बीकानेर से सुबह 5:45 बजे चलेगी और सुबह 11:50 बजे दिल्ली कैंट पहुंचेगी। वहीं, वापसी में शाम 4:45 बजे दिल्ली से चलेगी और रात 11:00 बजे बीकानेर पहुंचेगी। इसके प्रमुख स्टॉपज में रतनगढ़, चूरू और रेवाड़ी शामिल हैं।
कनेक्टिविटी और अर्थव्यवस्था होगी मजबूत
नई सेमी-हाई-स्पीड ट्रेनों का संचालन और रखरखाव उत्तर पश्चिम रेलवे (NWR) ज़ोन द्वारा किया जाएगा। अधिकारियों का मानना है कि इन ट्रेनों से रीजनल कनेक्टिविटी को बढ़ावा मिलेगा और यात्रियों का यात्रा अनुभव भी बेहतर होगा। इसके साथ ही यह ट्रेनें व्यापार और पर्यटन के लिए दिल्ली तक पहुंच में सुधार लाकर स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने में योगदान देंगी।





