कॉकरोच आंदोलन के बाद हुए पहले चुनाव में भाजपा के लिए खुशखबरी, कांग्रेस-AAP के लिए क्या
कॉकरोच जनता पार्टी की अगुआई में हुए जेन जी आंदोलन के बाद पहले चुनाव में भाजपा के लिए खुशखबरी है। राजस्थान के निकाय चुनाव में सत्ताधारी पार्टी ने बढ़त हासिल की है।

कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) की अगुआई में पिछले दिनों देश की राजधानी दिल्ली समेत कई राज्यों में हुए 'जेन जी' आंदोलन के बाद हुए पहले चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लिए खुशखबरी है। केंद्र की सत्ताधारी पार्टी भाजपा को मुख्यतौर पर निशाने पर लेते हुए किए गए आंदोलन के बाद भी पार्टी राजस्थान में बढ़त बनाने में कामयाब रही। वहीं, कांग्रेस पार्टी ने भी अपना दमखम दिखाते हुए कड़ी चुनौती पेश की है। खुशखबरी आम आदमी पार्टी के लिए भी है जो यहां अपने लिए लंबे समय से जगह तलाशने में जुटी है।
कुल 10,245 वार्डों के लिए हुए चुनाव में सोमवार दोपहर 2 बजे तक 8068 के नतीजे घोषित हुए थे। इनमें से 3323 वार्डों में भाजपा ने जीत हासिल की है। वहीं, 2962 पर कांग्रेस ने कब्जा किया है जबकि 1783 निर्दलीय/अन्य जीते हैं। 10 नगर निगम के लिए हुए चुनाव में अधिकतर में भाजपा बढ़त बनाए हुए है। इसके अलावा राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी ने 56, भारत आदिवासी पार्टी ने आठ, बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने 16, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने 37 और आम आदमी पार्टी (आप) ने 10 वार्ड में जीत हासिल की है। इन आंकड़ों में निर्विरोध चुने गए 77 उम्मीदवार भी शामिल हैं।
जयपुर में भाजपा का कब्जा
सबसे बड़े नगर निगम और राजधानी जयपुर में भी भगवा दल का दबदबा है। यहां 150 वार्डों के लिए चुनाव में जिन108 वार्डों के परिणाम घोषित हुए हैं उनमें भाजपा ने 57 पर कब्जा किया है तो कांग्रेस 40 और अन्य 11 वार्डों में जीत हासिल कर चुके हैं।
भीलवाड़ा नगर निगम में एकतरफा जीत
भीलवाड़ा नगर निगम में भाजपा ने एकतरफा जीत हासिल की है। 70 सीटों में से 58 के घोषित परिणामों के मुताबिक भाजपा ने 37 सीटों पर बढ़त हासिल करके बहुमत जुटा चुकी है। कांग्रेस यहां 9 और अन्य 12 वार्डों में कब्जा करते दिख रहे हैं।
बीकानेर में भाजपा को झटका
बीकानेर नगर निगम में भाजपा को बड़ा झटका लगा है। यहां सभी 80 वार्डों के रुझान/परिणाम सामने आ गए हैं। कांग्रेस ने यहां 42 सीटों पर अपना दबदबा दिखाया तो भाजपा 27 सीटों पर सिमटती दिख रही है। अन्य के खाते में 11 सीटें जा रही हैं।
जोधपुर में बराबरी का मुकाबला
जोधपुर नगर निगम में कांटे की टक्कर है। यहां भाजपा और कांग्रेस दोनों के पास 44-44 सीटें जाती दिख रही हैं। यहां सत्ता की चाबी 11 निर्दलीय उम्मीदवारों के हाथ है।
अजमेर में भी निर्दलीय बनाएंगे मेयर
अजमेर में कुल 80 सीटें हैं। यहां कांग्रेस के पास 37 सीटें हैं और भाजपा ने 32 सीटों पर जीत हासिल की। अन्य 11 तय करेंगे कि मेयर किसका बनेगा।
अलवर में भाजपा आगे
अलवर के 65 वार्डों में से भाजपा के पास 28 सीटें जाती दिख रही हैं। कांग्रेस की झोली में 23 और अन्य को एक सीट मिलती दिख रही है।
भरतपुर में भाजपा का कब्जा
भरतपुर नगर निगम के 65 वार्डों के नतीजे घोषित हो चुके हैं। भाजपा ने यहां 20 सीटों पर कब्जा किया है तो कांग्रेस 7 वार्डों में ही जीत हासिल कर सकी। यहां दबदबा अन्य और निर्दलीयों का रहा जिन्होंने 38 सीटों पर जीत हासिल की है।
पाली नगर निगम में कांग्रेस को बढ़त
पाली नगर निगम के 65 वार्डों में कांग्रेस ने 29 सीटों पर कब्जा करके भाजपा को झटका दिया है। यहां भाजपा 21 सीटें ही जीत सकी। वहीं, 15 पर निर्दलीय और अन्य का कब्जा है।
उदयपुर में भाजपा का दबदबा
उदयपुर के सभी 80 वार्डों के नतीजे घोषित हो चुके हैं। यहां 53 वार्ड में भाजपा के प्रत्याशियों ने जीत हासिल की है तो कांग्रेस 23 वार्ड ही जीत सकी। 4 पर अन्य का कब्जा है।
कोटा में भाजपा आगे
कोटा के 100 में से 64 वार्डों के नतीजे अब तक सामने आए हैं। इनमें से 42 पर भाजपा आगे चल रही है तो 20 सीटें भाजपा के खाते में जाती दिख रही हैं। 2 पर निर्दलीय आगे हैं।
AAP को बारां नगर परिषद से मिली खुशखबरी
राजस्थान के बारां नगर परिषद से आम आदमी पार्टी के लिए भी खुशखबरी आई है जो यहां भाजपा और कांग्रेस के विकल्प के रूप में खुद को पेश करने में जुटी है। बारां में भाजपा जहां तीसरे नंबर पर चली गई तो आम आदमी पार्टी ने 31 वार्डों में जीत हासिल करते हुए बहुमत पा लिया है। कांग्रेस यहां दूसरे नंबर है।


