| लाइव हिन्दुस्तान | Mon, 04 Dec 2023 06:59 PM
हमें फॉलो करें![]()
![]()
Rajasthan Chunav Result 2023 LIVE: राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 में प्रदेश की जनता ने एक बार फिर राज बदलकर रिवाज कायम रखा है। बीजेपी ने जहां कांग्रेस को बुरी तरह पछाड़ते हुए बहुमत के आंकड़े को पार कर बड़ी जीत दर्ज की है। वहीं कांग्रेस के 25 में से 17 मंत्री चुनाव हार गए हैं। राजस्थान में बीजेपी की जबर्दस्त जीत के बाद मुख्यमंत्री पद की दौड़ में बाबा बालकनाथ का नया नाम बहुत मजबूती से उभरा है, लेकिन इस पर खुद बाबा क्या सोचते हैं, उन्होंने आज मीडिया कर्मियों से बातचीत में इसका स्पष्ट जवाब दिया है। बीजेपी नेता महंत बालकनाथ ने मीडिया के सवालों पर कहा कि मैंने अपना जीवन लोगों और पार्टी की सेवा के लिए समर्पित कर दिया है। वहींं, राजस्थान में कांग्रेस की हार के लिए 5 साल तक निवर्तमान मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के विशेष कार्य अधिकारी (ओएसडी) रहे लोकेश शर्मा ने गहलोत को जिम्मेदार ठहराया है। राज्य में विधानसभा चुनाव परिणाम आने के बाद शर्मा ने रविवार को सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म पर जारी एक पोस्ट में गहलोत पर निशाना साधा। शर्मा इस विधानसभा चुनाव में टिकट मांग रहे थे। हालांकि, पार्टी ने उन्हें मौका नहीं दिया। शर्मा ने लिखा, ''कांग्रेस पार्टी राजस्थान में निःसंदेह रिवाज बदल सकती थी, लेकिन अशोक गहलोत जी कभी कोई बदलाव नहीं चाहते थे। यह कांग्रेस की नहीं बल्कि अशोक गहलोत की शिकस्त है।''
ये भी पढ़ें : राजस्थान में नहीं बदलेगा रिवाज? शुरुआती रुझानों में बीजेपी को बहुमत
राजस्थान की झालरापाटन सीट से पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता वसुंधरा राज चुनाव जीत गई हैं, वहीं आमेर सीट से चुनाव लड़ रहे भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया हार गए हैं।कांग्रेस की बात करें तो सरदारपुरा सीट से मुख्यमंत्री अशोक गहलोत चुनाव जीत गए हैं। वहीं टोंक सीट से कांग्रेस नेता सचिन पायलट जीत गए हैं। राजस्थान की 200 में से 199 सीटों के लिए 25 नवंबर को वोट डाले गए थे।
राजस्थान में 25 नवंबर को हुए चुनाव में 75.45 प्रतिशत मतदान हुआ था। राजस्थान चुनाव 2023 के लिए राज्य की कुल 200 में से 199 विधानसभा सीटों के लिए आज मतगणना हो रही है। मतगणना के लिए सुरक्षा के कड़े इंंतजाम किए गए थे। काउंटिग के लिए 2524 टेबल लगाई गई थीं। राजस्थान चुनाव की 199 विधानसभा सीटों के लिए सभी 36 केंद्रों पर मतगणना के लिए 1121 एआरओ की ड्यूटी लगाई गई थी। राजस्थान में 25 नवंबर को हुए चुनाव में 75.45 प्रतिशत मतदान हुआ था।
4 Dec 2023, 06:59:23 PM IST
सीएम बन रहे हैं ना, योगी बालकनाथ से अधीर रंजन चौधरी
लोकसभा में कांग्रेस नेता और विपक्ष के नेता अधीर रंजन चौधरी और भाजपा सांसद योगी बालकनाथ का सोमवार को संसद परिसर में आमना-सामना हो गया। इस मौके पर अधीर रंजन चौधरी ने उनसे पूछ लिया, राजस्थान के नए CM बन रहे हैं ना...
4 Dec 2023, 05:47:12 PM IST
पायलट बोले- पार्टी के लिए करेंगे काम
कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कहा- आने वाले समय में हम पूरी ताकत के साथ पार्टी के लिए काम करेंगे। हम नई सरकार की जवाबदेही तय करने के लिए जनता के हित में भूमिका अदा करेंगे। सचिन पायलट टोंक में संवाददाताओं को संबोधित कर रहे थे।
4 Dec 2023, 04:48:34 PM IST
वसुंधरा का शक्ति प्रदर्शन
राजस्थान में भाजपा की ओर से अभी सीएम का ऐलान किया जाना बाकी है। उससे पहले सूबे की पूर्व सीएम वसुंधरा राजे ने विधायकों को अपने आवास पर टी-पार्टी में बुलाया है। इसमें बड़ी संख्या में विधायक पहुंचे हैं। विधायकों ने पार्टी आलाकमान से वसुंधरा को सीएम बनाने की मांग की है। सियासी गलियारों में इसे वसुंधरा के शक्ति प्रदर्शन के तौर पर देखा जा रहा है।
4 Dec 2023, 03:53:37 PM IST
शिवराज से मिले कमलनाथ
मध्य प्रदेश में सियासी सरगर्मी के बीच कांग्रेस नेता कमलनाथ ने शिवराज सिंह चौहान ने शिष्टाचार भेंट की। पढ़ें पूरी खबर...
एमपी में सीएम कौन? चर्चाओं के बीच शिवराज के पास गए कमलनाथ, क्या हुई बातचीत, बताया- VIDEO
4 Dec 2023, 02:11:56 PM IST
Rajasthan Politics : BJP विधायक ने खुले में बिकने वाले नॉनवेज बेकने पर रोक लगाने के आदेश दिए
राजस्थान की राजधानी जयपुर के हवामहल से भाजपा विधायक चुने जाने के बाद बालमुकुंद आचार्य महाराज अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। उन्होंने अपने पहले एक्शन में चांदी की टकसाल रोड पर खुले में बिकने वाले नॉनवेज पर तुरंत प्रभाव से रोक लगाने के आदेश दिए।
4 Dec 2023, 01:31:59 PM IST
Rajasthan Politics : तेलंगाना में बेशक कांग्रेस जीती हो, लेकिन भाजपा वोट प्रतिशत भी बढ़ा : बालकनाथ
बाबा बालकनाथ ने नॉर्थ और साउथ राजनीति पर कहा कि तेलंगाना में बेशक कांग्रेस जीती हो, लेकिन भाजपा वोट प्रतिशत भी बढ़ा है। आगे परिणाम और अच्छे आएंगे। भाजपा लोगों तक पहुंच रही है। वहां भी पीएम मोदी की बहुत लोकप्रियता है और पीएम की हर तरफ लोकप्रियता देश-विदेश सब जगह है।
4 Dec 2023, 12:43:28 PM IST
Rajasthan Politics : कन्हैया लाल की हत्या के मामले में हम न्याय तक पहुंचेंगे : बाबा बालकनाथ
भाजपा नेता बाबा बालकनाथ ने कन्हैया लाल की हत्या के सवाल पर कहा कि इस मामले में हम बिल्कुल न्याय तक पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार के दौरान राज्य में महिलाओं के साथ अत्याचार हुआ है। उन्होंने कहा कि गैंग्स्टर बदमाश अब देखिएगा ढूंढते भी नहीं मिलेंगे और जनता के साथ न्याय होगा।
4 Dec 2023, 12:34:55 PM IST
Rajasthan Politics : बाबा बालकनाथ बोले- भाजपा की आसान जीत का कारण यह है कि लोग कांग्रेस से छुटकारा पाना चाहते थे
बाबा बालकनाथ ने कहा कि भाजपा की आसान जीत का कारण यह है कि लोग कांग्रेस से छुटकारा पाना चाहते थे। उन्होंने भ्रष्टाचार, महिलाओं पर अत्याचार और बढ़ते अपराधों को लेकर राजस्थान कांग्रेस पर निशाना साधा।
4 Dec 2023, 12:15:55 PM IST
Rajasthan Politics : सचिन पायलट दोपहर 2 बजे टोंक में जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय जाएंगे
कांग्रेस नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट सचिन पायलट दोपहर 2 बजे टोंक में जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय (डीसीसी) पहुंचेंगे। सचिन पायलट ने टोंक विधानसभा क्षेत्र से 29,475 मतों से जीत दर्ज की है। पायलट को कुल 1,05,812 वोट मिले। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के अजीत सिंह मेहता को पराजित किया, जिन्हें 76,337 वोट मिले।
4 Dec 2023, 01:05:19 PM IST
Rajasthan Politics : 'मैंने अपना जीवन लोगों और पार्टी की सेवा के लिए समर्पित कर दिया'
राजस्थान के सीएम पद के उम्मीदवारों में से एक माना जा रहे बीजेपी नेता महंत बालकनाथ ने मीडिया के सवालों पर कहा कि मैंने अपना जीवन लोगों और पार्टी की सेवा के लिए समर्पित कर दिया है। अगर मुख्यमंत्री बनेंगे तो इस सवाल पर बाबा बालकनाथ ने कहा कि ये मेरा विषय नहीं है, मेरा काम चुनाव जीतकर देना था और अब आगे सेवा करेंगे।
4 Dec 2023, 11:27:31 AM IST
Rajasthan Politics : लोकेश शर्मा बोले- गहलोत कोई नया प्रयोग नहीं कर सके
Rajasthan Politics : लोकेश शर्मा ने कहा कि उन्होंने बीकानेर और फिर भीलवाड़ा से चुनाव लड़ने की इच्छा जताई थी, लेकिन गहलोत कोई नया प्रयोग नहीं कर सके। पोस्ट के मुताबिक, बीडी कल्ला के लिए शर्मा ने छह महीने पहले बता दिया था कि वे 20 हजार से ज्यादा मत से चुनाव हारेंगे और वही हुआ।''
4 Dec 2023, 11:23:51 AM IST
Rajasthan Politics : पूर्वी राजस्थान के 5 जिलों में BJP विधायकों की संख्या 1 से बढ़कर 13 हुई
राजस्थान में विधानसभा चुनाव में पूर्वी राजस्थान के पांच जिलों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायकों की संख्या एक से बढ़कर 13 हो गई है। विधानसभा की 199 सीटों के लिए हुए मतदान के परिणाम रविवार को जारी किए गए। भाजपा ने 199 में से 115 सीटों पर जीत दर्ज की है। 15वीं विधानसभा (2018-2023) में कांग्रेस के पास 20 सीट, भाजपा और आरएलडी के पास एक-एक सीट थी जबकि दो निर्दलीय उम्मीदवार जीते थे। पूर्वी राजस्थान में 13 जिलों के लिए पीने का पानी और सिंचाई की महत्वपूर्ण पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना (ईआरसीपी) को कांग्रेस ने मुद्दा बनाया था।
4 Dec 2023, 11:18:48 AM IST
Rajasthan Politics : 'मुख्यमंत्री को किसी की सलाह नहीं चाहिए'
शर्मा ने कहा, ''आज के ये नतीजे तय थे। मैं स्वयं मुख्यमंत्री को यह पहले बता चुका था, कई बार आगाह कर चुका था, लेकिन उन्हें कोई ऐसी सलाह या व्यक्ति अपने साथ नहीं चाहिए था जो सच बताए।''
4 Dec 2023, 11:04:03 AM IST
Rajasthan Election : 'गहलोत ने कांग्रेस पार्टी को फिर हाशिये पर लाकर खड़ा कर दिया'
लोकेश शर्मा ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा है, ''तीसरी बार लगातार मुख्यमंत्री रहते हुए गहलोत ने कांग्रेस पार्टी को फिर हाशिये पर लाकर खड़ा कर दिया। आज तक पार्टी से सिर्फ लिया ही लिया है, लेकिन कभी अपने रहते पार्टी की सत्ता में वापसी नहीं करवा पाए गहलोत।''
4 Dec 2023, 10:49:21 AM IST
Rajasthan Election : कांग्रेस की हार के लिए मुख्यमंत्री गहलोत जिम्मेदार : ओएसडी शर्मा
अशोक गहलोत के ओएसडी रहे लोकेश शर्मा के अनुसार, राजस्थान विधानसभा चुनाव में, ''गहलोत के चेहरे पर, उनको खुली छूट देकर, उनके नेतृत्व में पार्टी ने चुनाव लड़ा और उनके मुताबिक प्रत्येक सीट पर वे खुद चुनाव लड़ रहे थे। न उनका अनुभव चला, न जादू और हर बार की तरह कांग्रेस को उनकी योजनाओं के सहारे जीत नहीं मिली और न ही अथाह 'पिंक प्रचार' (महिला केंद्रित) काम आया।''
3 Dec 2023, 10:59:49 PM IST
कौन बनेगा राजस्थान का नया CM
राजस्थान में कांग्रेस की हार औऱ बीजेपी की जीत हुई है। अब सबकी नजर इश बात पर टिकी है कि आखिर राजस्थान का नया सीएम कौन होगा। इस बीच गजेंद्र सिंह शेखावत को दिल्ली भी बुलाया गया है। राजस्थान के नए सीएम की रेस में वसुंधरा राजे के अलावा बालकनाथ, दीया कुमारी के नाम भी शामिल हैं। हालांकि, बीजेपी अभी राजस्थान सीएम के चेहरे पर विचार करेगी और हो सकता है कि जल्द ही इसका ऐलान कर दिया जाए।
3 Dec 2023, 10:43:44 PM IST
शांति धारीवाल और टीकाराम जूली जीते चुनाव
राजस्थान चुनाव में शांति धारीवाल और टीकाराम जूली चुनाव जीते हैं। कांग्रेस पार्टी की हार के बाद सीएम गहलोत ने अपना इस्तीफा राज्यपाल कलराज मिश्र को सौंप दिया है। बीजेपी की इस शानदार जीत पर राजस्थान बीजेपी के प्रभारी अरुण सिंह ने कहा कि राजस्थान में पीएम मोदी के नेतृत्व में विकास होगा। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह के कुशल नेतृत्व में समय-समय पर राजस्थान को मार्ग दर्शन मिला। इसके लिए उन्होंने केंद्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ में भी श्री मोदी के नेतृत्व में विजय हासिल हुई और वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में भी पार्टी राजस्थान की सभी 25 सीटें जीतेगी। राजस्थान में अब बीजेपी जल्द नये सीएम चेहरे का ऐलान कर सकती है।
3 Dec 2023, 10:28:14 PM IST
जनता में उत्साह की वजह से मिला बहुमत - अरुण सिंह
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राजस्थान प्रभारी अरुण सिंह ने कहा है कि विधानसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रदेश में हुई जनसभाओं से जनता में उत्साह के कारण प्रदेश में पार्टी को स्पष्ट बहुमत मिला है। अरुण सिंह ने आज यहां चुनाव परिणाम के बाद मीडिया से बात करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि चुनाव में प्रदेश की जनता ने भरपूर सहयोग दिया। उन्होंने पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं एवं जनता का आभार जताते हुए कहा कि पीएम मोदी की राजस्थान में हुई जनसभाओं में उन्हे सुनने के लिए जिस तरह जनता उमड़ रही थी उसे देखकर ही स्पष्ट हो गया था कि पार्टी को बहुमत मिलेगा।
3 Dec 2023, 10:03:43 PM IST
राजस्थान में 8 निर्दलीय उम्मीदवार जीते
राजस्थान विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के चार बागियों सहित कुल आठ निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है। भाजपा के बागी चंद्रभान आक्या चित्तौड़गढ़ सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में जीते हैं। भाजपा ने चित्तौड़गढ़ से आक्या का टिकट काटकर पूर्व उपराष्ट्रपति भैरों सिंह शेखावत के दामाद नरपत सिंह राजवी को उम्मीदवार बनाया था। भाजपा के बागी रविंद्र सिंह भाटी ने शिव विधानसभा सीट पर कांग्रेस के बागी और निर्दलीय उम्मीदवार फतेह खान को 3,950 वोटों के अंतर से हराकर जीत दर्ज की। इसी तरह डीडवाना सीट पर पूर्व मंत्री यूनुस खान 92,392 वोटों से जीते। भाजपा की एक अन्य बागी रितु बनावत ने बयाना सीट पर 40,642 वोटों के अंतर से जीत हासिल की।
3 Dec 2023, 09:50:54 PM IST
Rajasthan Election Result : डिंडवाना में जीत कर क्या बोले निर्दलीय प्रत्याशी
डिंडवाना विधानसभा सीट से जीत हासिल करने वाले निर्दलीय प्रत्याशी यूनुस खान ने कहा, 'यह डिंडवाना के विकास, भरोसे, सम्मान औऱ प्यार की जीत है। मैं उन प्रत्याशियों का भी धन्यवाद देता हूं जो जीत नहीं सके लेकिन शांतिपूर्ण तरीके से मतदान होने दिया। मैं डिंडवाना के लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरना चाहूंगा। मैं डिंडवाना के हक की लडा़ई के लिए लड़ता रहूंगा।'
3 Dec 2023, 09:35:39 PM IST
JJP किसी भी सीट पर चुनाव नहीं जीत सकी
राजस्थान में जननायक जनता पार्टी (JJP) ने 19 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारे थे। पार्टी को किसी भी सीट पर जीत नहीं मिली है। इसपर दुष्यंत चौटाला ने कहा कि वो जनता के फैसले को स्वीका करते हैं और भविष्य में पार्टी राज्य में खुद को मजबूत करने पर काम करेगी। इसी के साथ दुष्यंत चौटाला ने भगवा पार्टी को मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में जीत की बधाई भी दी है।
3 Dec 2023, 09:12:32 PM IST
ये मोदी के विजन की जीत, बोले राज्यवर्धन सिंह राठौड़
राजस्थान विधानसभा चुनाव में झोटवाड़ा विधानसभा क्षेत्र से चुनाव जीतने के बाद सांसद राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने कहा है कि इस चुनाव में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन की जीत हुई हैं। राठौड़ ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि इस चुनाव में लोगों ने श्री मोदी की नीतियों में विश्वास व्यक्त किया और भाजपा को अपना मत दिया हैं। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार का ना तो कोई विजन था और न ही को नीति, सरकार ने केवल राज्य में लूट मचा रखी थी और जन समस्याओं की तरफ कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा था। इसी का नतीजा है कि जनता ने कांग्रेस सरकार को इन चुनावों में नकार दिया।
3 Dec 2023, 09:00:26 PM IST
भाजपा की जीत 24 में हैट्रिक की गारंटी - मोदी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने तीन राज्यों मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत को ऐतिहासिक बताते हुये रविवार को कहा कि यह जीत सबका साथ, सबका विकास की भावना की जीत है और भ्रष्टाचारी सरकारें पराजित हुयी हैं। उन्होंने इस जीत को 2024 में हैट्रिक की गारंटी भी करार दिया।
3 Dec 2023, 08:45:08 PM IST
जयपुर में चुने जाएंगे विधायक दल के नेता
हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राजस्थान विधानसभा चुनाव की मतगणना के दृष्टिगत अखिल भारतीय कांग्रेसं कमेटी की ओर से बतौर पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने दूरभाष पर हुई बातचीत में राजस्थान में 16 वी विधानसभा के चुनाव परिणाम आने के बाद कहा कि पांच दिसंबर को कांग्रेस पार्टी के सभी विधायकों की एक बैठक जयपुर में बुलाई गई है। इस बैठक में विधायक दल का नेता चुन लिया जाएगा। एक सवाल के जवाब में हुड्डा ने राजस्थान में चुनाव परिणाम के बाद सांठगांठ कर कांग्रेस पार्टी की सरकार बनाने से साफ इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि राजस्थान में कांग्रेस शासन के चलते अनेक कल्याणकारी योजनाएं जनता को दी। जिसमें मुख्यमंत्री चिरंजीवी योजना जैसी गरीब है मध्यम वर्ग के लोगों के लिए बेहद ही लाभदायक योजना थी जिसका राजस्थान प्रदेश के लोगों ने खूब फायदा उठाया। बावजूद इसके जनादेश कांग्रेस पार्टी के पक्ष में नही आया ।जनादेश को स्वीकार करते हुए कांग्रेस हार के कारणों की समीक्षा करेगी।
3 Dec 2023, 08:06:31 PM IST
बीजेपी के सांसद जीते
राजस्थान विधानसभा चुनाव में उतरे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सात में से तीन सांसद जीते और तीन हार गए। राज्य की 199-विधानसभा सीट के लिए हुए चुनाव में रविवार को मतों की गिनती हुई, जिसमें भाजपा की लोकसभा सदस्य दीया कुमारी (विद्याधर नगर), राज्यवर्धन राठौड़ (झोटवाड़ा), बाबा बालक नाथ (तिजारा) विजेता घोषित किए गए।
3 Dec 2023, 07:17:56 PM IST
राजस्थान में बीजेपी को पूर्ण बहुमत
राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 की मतगणना में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अब तक प्राप्त परिणामों में 109 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत प्राप्त कर लिया है। मतगणना में अब तक प्राप्त 181 नतीजों में भाजपा ने 109 , कांग्रेस ने 61 , भारतीय आदिवासी पार्टी ने तीन , बहुजन समाज पार्टी (बसपा) दो , राष्ट्रीय लोकदल एक तथा जबकि पांच नर्दिलीय प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है।
3 Dec 2023, 06:59:52 PM IST
अशोक गहलोत का इस्तीफा मंजूर
राजस्थान विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की हार के बाद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने रविवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। गहलोत रविवार शाम राजभवन पहुंचे और राज्यपाल कलराज मिश्र को मुख्यमंत्री पद से अपना त्यागपत्र सौंपा। राजभवन के बयान के अनुसार, राज्यपाल मिश्र ने तत्काल प्रभाव से त्यागपत्र स्वीकार करते हुए उनसे राज्य में नई सरकार के गठन तक कार्य करते रहने का आग्रह किया। उल्लेखनीय है कि विधानसभा चुनाव में राज्य की 200 में से 199 सीट पर मतदान हुआ है। जिसके परिणाम रविवार को आए। भारतीय जनता पार्टी को 106 सीट पर जीत के साथ स्पष्ट बहुमत मिल गया है। शाम 6:45 बजे तक नौ सीट पर उसके उम्मीदवार आगे चल रहे हैं। यानी कुल आंकड़ा 115 तक पहुंचता नजर आ रहा है। वहीं कांग्रेस 69 सीट पर सिमटी दिख रही है। 60 सीट पर उसके उम्मीदवार जीत चुके हैं जबकि नौ पर आगे हैं।
3 Dec 2023, 06:53:10 PM IST
राजस्थान में बीजेपी की झोली में आईं कितनी सीटें, देखें
निर्वाचन आयोग के अनुसार राजस्थान विधानसभा चुनाव में शाम 6.30 बजे तक के आंकड़ों के मुताबिक भाजपा ने 102 सीट पर जीत दर्ज की है और 13 सीट पर आगे है। कांग्रेस 58 सीट पर जीत दर्ज करके 11 सीट पर आगे है। राज्य विधानसभा की 200 में से 199 सीट के लिए चुनाव हुए हैं। दलवार स्थिति इस प्रकार है-
पार्टी आगे जीत कुल
भाजपा 13 102 115
कांग्रेस 11 58 69
निर्दलीय 04 04 08
अन्य 05 02 07
3 Dec 2023, 06:43:49 PM IST
इस्तीफ सौंपने पहुंचे अशोक गहलोत
राजस्थान में कांग्रेस पार्टी की हुई हार के बाद अशोक गहलोत अपना इस्तीफा सौंपने के लिए राज्यपाल के पास पहुंचे थे। यहां उन्होंने अपना इस्तीफा सौंप दिया है।
3 Dec 2023, 06:32:44 PM IST
गोविंद सिंह डोटासरा जीते
राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 में लक्ष्मणगढ़ विधानसभा सीट से कांग्रेस के प्रत्याशी एवं प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा विजयी रहे। डोटासरा ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सुभाष महरिया को 18 हजार 970 मतों से हराया। डोटासरा को एक लाख 13 हजार 304 मत मिले जबकि महरिया को 94 हजार 334 मत मिले। यह सीट कांग्रेस से बरकरार रखी है।
3 Dec 2023, 06:16:32 PM IST
कांग्रेस की हार पर क्या बोले राहुल गांधी...
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने रविवार को कहा कि वह मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान का जनादेश विनम्रतापूर्वक स्वीकार करते हैं तथा विचारधारा की लड़ाई जारी रखेंगे। राहुल गांधी ने 'एक्स' पर पोस्ट किया, ''मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान का जनादेश हम विनम्रतापूर्वक स्वीकार करते हैं, विचारधारा की लड़ाई जारी रहेगी। तेलंगाना के लोगों को मेरा बहुत धन्यवाद। 'प्रजाला तेलंगाना' बनाने का वादा हम ज़रूर पूरा करेंगे। सभी कार्यकर्ताओं को उनकी मेहनत और समर्थन के लिए दिल से शुक्रिया।''
3 Dec 2023, 06:01:53 PM IST
गिर्राज सिंह मलिंगा चुनाव हारे
भारतीय जनता पार्टी की टिकट पर चुनाव लड़ने वाले कांग्रेस विधायक गिर्राज सिंह मलिंगा चुनाव हार गए हैं। बाड़ी विधानसभा सीट पर मलिंगा को बहुजन समाज पार्टी के उम्मीदवार जसवंत सिंह गुर्जर से 27424 मतों के अंतर से पराजित किया । गुर्जर को 106060 मत प्राप्त हुये और उन्हें विजेता घोषित किया गया।
3 Dec 2023, 05:43:11 PM IST
Rajasthan Chunav Results 2023 Live : राजस्थान में BJP की बड़ी जीत के बाद गजेंद्र शेखावत को दिल्ली बुलाया गया
Rajasthan Chunav Results 2023 Live : राजस्थान विधानसभा चुनाव में भाजपा की बड़ी जीत के बाद केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत को दिल्ली बुलाया गया। मुख्यमंत्री के नाम पर चर्चा हो सकती है।
3 Dec 2023, 05:40:46 PM IST
Rajasthan Chunav Results 2023 Live : भाजपा सांसद और उम्मीदवार दीया कुमारी ने 71 हजार वोट से जीतीं
Rajasthan Chunav Results 2023 Live : राजस्थान की विद्याधर नगर सीट से भाजपा सांसद और उम्मीदवार दीया कुमारी ने 71,368 वोटों के अंतर से जीत हासिल की, उन्हें कुल 1,58,516 वोट मिले।
3 Dec 2023, 05:39:05 PM IST
Rajasthan Chunav Results 2023 Live : राजेंद्र राठौड़ बोले- राजस्थान में वही जनादेश मिला है जिसकी उम्मीद थी।
Rajasthan Chunav Results 2023 Live : राजस्थान विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौर ने कहा कि राजस्थान में वही जनादेश मिला है जिसकी उम्मीद थी। कांग्रेस के कुराज का सफाया होना तय था। तीनों प्रदेशों में दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों पर मुहर लगी है।
3 Dec 2023, 05:38:06 PM IST
Rajasthan Chunav Results 2023 Live : गजेंद्र शेखावत बोले- राजस्थान की जनता की आशाओं पर हम खरा उतरने की कोशिश करेंगे
Rajasthan Chunav Results 2023 Live : केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों, उनके द्वारा किए कार्य, उनके द्वारा दिया गया भ्रष्टाचार मुक्त शासन और उन पर जनता के अटूट भरोसे के कारण राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भाजपा की प्रचंड बहुमत की सरकार बनी है। राजस्थान की जनता की आशाओं पर हम खरा उतरने की कोशिश करेंगे।
3 Dec 2023, 05:36:35 PM IST
Rajasthan Chunav Results 2023 Live : राजस्थान में दलित और आदिवासी वोट बैंक निर्णायक भूमिका निभाता है
Rajasthan Chunav Results 2023 Live : राजस्थान में हर पांच साल में सरकार बीजेपी और कांग्रेस के बीच बदलती रहती है और दलित और आदिवासी वोट बैंक निर्णायक भूमिका निभाता है। इस चुनाव में एससी की 34 सीटों में से बीजेपी को 22, कांग्रेस को 11 और एक सीट निर्दलीय ने जीतीं। इसी तरह 25 एसटी सीटों में से बीजेपी ने 12, कांग्रेस ने 10 और बीएपी ने 3 सीटें जीतीं।
3 Dec 2023, 05:35:07 PM IST
Rajasthan Chunav Results 2023 Live : बीजेपी ने कांग्रेस के पारंपरिक वोट बैंक एससी/एसटी में सेंध लगाई
Rajasthan Chunav Results 2023 Live : राजस्थान विधानसभा चुनाव में भाजपा ने एससी और एसटी समुदाय के पारंपरिक वोट बैंक में सेंध लगाकर कांग्रेस को बड़ी सेंध लगा दी। ऐसा माना जाता है कि जो पार्टी सबसे ज्यादा आरक्षित सीटें जीतती है, वही राजस्थान में सरकार बनाती है। राज्य की 200 विधानसभा सीटों में से 59 सीटें अनुसूचित जाति (34) और अनुसूचित जनजाति (25) के लिए आरक्षित हैं।
3 Dec 2023, 05:07:49 PM IST
Rajasthan Chunav Results 2023 Live : देखें पति-पत्नी के मुकाबले वाली दांतारामगढ़ सीट पर किसकी हुई जीत
Rajasthan Chunav Results 2023 Live : राजस्थान के सीकर जिले की दांतारामगढ़ विधानसभा सीट पर इस बार बेहद दिलचस्प चुनावी मुकाबला देखने को मिला। दांतारामगढ़ से कांग्रेस के मौजूदा विधायक वीरेंद्र सिंह ने भाजपा के गजानंद कुमावत को करीब 8 हजार वोटों के अंतर से हराकर शानदार जीत अपने नाम की है। वीरेंद्र सिंह की पत्नी और JJP प्रत्याशी रीटा सिंह चौधरी को महज 1567 वोट मिले हैं।
3 Dec 2023, 04:35:43 PM IST
Rajasthan Chunav Results 2023 Live : कोटा उत्तर सीट पर कांग्रेस के शांति धारीवाल चुनाव जीते
Rajasthan Chunav Results 2023 Live : राजस्थान की कोटा उत्तर सीट से चुनाव लड़ रहे कांग्रेस प्रत्याशी और अशोक गहलोत सरकार में मंत्री शांति धारीवाल चुनाव जीत गए हैं। धारीवाल ने भाजपा प्रत्याशी प्रहृलाद गुंजल को 2486 वोटों से हराकर चुनाव जीत लिया है। 20 राउंड तक चली मतगणना में शांति धारीवाल भी कई बार आगे-पीछे होते रहे और अंत में जीत दर्ज कर ली। शांति धारीवाल 94899 वोट लेकर विजयी हुए, जबकि गुंजल को 92413 वोटों से संतोष करना पड़ा है।