
राजस्थान में ऊंट तस्करी के आरोपी को नंगा कर पीटा; पिकअप में ठूंस-ठूंस कर भरे थे पशु
राजस्थान के बहरोड़ इलाके में ऊंटों से भरे एक पिकअप ट्रक को गौरक्षकों के एक समूह ने रोक दिया। गौरक्षक दल ने पिकअप चालक को पकड़ लिया। मौके पर जमा भीड़ ने पिकअप चालक की पिटाई कर दी। विस्तृत जानकारी के लिए पढ़ें यह रिपोर्ट…
राजस्थान के बहरोड़ इलाके में ऊंट की तस्करी का एक मामला सामने आया है। ऊंटों से भरे एक पिकअप ट्रक को रोकने पर लोगों के एक समूह ने एक शख्स की जमकर पिटाई कर दी। लोगों ने पिकअप के साथ मौजूद शख्स को नंगा कर दिया और कान पकड़वा कर उससे माफी मंगवाई। घटना जयपुर-दिल्ली नेशनल हाईवे पर शेरपुर गांव के पास हुई।

पीटीआई-भाषा की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस को सूचना मिली थी कि ऊंटों को ले जा रहे हरियाणा में रजिस्टर्ड पिकअप ट्रक को गौरक्षकों ने रोक लिया है। लोगों का आरोप है कि ऊंटों को वध के लिए तस्करी करके ले हरियाणा ले जाया जा रहा था।
बताया जाता है कि जब पुलिस जब मौके पर पहुंची तो उन्होंने पिकअप वाहन में 8 ऊंट ठूंस-ठूंस कर भरे हुए देखे। इनमें से एक के मुंह से खून बह रहा था। पिकअप ट्रक को जाहिद (30) नाम का शख्स चला रहा था। गौरक्षकों ने पिकअप वाहन को एनएच-48 पर रोका और ड्राइवर को पकड़ लिया था।
वहीं एनडीटीवी इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, गुस्साई भीड़ ने पिकअप चलाक के कपड़े उतरवाए और नंगा कर उसके साथ मारपीट की। भीड़ ने शख्स को कान पकड़वा कर उससे माफी भी मंगवाई। मौके पर पहुंची पुलिस ने पिकअप वाहन को जब्त कर लिया। पुलिस तस्करी के इस कथित मामले में शामिल अन्य लोगों का पता लगा रही है।
आरोपी जाहिद ने पुलिस को बताया कि उसने पुष्कर मेले से ऊंट खरीदे थे। आरोपी ऊंटों को लेकर हरियाणा के मेवात क्षेत्र के सलम्बा जा रहा था। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ऊंटों की तस्करी के आरोपों की जांच की जा रही है। वहीं गौरक्षकों ने बताया कि उनको ऊंटों की तस्करी के इनपुट मिले थे जिनके आधार पर उन्होंने पिकअप को रोका।





