Rajasthan Budget 2026 Update : राजस्थान विधानसभा में आज वित्त मंत्री दीया कुमारी ने भजनलाल सरकार का तीसरा और प्रदेश के इतिहास का सबसे बड़ा बजट (₹21.52 लाख करोड़) पेश किया है। 'भगवा बैग' से निकले इस पिटारे में युवाओं, महिलाओं और मरीजों के लिए कई क्रांतिकारी घोषणाएं की गई हैं। सरकार ने 1 लाख नई सरकारी भर्तियों का ऐलान कर युवाओं को बड़ी राहत दी है, वहीं पेपर लीक पर लगाम कसने के लिए NTA की तर्ज पर 'राजस्थान स्टेट टेस्टिंग एजेंसी' बनाने का फैसला लिया है।
स्वास्थ्य क्षेत्र में 'राइट टू हेल्थ' की भावना को आगे बढ़ाते हुए यह बड़ा निर्णय लिया गया है कि अब दस्तावेज न होने पर भी किसी मरीज को मुफ्त इलाज से मना नहीं किया जाएगा। साथ ही, सड़क हादसों में जान बचाने के लिए अब ड्राइविंग लाइसेंस (DL) बनवाने हेतु CPR ट्रेनिंग अनिवार्य कर दी गई है। ई-मित्र की सेवाएं वॉट्सऐप पर लाने से लेकर लखपति दीदी के लिए ऋण सीमा 1.5 लाख रुपये करने तक… लाइव हिंदुस्तान के साथ पढ़िए बजट भाषण की हर बड़ी घोषणा और उसका आप पर असर।
Rajasthan Budget 2026 Top Highlights: राजस्थान बजट की खास बातें
- बजट का आकार: 21 लाख 52 हजार 100 करोड़ रुपये (पिछले साल से 41% ज्यादा)।
- युवा: 1 लाख सरकारी नौकरियां और मेधावी छात्रों को टैबलेट के लिए 20,000 रुपये।
- हेल्थ: दस्तावेज नहीं होने पर भी अस्पतालों में मिलेगा मुफ्त इलाज।
- सड़क सुरक्षा: ड्राइविंग लाइसेंस के लिए CPR ट्रेनिंग अनिवार्य, हर हाईवे पर एम्बुलेंस।
- सुविधा: ई-मित्र की 100 सेवाएं अब सीधे WhatsApp पर मिलेंगी।
11 Feb 2026, 02:02:54 PM IST
Rajasthan Budget 2026: घर बैठे होगी प्रॉपर्टी की रजिस्ट्री, दफ्तरों के चक्कर खत्म
'ईज़ ऑफ डूइंग बिजनेस' और पारदर्शिता बढ़ाने के लिए जमीन-जायदाद के रजिस्ट्रेशन नियमों में क्रांतिकारी बदलाव किया गया है। अब 'ई-रजिस्ट्रेशन' और 'एनीव्हेयर रजिस्ट्रेशन' की सुविधा मिलेगी, यानी आप घर बैठे या किसी भी दफ्तर से प्रॉपर्टी रजिस्टर करवा सकेंगे। प्रदेश के सभी 106 सब रजिस्ट्रार ऑफिस को हाई-टेक 'मॉडल ऑफिस' बनाया जाएगा। रजिस्ट्रेशन से जुड़ी अपीलों का निपटारा अब अधिकतम 60 दिनों में करना अनिवार्य होगा, जिससे पेंडिंग मामलों में कमी आएगी।
11 Feb 2026, 02:01:59 PM IST
Rajasthan Budget 2026: दूसरे राज्यों से गाड़ी लाना हुआ सस्ता, स्टैंप ड्यूटी में बड़ी कटौती
आम जनता और वाहन मालिकों को बड़ी राहत देते हुए वित्त मंत्री ने टैक्स ढांचे में बदलाव किया है। अगर आप किसी अन्य राज्य से निजी वाहन (कार/बाइक) खरीदकर राजस्थान में रजिस्टर करवाते हैं, तो अब रजिस्ट्रेशन टैक्स में 50% की छूट मिलेगी (पहले यह 25% थी)। इसके अलावा, लोन लेना अब सस्ता होगा क्योंकि सभी प्रकार के ऋण दस्तावेजों पर स्टैंप ड्यूटी घटाकर 0.125% (अधिकतम 10 लाख रुपये) और रजिस्ट्रेशन फीस 1% से घटाकर 0.5% कर दी गई है। वहीं, पर्यावरण संरक्षण के लिए 15 साल पुराने निजी वाहनों और 6 साल पुराने कमर्शियल वाहनों पर 'ग्रीन टैक्स' की दरें रिवाइज की जाएंगी।
11 Feb 2026, 02:01:21 PM IST
Rajasthan Budget 2026: नहरी किसानों का ब्याज माफ
उपनिवेशन क्षेत्रों के किसानों के लिए सरकार ने 'एकमुश्त समाधान योजना' (OTS) का ऐलान किया है। अगर किसान अपनी बकाया राशि 1 अप्रैल 2026 से 10 सितंबर 2026 के बीच जमा करवाते हैं, तो उनका 100% ब्याज माफ कर दिया जाएगा। यह घोषणा नहरी क्षेत्र के उन हजारों किसानों के लिए बड़ी राहत है जो लंबे समय से कर्ज और ब्याज के बोझ तले दबे थे
11 Feb 2026, 01:57:47 PM IST
Rajasthan Budget 2026: किसानों की तारबंदी और मशीनों पर भारी सब्सिडी
आवारा पशुओं से फसल बचाने के लिए अब किसानों को और आसानी से मदद मिलेगी। कम्युनिटी फेसिंग के लिए किसानों के समूह की न्यूनतम संख्या 10 से घटाकर 7 कर दी गई है और इसके लिए 228 करोड़ रुपये का अनुदान दिया जाएगा। वहीं, जिन किसानों के पास महंगी मशीनें नहीं हैं, उनके लिए 500 नए 'कस्टम हायरिंग सेंटर' खोले जाएंगे, जहां से वे किराए पर आधुनिक कृषि यंत्र ले सकेंगे। कृषि यंत्रों की खरीद पर भी 160 करोड़ रुपये की सब्सिडी दी जाएगी
11 Feb 2026, 01:55:52 PM IST
Rajasthan Budget: नीति आयोग की तर्ज पर राजस्थान में बनेगा 'RITI'
भजनलाल सरकार ने राजस्थान के नीति निर्धारण ढांचे में बड़ा बदलाव किया है। केंद्र के नीति आयोग की तर्ज पर अब प्रदेश में 'राजस्थान इंस्टीट्यूट फॉर ट्रांसफॉर्मेशन एंड इनोवेशन' (RITI) का गठन किया जाएगा, जिसके लिए 10 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है। साथ ही, मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) में डेटा और पॉलिसी रिसर्च के लिए एक विशेष यूनिट 'PRAMAAN' स्थापित होगी, जो सरकारी योजनाओं की निगरानी एआई और डेटा के जरिए करेगी।
11 Feb 2026, 01:55:13 PM IST
Rajasthan Budget 2026 Update: 'डिजिटल अरेस्ट' से बचाने के लिए बनेगा नया सेंटर
साइबर ठगों द्वारा किए जा रहे 'डिजिटल अरेस्ट' और ऑनलाइन फ्रॉड से जनता को बचाने के लिए सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। प्रदेश में R4C (Rajasthan Cyber Crime Control Centre) की स्थापना की जाएगी, जो साइबर अपराधियों पर नकेल कसने का काम करेगा। इसके अलावा, जेल सुधारों के तहत जयपुर, जोधपुर, अलवर और उदयपुर में 1,200 करोड़ की लागत से नई अत्याधुनिक सेंट्रल जेलें बनाई जाएंगी और होमगार्ड्स के 5,000 नए पद सृजित किए जाएंगे।
11 Feb 2026, 01:49:05 PM IST
Rajasthan Budget 2026 LIVE Update:सरकारी कर्मचारियों को बड़ी सौगात
राज्य के लाखों कर्मचारियों की निगाहें जिस घोषणा पर टिकी थीं, उस पर सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। भविष्य में 8वें वेतन आयोग (8th Pay Commission) की सिफारिशों को लागू करने और वेतन विसंगतियों को दूर करने के लिए एक 'हाई पावर कमेटी' बनाने का ऐलान किया गया है। इसके साथ ही, कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए एक विशेष 'सैलरी अकाउंट पैकेज' लाया जाएगा, जिसमें उन्हें सस्ती दरों पर लोन, डिजिटल बैंकिंग और 70 वर्ष की उम्र तक एक्सीडेंटल बीमा कवर जैसी सुविधाएं मिलेंगी।
11 Feb 2026, 01:48:17 PM IST
Rajasthan Budget 2026 LIVE: बजट में किसानों के लिए क्या?
किसानों के लिए वित्त मंत्री ने राहतों की झड़ी लगा दी है। राज्य के 35 लाख किसानों को 25,000 करोड़ रुपये के ब्याज मुक्त अल्पकालीन फसली लोन देने का लक्ष्य रखा गया है, जिस पर सरकार 800 करोड़ रुपये की सब्सिडी देगी। इसके अलावा, 2.5 लाख किसानों को दलहनी और तिलहनी फसलों के उन्नत बीज मुफ्त दिए जाएंगे, जिस पर 135 करोड़ रुपये खर्च होंगे। खेती की लागत कम करने के लिए हर ग्राम पंचायत में 'वर्मी कंपोस्ट यूनिट' भी स्थापित की जाएगी।
11 Feb 2026, 01:45:03 PM IST
Rajasthan Budget 2026: अरावली को बचाने के लिए बनेगा 'सुरक्षा कवच'
राजस्थान की लाइफलाइन कही जाने वाली अरावली पर्वतमाला को अवैध खनन और अतिक्रमण से बचाने के लिए सरकार ने एक बड़ा 'इकोलॉजिकल प्रोजेक्ट' घोषित किया है। अरावली की लगभग 4,000 हेक्टेयर क्षतिग्रस्त भूमि को फिर से हरा-भरा बनाया जाएगा और अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए पक्की सुरक्षा दीवार बनाई जाएगी। पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए यहां विदेशी पेड़ों के बजाय स्थानीय प्रजातियों के पौधे लगाए जाएंगे, जिससे इको-टूरिज्म को भी बढ़ावा मिलेगा।
11 Feb 2026, 01:29:10 PM IST
Rajasthan Budget 2026 LIVE Update: मजदूरों के लिए 'श्रम सेतु' ऐप और पायलट ट्रेनिंग
मजदूरों और युवाओं के कौशल विकास के लिए भी अहम घोषणाएं हुई हैं। दिहाड़ी मजदूरों के लिए 'श्रम सेतु मोबाइल ऐप' लॉन्च होगा, जो एक डिजिटल लेबर चौक की तरह काम करेगा, जहां वे घर बैठे काम पा सकेंगे। वहीं, एविएशन सेक्टर में युवाओं को करियर बनाने का मौका देने के लिए सवाई माधोपुर और बांसवाड़ा में 'फ्लाइंग ट्रेनिंग ऑर्गनाइजेशन' (पायलट ट्रेनिंग सेंटर) स्थापित किए जाएंगे, जिससे राजस्थान पायलट ट्रेनिंग का हब बन सकेगा।
11 Feb 2026, 01:21:03 PM IST
Rajasthan Budget 2026 LIVE: बिना दस्तावेज भी मिलेगा मुफ्त इलाज
स्वास्थ्य के क्षेत्र में 'राइट टू हेल्थ' की भावना को आगे बढ़ाते हुए सरकार ने घोषणा की है कि अगर किसी पात्र परिवार के पास मौके पर जन आधार या अन्य दस्तावेज नहीं हैं, तो भी उन्हें 'मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना' के तहत मुफ्त इलाज से मना नहीं किया जाएगा। ऐसे परिवारों की पहचान बाद में कर ली जाएगी। इलाज के दौरान अस्पताल में रुकने वाले परिजनों की समस्या को समझते हुए मेडिकल कॉलेजों में 500 करोड़ की लागत से हाई-टेक शेल्टर होम और सस्ता खाना देने के लिए 'अटल आरोग्य फूड कोर्ट' बनाए जाएंगे।
11 Feb 2026, 01:12:20 PM IST
Rajasthan Budget 2026 LIVE Update : 'लखपति दीदी' को अब 1.5 लाख का लोन
BPO महिला सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा ऐलान करते हुए वित्त मंत्री ने 'लखपति दीदी' योजना के तहत ब्याज मुक्त या कम ब्याज वाले लोन की सीमा 1 लाख रुपये से बढ़ाकर 1.50 लाख रुपये कर दी है। ग्रामीण इलाकों की पढ़ी-लिखी महिलाओं को उनके घर के पास ही रोजगार देने के लिए जिला स्तर पर 'रूरल वूमेन बीपीओ' (Rural Women BPO) खोले जाएंगे, जिस पर सरकार 100 करोड़ रुपये खर्च करेगी। इसके अलावा, जनजाति परिवारों (सहरिया, कथौड़ी) को अब राशन में घी-तेल के बजाय महिला मुखिया के खाते में सीधे 1200 रुपये महीना (DBT) ट्रांसफर किए जाएंगे
11 Feb 2026, 01:11:09 PM IST
Rajasthan Budget 2026 LIVE Update: शेखावाटी की हवेलियों को यूनेस्को टैग
पर्यटन और संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए वित्त मंत्री ने खजाना खोल दिया है। झुंझुनू, चूरू और सीकर की ऐतिहासिक हवेलियों को 'यूनेस्को वर्ल्ड हेरिटेज' सूची में शामिल करवाने के लिए प्रयास किए जाएंगे और उनके जीर्णोद्धार (Facade Improvement) पर 200 करोड़ रुपये खर्च होंगे। वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना के तहत अब 10,000 बुजुर्गों को नेपाल के पशुपतिनाथ मंदिर के हवाई दर्शन भी करवाए जाएंगे। इसके साथ ही सीकर, झुंझुनू और भरतपुर में नए एयरपोर्ट बनाने के लिए फीजिबिलिटी स्टडी शुरू करवाई जाएगी
11 Feb 2026, 01:06:07 PM IST
Rajasthan Budget 2026 LIVE Update: ड्राइविंग लाइसेंस चाहिए तो सीखनी होगी CPR
सड़क हादसों में घायल लोगों की जान बचाने के लिए सरकार ने एक अनोखा नियम लागू करने की घोषणा की है। अब राजस्थान में ड्राइविंग लाइसेंस (DL) बनवाने के लिए सीपीआर (CPR) की ट्रेनिंग लेना अनिवार्य होगा, ताकि हर ड्राइवर आपात स्थिति में किसी की जान बचा सके। इसके अलावा, हादसों के 'गोल्डन ऑवर' में मदद पहुंचाने के लिए हाइवे के रेस्ट एरिया में एम्बुलेंस तैनात की जाएंगी और 'राज सुरक्षा' (RAJ-SURAKSHA) योजना के तहत घायलों को तुरंत कैशलेस इलाज मिलेगा। सरकार 250 नई आधुनिक एम्बुलेंस भी बेड़े में शामिल करेगी।
11 Feb 2026, 12:56:53 PM IST
Rajasthan Budget 2026 LIVE Update: मेंटल हेल्थ पर बड़ा फोकस, स्कूलों में काउंसलिंग
कोटा और अन्य जगहों पर बढ़ते सुसाइड केस और तनाव को देखते हुए सरकार ने मानसिक स्वास्थ्य पर पहली बार इतना बड़ा कदम उठाया है। वित्त मंत्री ने 'राज ममता' (RAJ-MAMTA) कार्यक्रम की घोषणा की है, जिसके तहत डिप्रेशन और चिंता जैसी समस्याओं से निपटने के लिए एक व्यापक अभियान चलाया जाएगा। जयपुर के एसएमएस अस्पताल में 'सेंटर ऑफ एक्सीलेंस इन मेंटल हेल्थ' बनेगा। सबसे अहम बात यह है कि अब सभी हायर सेकेंडरी स्कूलों में हर महीने 'मेंटल हेल्थ काउंसलिंग सेशन' अनिवार्य कर दिया गया है और जिला अस्पतालों में मनोरोग चिकित्सक के साथ-साथ साइकोलॉजिकल काउंसलर भी नियुक्त किए जाएंगे।
11 Feb 2026, 12:52:32 PM IST
Rajasthan Budget: ई-मित्र अब आपके वॉट्सऐप पर, सरकारी दफ्तरों के चक्कर खत्म
डिजिटल क्रांति की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए सरकार ने 'ई-मित्र सेवाओं' को वॉट्सऐप (WhatsApp) पर लाने का ऐलान किया है। अब जाति, मूल निवास और जन्म प्रमाण पत्र जैसी 100 प्रमुख सरकारी सेवाएं लोगों को वॉट्सऐप पर ही मिल सकेंगी। इसके लिए एक नया चैटबॉट और मोबाइल ऐप लॉन्च किया जाएगा, जहां 'Hi' लिखते ही काम शुरू हो जाएगा। साथ ही, शहरी निकायों में 'स्मार्ट सेवा केंद्र' खोले जाएंगे, जहां फायर एनओसी और लाइसेंस जैसे काम एक ही छत के नीचे समयबद्ध तरीके से होंगे। सरकार जल्द ही एक नई 'आईटी पॉलिसी' (IT Policy) भी लाने जा रही है।
11 Feb 2026, 12:40:53 PM IST
Rajasthan Budget 2026 LIVE Update: साइंस और स्पोर्ट्स का डबल डोज
छात्रों में विज्ञान के प्रति रुचि जगाने के लिए जयपुर के साइंस पार्क और जोधपुर के रिमोट सेंसिंग सेंटर में नई 'स्पेस गैलरी' (Space Gallery) बनाई जाएगी। वहीं, खेलों को बढ़ावा देने के लिए ब्लॉक स्तर पर 'चलो राजस्थान गेम्स' शुरू होंगे, जिसके लिए 50 करोड़ रुपये का प्रावधान रखा गया है। राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं और सुविधाओं के विस्तार के लिए कुल 1000 करोड़ रुपये का बजट प्रस्तावित किया गया है, जिससे प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मौका मिलेगा
11 Feb 2026, 12:36:24 PM IST
Rajasthan Budget 2026 LIVE Update : युवाओं को सिखाएंगे जापानी और फ्रेंच भाषा
युवाओं को वैश्विक स्तर पर रोजगार के अवसर दिलाने के लिए सरकार ने स्किल डेवलपमेंट में नया प्रयोग किया है। हॉस्पिटैलिटी और पर्यटन सेक्टर में युवाओं की मांग बढ़ाने के लिए उन्हें अब अंग्रेजी, जापानी, फ्रेंच, जर्मन और कोरियन जैसी विदेशी भाषाओं का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके लिए सरकार पहली बार 'आउटकम बेस्ड स्किल इम्पैक्ट मॉडल' लागू करने जा रही है। साथ ही, अगले सत्र से 500 नए सरकारी स्कूलों में व्यावसायिक शिक्षा (Vocational Education) शुरू की जाएगी, ताकि स्कूली पढ़ाई के साथ ही छात्र हुनरमंद बन सकें।
11 Feb 2026, 12:28:48 PM IST
Rajasthan Budget 2026 LIVE Update : सरकार की ‘जादुई पिटारा’ योजना
आंगनबाड़ी केंद्रों को आधुनिक बनाने के लिए सरकार ने 'जादुई पिटारा' योजना के तहत 323 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया है, जिसमें बच्चों को खेल-कूद की सामग्री दी जाएगी। इस घोषणा के दौरान वित्त मंत्री ने पूर्व सीएम अशोक गहलोत पर सियासी तंज भी कसा। उन्होंने कहा, ‘हमारे पास वो जादू तो नहीं है कि बिना बजट के कुछ भी कह दें, लेकिन यह पिटारा बच्चों के भविष्य के लिए है।’ इसके साथ ही, घुमंतू और बंजारा समुदाय के बच्चों तक शिक्षा पहुंचाने के लिए हर जिले में 'स्कूल ऑन व्हील्स' यानी चलते-फिरते स्कूल शुरू किए जाएंगे।
11 Feb 2026, 12:21:10 PM IST
Rajasthan Budget 2026 LIVE Update : सैनिकों के सम्मान में 'सैनिक परिसर' और कौशल केंद्र
राजस्थान की वीर धरा और सैनिकों के बलिदान को सम्मान देते हुए वित्त मंत्री ने बड़ी घोषणा की है। प्रदेश के जोधपुर, टोंक, शेरगढ़, फलोदी, खैरथल, ब्यावर, झुंझुनू और श्रीगंगानगर में 'इंटीग्रेटेड सैनिक परिसर' (Integrated Sainik Parisar) स्थापित किए जाएंगे। इन परिसरों में सेवारत सैनिकों, पूर्व सैनिकों और वीरांगनाओं को एक ही छत के नीचे तमाम सुविधाएं मिल सकेंगी। इसके अलावा, पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करवाने के लिए जोधपुर में 'मेजर शैतान सिंह कौशल विकास एवं प्रशिक्षण केंद्र' खोलने का भी ऐलान किया गया है, ताकि वे रिटायरमेंट के बाद भी सम्मानजनक रोजगार पा सकें
11 Feb 2026, 12:15:07 PM IST
Rajsthan Budget 2026 LIVE: छात्रों को मिलेगा फ्री लैपटॉप और टैबलेट
10वीं और 12वीं कक्षा के मेधावी छात्रों को टैबलेट/लैपटॉप खरीदने के लिए 20,000 रुपये का ई-वाउचर दिया जाएगा। हर जिले में 'स्कूल ऑन व्हील्स' (चलता-फिरता स्कूल) शुरू होगा, जो घुमंतू और मजदूरों के बच्चों को शिक्षा देगा
11 Feb 2026, 12:14:19 PM IST
Rajsthan Budget 2026 LIVE: राजस्थान में बनेगी अलग टेस्टिंग एजेंसी
'स्टेट टेस्टिंग एजेंसी' और फ्री टैबलेट पेपर लीक रोकने और परीक्षाओं में पारदर्शिता लाने के लिए वित्त मंत्री ने बड़ा कदम उठाया है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की तर्ज पर अब राजस्थान अपनी खुद की 'स्टेट टेस्टिंग एजेंसी' बनाएगा। इसके लिए ऑनलाइन टेस्टिंग सेंटर भी बनाए जाएंगे।
11 Feb 2026, 12:05:44 PM IST
Rajsthan Budget 2026 LIVE: जयपुर और शहरों के लिए खुला खजाना
राजधानी जयपुर के विकास के लिए ₹1000 करोड़ का विशेष फंड घोषित किया गया है। इसके अलावा जयपुर में नालों और ड्रेनेज के लिए 500 करोड़ रुपये और अजमेर के लिए 200 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। राज्य के सभी निकायों में 4 लाख नई स्ट्रीट लाइटें लगेंगी।
11 Feb 2026, 11:57:17 AM IST
Rajsthan Budget 2026 LIVE: ऊर्जा क्षेत्र में 2 लाख करोड़ रुपये का निवेश
वित्त मंत्री ने राजस्थान को 'ऊर्जा प्रदेश' बनाने का संकल्प लिया है। उन्होंने घोषणा की है कि ऊर्जा क्षेत्र में 2 लाख करोड़ रुपये का निवेश आकर्षित किया जाएगा। सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए 1400 मेगावाट के सोलर प्लांट और 1.30 लाख घरों पर रूफटॉप सोलर लगाने का काम चल रहा है।
11 Feb 2026, 11:55:09 AM IST
Rajasthan Budget 2026 LIVE Update : 24 घंटे पानी के लिए बिछेगी नई पाइपलाइन
जयपुर और टोंक के 1092 गांवों की 20 लाख आबादी तक पानी पहुंचाने के लिए सूरजपुरा से चाकसू तक 650 करोड़ रुपये की नई पाइपलाइन बिछाई जाएगी। वहीं बीकानेर के देशनोक में 24 घंटे पानी देने के लिए 750 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
11 Feb 2026, 11:51:03 AM IST
Rajsthan Budget 2026 LIVE: नई स्टेट वॉटर पॉलिसी
पानी की किल्लत से निपटने के लिए सरकार ने 'राजस्थान स्टेट वॉटर पॉलिसी' लाने का ऐलान किया है। इसके अलावा, पेयजल योजनाओं के रखरखाव (O&M) के लिए जलदाय विभाग में संविदा पर 3000 तकनीकी कर्मचारियों की भर्ती की जाएगी।
11 Feb 2026, 11:48:04 AM IST
Rajsthan Budget 2026 LIVE: 28 लाख परिवारों को मिलेगा पक्का घर
वित्त मंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) को लेकर बड़ी घोषणा की है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 28 लाख परिवारों का सर्वे पूरा कर लिया गया है। सरकार ने लक्ष्य रखा है कि 2029 तक इन सभी पात्र परिवारों को घर बनाने के लिए आर्थिक सहायता दी जाएगी।
11 Feb 2026, 11:47:43 AM IST
Rajsthan Budget 2026: सामाजिक सुरक्षा और किसानों पर फोकस
वित्त मंत्री ने अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि अब तक 91 लाख लोगों को पेंशन (सामाजिक सुरक्षा) दी जा चुकी है, जिस पर 28,400 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। वहीं, किसानों के लिए किसान सम्मान निधि के तहत 10,900 करोड़ रुपये की सहायता राशि वितरित की जा चुकी है।
11 Feb 2026, 11:28:39 AM IST
Rajastha Budget Infra Boost: राजस्थान की सड़कों का होगा कायाकल्प
2000 कैमरे और नए पुल इंफ्रास्ट्रक्चर को लेकर वित्त मंत्री ने खजाना खोल दिया है।
- रोड सेफ्टी: हाईवे और शहरों में 2000 नए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, जिस पर 100 करोड़ रुपये खर्च होंगे। लक्ष्य है सड़क दुर्घटनाओं में 90% की कमी लाना।
- नए पुल: प्रदेश में 15 नए ROB और RUB (रेलवे ओवर ब्रिज/अंडर ब्रिज) बनाए जाएंगे, जिनकी लागत 920 करोड़ रुपये होगी।
- मरम्मत: बारिश से टूटी सड़कों की मरम्मत के लिए ₹500 करोड़ का अलग से प्रावधान किया गया है,।
11 Feb 2026, 11:27:01 AM IST
Rajasthan Budget 2026: आम आदमी की जेब में आएगा ज्यादा पैसा?
दीया कुमारी ने दावा किया है कि राज्य की अर्थव्यवस्था पटरी पर लौट रही है। उन्होंने अनुमान जताया है कि वर्ष 2026-27 में प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय (Per Capita Income) बढ़कर 2.23 लाख रुपये हो जाएगी, जो पहले करीब 1.68 लाख रुपये थी।
11 Feb 2026, 11:24:47 AM IST
बजट में 41% की बढ़ोतरी
वित्त मंत्री ने बताया कि इस बार बजट का कुल आकार 21 लाख 52 हजार 100 करोड़ रुपये रखा गया है। यह पिछले साल के मुकाबले 41.39% अधिक है, जो इसे राजस्थान के इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा बजट बनाता है।
11 Feb 2026, 11:19:43 AM IST
'2026-27 में वित्तीय व्यय 21 लाख 52100 करोड़ अनुमानित'
राजस्थान की वित्त मंत्री दीया कुमारी ने बताया कि कि साल 2026-27 में वित्तीय व्यय 21 लाख 52100 करोड़ अनुमानित है। प्रति व्यक्ति आय भी 167000 से बढ़कर 2 लाख 2349 रुपए तक पहुंच जाएगी।
11 Feb 2026, 11:04:40 AM IST
विधानसभा में बजट पेश कर रहीं वित्त मंत्री
राजस्थान की वित्त मंत्री दीया कुमारी बजट 2026 पेश कर रही हैं।
11 Feb 2026, 11:03:56 AM IST
विधानसभा पहुंचीं बजट की कॉपियां, सुरक्षा चाक-चौबंद
वित्त विभाग के अधिकारियों की देखरेख में बजट दस्तावेजों की कॉपियां विधानसभा परिसर में पहुंच चुकी हैं। बताया जा रहा है कि करीब 225 कॉपियां सदन में लाई गई हैं। स्पीकर वासुदेव देवनानी भी विधानसभा पहुंच चुके हैं। ठीक 11 बजे कार्यवाही शुरू होगी और वित्त मंत्री अपना भाषण पढ़ना शुरू करेंगी।
11 Feb 2026, 11:01:24 AM IST
CM भजनलाल शर्मा विधानसभा पहुंचे
विधानसभा में थोड़ी देर में राजस्थान की वित्त मंत्री दिया कुमारी बजट पेश करेंगी। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा विधानसभा पहुंच चुके हैं। उनके साथ तमाम मंत्री और विधायक भी विधानसभा पहुंचे हैं।
11 Feb 2026, 10:57:45 AM IST
विपक्ष का तीखा हमला- 'उधार लेकर घी पी रही सरकार'
बजट भाषण शुरू होने से पहले ही सियासी पारा चढ़ गया है। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि यह 'जुमलों की बरसात' वाला बजट होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले दो बजट की केवल 26% घोषणाएं ही पूरी हो पाई हैं। कांग्रेस विधायक रोहित बोहरा ने भी तंज कसते हुए कहा कि सरकार कर्ज के बोझ तले दबी है और "उधार लेकर घी पीने" का काम कर रही है।
11 Feb 2026, 10:55:46 AM IST
'ब्राउन' नहीं, इस बार 'भगवा' बैग में आया बजट
सदन में बजट पेश होने से कुछ ही देर पहले एक बड़ा बदलाव देखने को मिला है। वित्त मंत्री दीया कुमारी इस बार पारंपरिक भूरे रंग के लेदर बैग (ब्रीफकेस) के बजाय 'भगवा रंग' के बैग में बजट लेकर पहुंची हैं। वित्त मंत्री आज पूरी तरह राजस्थानी रंग में रंगी नजर आ रही हैं और उन्होंने पारंपरिक 'फागणिया और बंधेज' की साड़ी पहनी हुई है।