
‘पहले उसे मारूंगा, फिर अपनी जान दूंगा’; राजस्थान में युवक ने विवाहिता पर चलाई गोली, फिर खुदकुशी की
पुलिस को शुरुआती जांच में पता चला कि युवक महिला से एकतरफा प्यार करता था और उस पर भी इस रिश्ते में आने के लिए दबाव बना रहा था। वहीं सुसाइड नोट में उसने लिखा कि महिला का पति दोनों के बीच में आ रहा था और उससे मिलने नहीं दे रहा था।
राजस्थान के भरतपुर जिले में एक सिरफिरे युवक ने बुधवार को एकतरफा प्रेम में हैरान करने वाली वारदात को अंजाम दिया। शख्स ने पहले तो एक शादीशुदा महिला पर गोली चला दी और फिर खुद भी सिर पर गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने युवक के शव के पास से एक पर्ची भी बरामद की, जिसमें उसने लिखा था कि वह पहले उस महिला को मार डालेगा और फिर अपनी जान दे देगा, क्योंकि उसका पति उसे विवाहिता से मिलने नहीं दे रहा है।

स्थानीय सर्कल ऑफिसर पंकज यादव ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी युवक का नाम रामबाबू (40) है, जो कि उत्तर प्रदेश का रहने वाला था और महिला के घर के पास किराए के मकान में रह रहा था। आरोपी ने महिला के घर की छत पर पहुंचकर इस वारदात को तब अंजाम दिया, जब वह वहां कपड़े धो रही थी। महिला मथुरा गेट थाना क्षेत्र में रहती है, जबकि आरोपी युवक उसका पड़ोसी था।
पुलिस ने बताया कि आरोपी ने पहले महिला पर गोली चलाई, जो कि उसके हाथ पर जाकर लगी। इसके कुछ ही देर बाद उसने खुद को भी सिर में गोली मारकर खुदकुशी कर ली। पुलिस अधिकारी ने कहा कि, 'शुरुआती जांच में पता चला है कि रामबाबू उस महिला को अपने साथ बातचीत करने व प्रेम संबंध शुरू करने के लिए मजबूर कर रहा था।'
पुलिस के मुताबिक मृत युवक मजदूरी का काम करता था और पहले से शादीशुदा था, हालांकि वह अपनी पत्नी से अलग रह रहा था। उसके पास से मिले एक नोट में उसने लिखा था कि वह महिला को मार डालेगा और अपनी जान दे देगा क्योंकि उसका पति उसे उससे मिलने नहीं दे रहा था। युवक के आत्महत्या करने के बाद पुलिस ने युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया, वहीं घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।





